SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Weather Update 12 October: मौसम का अचानक यू-टर्न: 24 राज्यों में बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर गिरेगी बर्फ

मौसम विभाग ने 12 अक्टूबर को यूपी, बिहार, दिल्ली और राजस्थान समेत 24 राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है. इसके साथ ही 70 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं और आंधी चलने का भी अनुमान है. आइए जानते हैं सोमवार को देशभर में कैसा मौसम रहेगा...

Written By Bhoopendra Rai
Published: Oct 11, 2026, 10:14 PM IST | Updated: Oct 11, 2026, 10:18 PM IST
Image Credit: मौसम का अचानक यू-टर्न
Join

ये वक्त मानसून की विदाई का है, लेकिन मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. 12 अक्टूबर यानी सोमवार को देश के 24 राज्यों में बारिश और तेज आंधी का नया अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली, यूपी, बिहार और पंजाब सहित देश के बड़े हिस्से में मूसलाधार बारिश हो सकती है. 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है.

उत्तराखंड, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और झारखंड में तेज हवाओं से पेड़ गिरने की आशंका जताई गई है, जबकि पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड की चेतावनी भी दी गई है. पूर्वोत्तर राज्यों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है.

मौसम विभाग का अनुमान है कि 11 से 13 अक्टूबर तक कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी. इसके बाद एक-दो दिन की राहत होगी और फिर 15 और 16 अक्टूबर को भी कुछ जगहों पर फिर से बादल बरस सकते हैं.

क्यों बदल रहा मौसम?

मौसम में बदलाव की 2 वजहें हैं. पहला ये कि पूर्वी यूपी के ऊपर चक्रवाती हवा का घेरा और हिमाचल प्रदेश के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) है. दूसरी वजह बंगाल की खाड़ी से उठने वाली नम हवाएं हैं, जो पूर्वी भारत में देर रात तक आंधी-तूफान ला सकती हैं.

इन 24 राज्यों में जारी हुआ अलर्ट

उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, त्रिपुरा, असम, मेघालय, सिक्किम, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और गोवा.

दिल्ली-NCR से लेकर पहाड़ों तक बारिश और आंधी का अलर्ट

दिल्ली-NCR: 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चलेगी. बारिश भी होगी. दिन में पारा 32°C और रात में 21°C के आसपास रहने की उम्मीद है.

उत्तर प्रदेश: प्रयागराज, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा और गोरखपुर समेत कई जिलों में येलो अलर्ट है. यहां 40-50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जबकि लखनऊ में पारा 22°C से 32°C रहेगा.

बिहार: राजधानी पटना, गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत अधिकांश जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट है. पटना का तापमान 23°C से 32°C रह सकता है.

झारखंड: राजधानी रांची, धनबाद और जमशेदपुर समेत कई इलाकों में 12-13 अक्टूबर को तेज बारिश और 50 किमी/घंटा की आंधी का अनुमान है. रांची में पारा 19°C से 28°C रहेगा.

कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी: जम्मू-कश्मीर में 13 और 15 अक्टूबर को बारिश के अलावा बर्फबारी भी हो सकती है. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में 14 और 15 अक्टूबर को कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है.

ये भी पढ़ें: दिल्ली-चेन्नई इंडिगो फ्लाइट में फटा पावर बैंक: केबिन में भड़की आग, हैदराबाद में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES