SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मौत बनी मिस्‍ट्री: बेटी गई थी लंदन में MBA करने, बिना बताए लौटी; पुणे के फ्लैट में मिली लाश

परिवार को लग रहा था कि उनकी बेटी लंदन में MBA की पढ़ाई कर रही है, जबकि मुग्धा अगस्त में ही स्वदेश लौट आई थी और परिवार को बिना बताए महाराष्ट्र के पुणे शहर में ही रह रही थी. पुलिस को पुणे के एक फ्लैट में मुग्धा की लाश मिली है.

Written By K. Raj Mishra
Published: Oct 31, 2026, 10:37 AM IST | Updated: Oct 31, 2026, 11:27 AM IST
Image Credit: मुग्धा देशमुख की मौत का रहस्य (AI तस्वीर)
Join

महाराष्ट्र के पुणे शहर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने उन मां-बाप को डरा दिया है, जिनके बच्चे बाहर रहकर पढ़ाई कर रहे हैं. दरअसल, पुणे की लोढ़ा सोसायटी में स्थित एक फ्लैट से गुरुवार (29 अक्टूबर) को एक महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ. पुलिस ने शव की शिनाख्त छत्रपति संभाजीनगर निवासी अविनाश देशमुख के बेटी मुग्धा देशमुख (34 वर्षीय) के रूप में की. हैरानी की बात यह है कि मृतका के परिवार को लग रहा था कि उनकी बेटी लंदन में MBA की पढ़ाई कर रही है. उन्हें इसका बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि उनकी बेटी अगस्त में ही स्वदेश लौट आई है और महाराष्ट्र के पुणे शहर में ही रह रही है. मुग्धा की मौत कब, क्यों और कैसे हुई, पुलिस इन बातों का पता लगाने में जुट गई है. पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है. 

परिवार को गुमराह करती रही मुग्धा

मुग्धा के परिवार ने बताया कि जुलाई 2025 में MBA की पढ़ाई के लिए वह ब्रिटेन गई थी. वहां वह पढ़ाई के साथ-साथ पार्ट टाइम नौकरी भी करती थी. पुलिस के मुताबिक, मुग्धा इसी साल अगस्त में अपने परिवार को बिना बताए ही भारत लौट आई थी और पुणे में रहने लगी थी. हालांकि, परिवार से बात करते हुए उसने कभी इस बात का खुलासा नहीं किया. पूरे परिवार को लग रहा था कि बेटी लंदन में पढ़ाई कर रही है. 

लंदन पुलिस के जवाब से हिला परिवार

24 अक्टूबर को जब पिता अविनाश ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला. इसके बाद पिता अविनाश देशमुख ने लंदन में रहने वाली उनकी एक दोस्त से संपर्क किया. मुग्धा की दोस्त ने उन्हें बताया कि उसकी आखिरी बार 22 अक्टूबर को बात हुई थी. अविनाश के अनुरोध करने पर दोस्त ने लंदन पुलिस में मुग्धा के लापता होने की शिकायत की. तब लंदन पुलिस से उन्हें पता चला कि मुग्धा अगस्त में ही UK छोड़ चुकी है.

फूड डिलीवरी ने खोला राज

लंदन पुलिस से मिले जवाब के बाद पिता अविनाश देशमुख के होश उड़ गए. उन्होंने तुरंत भारतीय उच्चायोग से संपर्क किया. भारतीय उच्चायोग से उन्हें पता चला कि मुग्धा अगस्त में ही भारत वापस आ गई थी और इसके बाद देश में ही है. इसके बाद पिता ने मुग्धा के बैंक खाते की जांच शुरू की. उन्हें मुग्धा के खाते से फूड डिलीवरी और ऑनलाइन सर्विस प्लेटफॉर्म से कई ट्रांजैक्शन किए जाने की जानकारी मिली. ज्यादातर ट्रांजैक्शन पुणे शहर में किए गए थे, जबकि एक ट्रांजैक्शन छत्रपति संभाजीनगर के उस्मानपुरा इलाके का भी था.

कई सवालों का जवाब तलाशने की कोशिश

इसके बाद पिता ने छत्रपति संभाजीनगर पुलिस से मुग्धा को खोजने की अपील की. मुग्धा के फोन लोकेशन को ट्रैस करते हुए पुलिस उसके पुणे वाले फ्लैट तक पहुंच गई. फ्लैट अंदर से बंद था. फ्लैट के अंदर से मुग्धा का सड़ा-गला शव बरामद किया गया. मुग्धा अचानक लंदन से पुणे वापस क्यों आई थी? उसने घरवालों से इतनी बड़ी बात क्यों छिपाकर रखी थी? पुणे के फ्लैट उसके साथ क्या हुआ?  पुलिस के साथ-साथ परिवार भी इन सवालों का जवाब तलाशने की कोशिश में जुटा है.

ये भी पढ़ें- सोसाइटी के गेट पर तंत्र-मंत्र का सामान: अनिष्ट की आशंका से पिंपरी चिंचवड़ के निगड़ी में दहशत, मामले की जांच जारी

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES