)
आश्रम स्कूल के छात्रों के उल्गुलान मोर्चा को ठाणे में सोमवार को रोक दिया गया है. नासिक से 8 दिनों से पैदल चल रहे इस मार्च पर ठाणे की सीमा में ब्रेक लगा दिया गया. छात्रों का आरोप है कि इस बार पुलिस ने उनकी पिटाई की है. इस घटना में कुछ छात्रों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें भिवंडी बाईपास पर छोड़ दिया गया. फिलहाल उनका इलाज एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है. छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें रात 1 बजे आगे बढ़ने के लिए कहा और फिर ठाणे में रोककर हिरासत में ले लिया. यह मार्च शिक्षा, भोजन और सुरक्षा की मांग को लेकर शुरू किया गया है.
इससे पहले, मुंबई पुलिस ने सकल आदिवासी विद्यार्थी आंदोलन कृति समिति के 'आदिवासी जेन-जी उल्गुलान' मार्च को इजाजत देने से मना कर दिया . संगठन ने नासिक से मुंबई तक मार्च के बाद 5 अक्टूबर को आजाद मैदान में आंदोलन करने की इजाजत मांगी थी. आदिवासी विद्यार्थियों की लंबित मांगों को लेकर सकल आदिवासी विद्यार्थी आंदोलन कृति समिति आंदोलन कर रही है. 28 सितंबर को नासिक के ईदगाह मैदान से आदिवासी विद्यार्थी आंदोलन शुरू हुई था.
प्रदर्शनकारी पिछले कई दिनों से नासिक के ईदगाह मैदान में धरना दे रहे हैं. वे शिक्षा और कल्याण से जुड़े कई मुद्दों पर राज्य सरकार से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. इनमें आदिवासी विकास मंत्री अशोक उइके के इस्तीफे के साथ-साथ आदिवासी विकास विभाग के सचिव और आयुक्त के तबादले की मांग भी शामिल है. इसी कड़ी में 5 अक्टूबर को मुंबई में आंदोलन का आह्वान किया गया.
जानकारी के अनुसार, समिति ने 3 अक्टूबर को ई-मेल के जरिए आजाद मैदान पुलिस स्टेशन को आंदोलन की इजाजत के लिए आवेदन दिया था. पुलिस ने इस मामले में 4 अक्टूबर को नोटिस जारी किया और आंदोलन की इजाजत से साफ इनकार किया. पुलिस ने नोटिस में कहा, 'इन नियमों के तहत आजाद मैदान का एक हिस्सा आंदोलनकारियों के लिए सार्वजनिक बैठकें, सभाएं, मार्च, विरोध-प्रदर्शन, प्रदर्शन, धरना, रैलियां, जुलूस आयोजित करने के लिए तय किया गया है.
जबकि, नियमों के मुताबिक, अनुमति के लिए आवेदन कम से कम 7 दिन पहले जमा करना अनिवार्य है, जिसके साथ 'फॉर्म बी' में एक शपथ-पत्र भी देना होता है. आप (आदिवासी विद्यार्थी आंदोलन कृति समिति) इस जरूरत को पूरा करने में नाकाम रहे.' पुलिस ने यह भी कहा है कि जिस दिन के लिए आदिवासी विद्यार्थी आंदोलन कृति समिति ने अनुरोध किया है, उस दिन आजाद मैदान में पहले से ही कुल 28 विरोध-प्रदर्शन निर्धारित हैं.