प्रदूषण का अटैक : खराब AQI ने घोला फिजाओं में जहर, AQI 500 के पार; जानिए देश के मौसम का हाल
दिल्ली की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है. मुंडका में AQI करीब 722, जबकि अलीपुर में 619 दर्ज हुआ. पंजाबी बाग में 490, झिलमिल इंडस्ट्रिय एरिया में 479, जहांगीरपुरी में 462 तक प्रदूषण का स्तर पहुंच गया है. वहीं रोहिणी में 433, सोनिया विहार में 425 और मंदिर मार्ग पर 418 AQI दर्ज हुआ. इस बीच मौसम विभाग ने बुधवार को क्या अलर्ट जारी किया, आइए बताते हैं.
देश की राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण ने लोगों की सांसों पर संकट खड़ा कर दिया है. यहां का प्रदूषण का स्तर अब बेहद खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है. कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 से 700 के पार दर्ज किया जा रहा है. अब इन हालातों में लोगों को सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. दिल्ली से सटे एनसीआर के शहरों में भी प्रदूषण की मार देखने को मिल रही है. नोएडा-गाजियाबाद के अलावा फरीदाबाद और गुरुग्राम तक हवा की क्वालिटी बेहद खराब स्तर पर पहुंच गई है. गुरुग्राम में निर्माण कार्यों पर रोक लगाने के साथ 50% वर्क फ्रॉम होम लागू किया गया है.
दिल्ली में हालात खराब
दिल्ली के हालात इतने गंभीर हैं कि खुली हवा में सांस लेना भी लोगों के लिए दूभर हो रहा है. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ने की संभावना जताई गई है. ऐसे में सवाल है कि आखिर राजधानी को जहरीली हवा से राहत कब मिलेगी? अगर बारिश हो जाए तो दिल्ली की हवा की क्वालिटी में कुछ सुधार आ सकता है. इस बीच देश के 10 राज्यों में 4 नवंबर दिन बुधवार को बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है.
आईएमडी यानी भारतीय मौसम विभाग के ताजा अलर्ट के मुताबिक, चक्रवाती साइक्लोन मुरासु के असर से आज भी कुछ राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है. खासकर आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है. इस दौरान कई राज्यों में बिना बारिश के आंधी आने की संभावना है. आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ में गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है. तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और झारखंड में भी बारिश का अनुमान लगाया गया है.
डीप डिप्रेशन बना सामान्य डिप्रेशन
तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना 'डीप डिप्रेशन' (जो भीषण चक्रवाती तूफान 'मुरासु' का बचा हुआ हिस्सा है) के बुधवार को और कमजोर होकर सामान्य 'डिप्रेशन' में बदलने की संभावना है. ये डीप डिप्रेशन बीते छह घंटों के दौरान मात्र 5 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ा है. यानी इससे आज किसी बड़े खतरे का अलर्ट नहीं है.
तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना 'डीप डिप्रेशन' बीती रात करीब 11:30 बजे तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे पूर्वी तेलंगाना के ऊपर स्थित था. इसके 4 नवंबर 2026 की सुबह तक लगभग उत्तर की ओर बढ़ने और कमजोर होकर एक 'डिप्रेशन' में तब्दील होने की संभावना है, हालांकि आज संबंधित इलाकों में हवा की गति 40-50 किमी प्रति घंटा रहेगी, जो तेज झोंकों के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
मध्य भारत का हाल
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के छीटें पड़ने के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट है. मध्य प्रदेश और विदर्भ में आसमान में बादल छाए रहेंगे और छिटपुट जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. महाराष्ट्र और कोंकण क्षेत्र में भी चक्रवात के प्रभाव से 5 नवंबर तक कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.