App

जीत तो छोड़िए... नीरज कुमार के सामने कहीं टक्कर में ही नहीं दिखे अनुज सिंह, अब अनंत सिंह ने मान ली हार

मोकामा विधायक अनंत सिंह ने पटना स्नातक एमएलसी चुनाव के परिणाम पर कहा कि जनसुराज के प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह हार गए हैं, गिनती खत्म हो गई है. JDU नेता नीरज कुमार जी जीत गए और हम हार गए.

जीत तो छोड़िए... नीरज कुमार के सामने कहीं टक्कर में ही नहीं दिखे अनुज सिंह, अब अनंत सिंह ने मान ली हार
Image Credit: मोकामा विधायक अनंत सिंह (वीडियो ग्रैब)

बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के पिछड़ने के बाद मोकामा से विधायक अनंत सिंह ने अपनी हार स्वीकार कर ली है. उन्होंने कहा कि जनता ही मालिक और भगवान है. जनता ने जिसे वोट दिया, वह जीत गया और जिसे वोट नहीं दिया, वह हार गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें जनता के फैसले से कोई नाराजगी नहीं है और पार्टी के खिलाफ वह कभी नहीं बोलेंगे.

नीरज जी जीत गए हैं और हम हार गए हैं- अनंत सिंह

अनंत सिंह ने कहा कि मतगणना समाप्त हो चुकी है और अनुज सिंह चुनाव हार गए हैं. अब इसमें तीसरे या चौथे स्थान की कोई बात नहीं है. उन्होंने कहा, "नीरज जी जीत गए हैं और हम हार गए हैं. अब इसमें कहना ही क्या है." पार्टी की नाराजगी को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी ही मालिक है और जो भी निर्णय लेना होगा, वही करेगी. उनका कहना था कि उनका ऐसा क्या योगदान है कि वह कहें कि पार्टी उनकी है, इसलिए उन्हें कोई नुकसान महसूस नहीं हो रहा है. उन्होंने पार्टी से किसी तरह की नाराजगी होने से भी इनकार किया.

जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह का किया था समर्थन

अनंत सिंह ने स्वीकार किया कि जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार से नाराजगी के कारण उन्होंने जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन किया था. उन्होंने कहा कि नीरज कुमार के विरोध में उन्होंने अनुज सिंह का साथ दिया. उन्होंने यह भी कहा कि उन लोगों ने वोट भी नहीं बनवाया था. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले में पार्टी के खिलाफ वह कभी नहीं बोले हैं.

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना में जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार आगे चल रहे हैं जबकि राजद के प्रत्याशी दूसरे स्थान पर हैं. इस चुनाव में जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह काफी पीछे है. गौरतलब है कि बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था. इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल थे. मंगलवार को मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई. चुनाव के दौरान अनुज सिंह को समर्थन देने के कारण अनंत सिंह चर्चा में रहे थे.

-आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More