बड़ी खबर: CJI ने राहुल गांधी और विपक्ष के डेलिगेशन से मिलने से किया इनकार, दिया ये हवाला
CJI सूर्यकांत ने इंडिया गठबंधन के नेताओं से मिलने से फिलहाल मना कर दिया है. विपक्षी नेताओं ने चुनाव में कथित गड़बड़ी और SIR प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर उनसे मिलने का वक्त मांगा था.
विपक्ष के नेताओं को CJI सूर्यकांत की तरफ से बड़ा झटका लगा है. रविवार देर रात खबर आई है कि सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत ने इंडिया गठबंधन के नेताओं से मिलने से मना कर दिया है. उन्होंने नेताओं को ईमेल भेजकर इस फैसले की वजह भी बता दी है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और अन्य नेताओं को 12 अक्टूबर यानी सोमवार को CJI सूर्यकांत से मिलने का अुरोध किया था.
विपक्षी नेता चुनाव में कथित गड़बड़ी, एसआईआर प्रक्रिया और प्रदर्शनकारियों पर पुलिस एक्शन के मुद्दों को लेकर मुख्य न्यायाधीश से बात करना चाहते हैं, लेकिन उनकी इस मांग को ठुकरा दिया गया है.
CJI ने क्या जवाब दिया?
सूत्रों के अनुसार, CJI ने राहुल गांधी के ऑफिशियल ईमेल का जवाब देते हुए कहा है कि इस वक्त ऐसी मुलाकात करना सही नहीं होगा. उन्होंने वजह बताई कि जिन मुद्दों पर विपक्ष बात करना चाहता है, वे पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में पेंडिंग हैं. बताया जा रहा है कि CJI ने अपने जवाब में यह भी स्पष्ट किया कि संविधान के दायरे में रहते हुए सुप्रीम कोर्ट, प्रशासनिक स्तर पर सरकार के कामकाज में दखल नहीं दे सकता. हालांकि, नेता चाहें तो अपने बुनियादी अधिकारों की सुरक्षा के लिए कानूनी रास्ते से अदालत का दरवाजा खटखटा सकते हैं.
सूत्रों के मुताबिक, CJI ने यह भी साफ किया कि प्रशासनिक तौर पर सुप्रीम कोर्ट सरकार के कामकाज में दखल नहीं दे सकता. कांग्रेसी नेता ज्ञापन सौंपने के बजाय अदालत में याचिका लगाएं, मंगलवार को पहले से पेंडिंग अर्जियों के साथ उनकी बात भी सुन ली जाएगी.
सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने रविवार शाम एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने कहा, कल दिल्ली में देश के युवा शांतिपूर्ण विरोध के लिए सड़कों पर उतरा. उनके दिलों में नफरत या गुस्सा नहीं, मोहब्बत थी. लेकिन उन्हें पुलिस और बीजेपी के गुंडों दोनों ने पीटा था. ऐसा भारत हम नहीं चाहते हैं. इसके अलावा सोमवार 12 अक्टूबर को हम भारतीय होने के नाते सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे, पार्टी, महिला-पुरुष, जाति, समुदाय और राज्य की हर दीवार से ऊपर उठकर हम सब एक साथ चलेंगे.
ये भी पढ़ें: दिल्ली प्रोटेस्ट: अजीत डोभाल पर ये क्या बोल गए राहुल गांधी? मोदी-शाह के साथ, RSS को भी घेरा