कुलगाम में CRPF पर आतंकी हमले के बाद हाई अलर्ट! कटरा से वैष्णो देवी भवन तक चप्पे-चप्पे पर पहरा
आतंकी हमले के बाद वैष्णो देवी यात्रा की सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कटरा से लेकर भवन तक चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात हैं.
कश्मीर घाटी के कुलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गई हैं. खासतौर पर माता वैष्णो देवी यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद टाइट कर दी गई है. कटरा से लेकर माता वैष्णो देवी भवन तक चप्पे-चप्पे पर सीआरपीएफ (CRPF) और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित रहे.
दरअसल, माता के दर्शन के लिए देश के कोने-कोने से रोजाना हजारों श्रद्धालु कटरा पहुंचते हैं. इसे देखते हुए कटरा में एंट्री पॉइंट्स से लेकर यात्रा पंजीकरण केंद्र, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड तक चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है.
यात्रा मार्ग के संवेदनशील इलाकों और भवन के आसपास अतिरिक्त फोर्स तैनात कर लगातार गश्त की जा रही है. सुरक्षा बल हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रख रहे हैं और सभी एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ काम कर रही हैं.
कुलगाम में कैसे हुआ CRPF जवानों पर हमला?
यह हमला बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे हुआ. बताया जा रहा है कि बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने CRPF के अखरान कैंप में नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों पर अचानक फायरिंग कर दी. इस हमले में CRPF की 46वीं बटालियन के तीन जवान घायल हुए हैं. इनमें हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर, कॉन्स्टेबल संतानो और राकेश दास शामिल हैं.
हमले में एक जवान के पैर, दूसरे के हाथ और तीसरे की पीठ में गोली लगी है. इन तीनों को इलाज के लिए अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
दक्षिण कश्मीर में पहले भी होते रहे हैं हमले
जिस कुलगाम में यह आतंकी हमला हुआ है वो दक्षिण कश्मीर के बेहद संवेदनशील इलाकों में गिना जाता है. यह श्रीनगर से करीब 70-75 किलोमीटर दूर स्थित है, जो अनंतनाग और शोपियां के साथ उस बेल्ट का हिस्सा है, जहां आतंकी गतिविधियां अक्सर देखने को मिलती हैं.
3 साल में कितनी आतंकी घटनाएं हुईं?
जवानों पर हुए इस हमले से ठीक 4 दिन पहले ही जम्मू-कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर से आतंकियों के दो मददगारों को गिरफ्तार किया था, जो आतंकी मॉड्यूल के जरिए महिलाओं को निशाना बनाते थे और अलगाववादी विचारधारा का प्रचार कर रहे थे.
2024 के बाद से आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक जम्मू-कश्मीर में कुल 548 आतंकी घटनाएं दर्ज की गई हैं. इनमें देश के 45 जवान शहीद हुए हैं, जबकि सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई में 138 आतंकियों को ढेर किया है.
(रिपोर्ट: साहिल केरनी)
ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमला, CRPF नाका टीम पर हुई फायरिंग; 2 सैनिक घायल