App

MLC Elections 2026: UP-बिहार समेत 4 राज्य और 28 सीटें, देखिए बैलेट पेपर वाले इलेक्शन में किसने मारी बाजी

बैलेट पेपर से हुए विधान परिषद (MLC) चुनावों के नतीजों में एनडीए और इंडिया ब्लॉक के बीच कांटे की टक्कर नजर आ रही है. हालांकि, कर्नाटक में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है. यहां की चारों सीटों पर एनडीए ने जीत हासिल की है.

MLC Elections 2026: UP-बिहार समेत 4 राज्य और 28 सीटें, देखिए बैलेट पेपर वाले इलेक्शन में किसने मारी बाजी
Image Credit: MLC चुनाव नतीजे 2026

यूपी-बिहार समेत देश के 4 राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों पर हुए चुनाव में कई सीटों अभी तक मतगणना जारी है. विपक्ष के कथित 'वोट चोरी' के आरोपों के बीच बैलेट पेपर से हुए इस चुनाव में पूरे देश की नजरें टिकी हैं. अभी तक 17 सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं, जिनमें बीजेपी के नेतृत्व में NDA भारी पड़ी है. कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है, इसके बावजूद राज्य की सभी चारों सीटों पर एनडीए ने जीत हासिल करने में सफलता हासिल की है. यहां 3 सीटों पर बीजेपी और एक सीट पर जेडीएस उम्मीदवार की जीत हुई है. इस तरह से कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है. खास बात यह है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के गृह क्षेत्र कलबुर्गी में भी 'कमल' खिल गया है.

कर्नाटक में कांग्रेस का सूपड़ा साफ

कर्नाटक में उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन सीट और बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन सीट के अलावा दक्षिण-पूर्व स्नातक निर्वाचन सीट और पश्चिम स्नातक निर्वाचन सीट पर MLC चुनाव हुए. प्रदेश की दक्षिण-पूर्व स्नातक सीट पर बीजेपी के केएम सुरेश ने कांग्रेस के शशि हुलिकुंटे मुट्ट को हराया. इसी तरह से उत्तर-पूर्व शिक्षक सीट पर बीजेपी प्रत्याशी शशील जी. नमोशी ने कांग्रेस उम्मीदवार शरणप्पा मत्तूर को शिकस्त दे दी. पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के एसवी संकानूर ने कांग्रेस के मोहन लिम्बिकाई को हराकर जीत हासिल की है. वहीं, बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीएस उम्मीदवार एपी रंगनाथ ने पांच बार के MLC रहे पुट्टन्ना को हराया है.

यूपी की 11 सीटों पर कांटे की टक्कर

यूपी की 11 सीटों पर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है. अब तक 7 सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं. इनमें से लखनऊ शिक्षक, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक, मेरठ स्नातक और मेरठ शिक्षक सीट पर बीजेपी का 'कमल' खिल चुका है. वहीं, वाराणसी शिक्षक सीट और आगरा शिक्षक सीट पर अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जीत हासिल हुई है. इसके अलावा इलाहाबाद-झांसी स्नातक, वाराणसी स्नातक, लखनऊ स्नातक और आगरा शिक्षक सीट पर भी बीजेपी और सपा के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है. संसदीय क्षेत्र होने के कारण वाराणसी शिक्षक सीट को लेकर काफी चर्चा हो रही है. इस चुनाव का यूपी का सेमीफाइनल कर जा रहा था, जिसमें सपा ने कड़ी टक्कर पेश की है. यह नतीजे बीजेपी के प्रदेश नेतृत्व से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक को चिंता में डाल सकते हैं.

बिहार में चला एनडीए का जादू

बिहार में शिक्षक निर्वाचन की 4 सीटों और स्नातक निर्वाचन की 4 सीटों को मिलाकर कुल 8 सीटों पर चुनाव हुए थे. अभी तक इस चुनाव एनडीए का पलड़ा भारी नजर आ रहा है. इस चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा में रही पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार ने जीत हासिल की है. यहां मोकामा विधायक के समर्थन के बावजूद जन सुराज उम्मीदवार अनुज सिंह को हार का सामना करना पड़ा. वहीं, दूसरी ओर पटना शिक्षक सीट पर आरजेडी के डॉ. संजीव कुमार ने बड़ा उलटफेर करते हुए बीजेपी के नवल किशोर यादव को हरा दिया है. इस सीट पर पिछले 30 वर्षों से नवल किशोर यादव का कब्जा था. इस तरह से बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के गृह क्षेत्र में पार्टी को दूसरी बार बड़ा झटका लगा है. इससे पहले उपचुनाव में पार्टी ने बांकीपुर विधानसभा सीट को गंवा दिया था. इस चुनाव में राजद फायदे में रही, पटना शिक्षक क्षेत्र समेत पार्टी को दो सीटों पर जीत हासिल हुई है.

महाराष्ट्र के क्या हाल हैं?

महाराष्ट्र में भी विधान परिषद की 5 सीटों पर चुनाव हुए थे, इनमें से पुणे शिक्षक सीट के नतीजे सामने आ चुके हैं. यहां बीजेपी के कौस्तुभ गावडे ने कांग्रेस के मौजूदा एमएलसी जयंत आसगांवकर को पटखनी दे दी है. वहीं, प्रदेश की अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शिवसेना (शिंदे गुट) की किरण सरनाइक इस वक्त 3,942 वोटों से आगे चल रही हैं. यहां कांग्रेस की अदिति पोहरे दूसरे नंबर पर हैं. शिवसेना (शिंदे गुट) के बागी कैंडिडेट श्रीकांत देशपांडे तीसरे नंबर पर हैं. इसी तरह से नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के सुधाकर कोहले ने कांग्रेस के अभिजीत वंजारी से 4,294 वोटों की लीड ले रखी है. पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र परर NCP (शरद पवार गुट) की हर्षदा देशमुख आगे चल रही हैं. BJP की स्मिता जाधव दूसरे नंबर पर हैं. छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट पर भी शरद पवार की पार्टी आगे चल रही है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो