SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

तिरुमाला नवरात्रि ब्रह्मोत्सव: लाखों श्रद्धालुओं के लिए कैसी हैं तैयारियां? TTD अधिकारी ने बताया- दर्शन से पहले जानिए क्या करें, क्या न करें

ज़ी मीडिया के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में टीटीडी (TTD) के वरिष्ठ अधिकारी वेंकैया चौधरी ने तिरुमाला नवरात्रि ब्रह्मोत्सव की व्यापक तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार पहले से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है. सुगम दर्शन, सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, भोजन और प्रसाद की पुख्ता व्यवस्था की गई है.

Written By Shwetank Ratnamber
Published: Oct 15, 2026, 01:12 PM IST | Updated: Oct 15, 2026, 06:26 PM IST
Image Credit: वेंकैया चौधरी, अधिकारी टीटीडी
Join

Tirumala Tirupati Balaji Navaratri Brahmotsav: तिरुमाला की पहाड़ियों में मौजूद भगवान वेंकटेश्वर के धाम तिरुपति बालाजी के मंदिर में नवरात्रि ब्रह्मोत्सव की धूम है. मंदिर में आने वाले लाखों श्रद्धालु हों या सेवादारों सभी का कहना है कि हम सौभाग्यशाली हैं, जो हमें इस पवित्र स्थान की श्रीवारी सेवा को देखने का अवसर मिला है. हम सदैव भगवान की सेवा में बने रहना चाहते हैं. भगवान वेंकटेश्वर स्वामी की कृपा सब पर बनी रहे.

टीटीडी के एडिशनल एक्जिक्यूटिर ऑफिसर वेंकैया चौधरी से एक्सक्लूजिव बातचीत में ज़ी मीडिया संवाददाता गिरी ने ये जानने कि कोशिश की है कि जो भक्त तिरुमला आ रहे हैं, उन्हें किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और उन्हें किस तरह की सुविधाएं दी जा रही हैं.

सवाल-  ये आपका चौथा ब्रह्मोत्सव है. पहले करीब 6 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे, चुनौतियों के बावजूद आपने उस आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया. इस बार पहले से ज्यादा भक्त आ रहे हैं, कैसी तैयारियां हैं?

जवाब- ओम नमो वेंकटेशाय. ये बीते दो सालों में चौथा ब्रह्मोत्सव  है. 78 दिनों अंदर में हम इस साल दूसरा ब्रह्मोत्सव मनाने जा रहे हैं.  रेगुलर ब्रह्मोत्सव  को सालकट्ला ब्रह्मोत्सव  कहा जाता है. इस बार अधिक मास है. इसलिए अधिकमास में एक ब्रह्मोत्सव  और मनाया जाता है. इसलिए ये नवरात्रि ब्रह्मोत्सव  है. चूंकि नवरात्रि त्योहार की छुट्टियां चल रही हैं, ऐसे में हम बहुत बड़ी तादाद में भक्तों के आगमन की अपेक्षा कर रहे हैं. जैसा कि हमने पिछले ब्रह्मोत्सव  के सेवा इंतजामों को देखा है, उस हिसाब से कह सकते हैं कि हम इस बार भी बहुत अच्छी तरह से उत्सव को पूरा कराएंगे. हमारी तैयारी ऐसी है कि भक्तों को भगवान के अलौकिक दर्शन होने के दौरान किसी भी तरह की असुविधा न हो. सेवा से जुड़े लोग भी भीड़ को संभालने से लेकर ब्रह्मोत्सव की समस्त तैयारियों को अच्छी तरह से पूरा कर रहे हैं. ऐसे उत्सवों के लिए हमारे पास एक स्पेशल ऑपरेटिव प्रोसिजर है, जिसे हम फॉलो कर रहे हैं. हम भीड़ को देखते हुए अपने काम करने की जो तैयारी और तरीका है उसे अच्छी तरह मैनेज कर रहे हैं. पिछले सालकट्टी ब्रह्मोत्सव  की तुलना में इस बार बीस फीसदी ज्यादा भक्तों और श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है, हमारी तैयारी उस हिसाब से भी पूरी है. आप जानते हैं लाखों तीर्थयात्री ब्रह्मोत्सव के दौरान आते हैं और करोड़ों श्रद्धालु ब्रह्मोत्सव को अलग-अलग माध्यमों से देखते हैं, इसलिए हमने हर तरीके से पुख्ता तैयारी कर रखी है, जो अच्छी तरह से चल रही हैं. 

सवाल - इस आयोजन के बारे में कुछ बताएं.

जवाब- पुराणों के हिसाब से सृष्टि के रचयिता ब्रह्मा जी यहां आए थे उन्होंने इस उत्सव का आयोजन किया था. कलियुग में ब्रह्मोत्सव  की पूजा जरूरी है. वेंकटेश्वर स्वामी यहां के भगवान हैं. इसलिए ये हमारा कर्तव्य है कि विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया जाए. 

सवाल - तीर्थयात्री कहां-कहां से आते हैं?

जवाब- ब्रह्मोत्सव  में सिर्फ आंध्र प्रदेश या दक्षिण भारत के राज्यों और उत्तर भारत के राज्यों के अलावा दुनियाभर से अमेरिका से खाड़ी देशों से भी बहुत से श्रद्धालु नवरात्रि ब्रह्मोत्सव  का दर्शन करने आते हैं. इसलिए हर तरह से हम इस उत्सव को हर मायने में सकुशल संपन्न कराने के लिए तैयार हैं. जहां तक व्यवस्थाओं की बात है, सौंदर्यीकरण की बात है. अन्नदान के इंतजाम की बात है. तिरुमाला को तो लोगों को खाना खिलाने/भोजन कराने के लिए जाना जाता है. तो इसका भी हमने खास ध्यान रखा है.

सवाल - तिरुमाला का भोजन प्रसाद केंद्र बहुत बड़ा है. लाखों लोगों का ध्यान कैसे रख रहे?

जवाब-  इस नवरात्रि ब्रह्मोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं का ध्यान रखने के लिए हमारा किचेन में 24 में से करीब 22 घंटे काम हो रहा है. खासकर गरुण सेवा वाले दिन में हमारी तैयारी करीब 24 लाख से ज्यादा लोगों के लिए अलग-अलग चीजें जैसे दूध, खिचड़ी, छांछ या हर चीज का इंतजाम किया है. लोगों की भगवान में आस्था है. उनका विश्वास तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के प्रशासन पर भी है. वो हमसे हर चीज में बेहतरी की अपेक्षा रखते हैं, इसलिए हमने भी कोई कसर नहीं छोड़ी है. हमारे पास श्रीवारी सेवा के लिए चार हजार लोग हैं, इसके अलावा हमारे पास वालंटियर्स हैं, ताकि किसी को कोई असुविधा न हो. हमारे किचेन में हजारों लोग काम कर रहे हैं.

सवाल - सफाई व्यवस्था को कैसे देख रहे?

जवाब- सफाई व्यवस्था और हाइजीन मेंटेन करने के लिए टीटीडी ने एक हजार से ज्यादा अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की है. जबकि हमारे पास रेगुलर सफाई स्टाफ करीब दो हजार से ज्यादा लोगों का है.

सवाल- अन्य इंतजाम के बारे में बताइए?

जवाब- हमारे पास हर चीज का पर्याप्त स्टॉक है. हमारे पास बैटरी गाड़ियों की फ्लीट है. हर चीज के अतिरिक्त इंतजाम है. तिरुमाला माने पहाड़ी, पहाड़ी भगवान का घर इसलिए यहां सब कुछ अच्छा ही होता है, भगवान यहां साक्षात विराजमान हैं.

सवाल- आपके पास हजारों लोगों का स्टाफ है, आप उन्हें कैसे तैयार किया है कि वो श्रद्धालओं के साथ कैसे पेश आएं?

जवाब- देखिए हमारे पास बहुत अनुशाषित लोगों का स्टाफ है. हमारे अधिकारी हों या कर्मचारी सब विनम्र हैं. संयमित हैं. मृदुभाषी हैं. यहां भगवान की विशेष कृपा से सभी अच्छा काम कर रहे हैं. यहां बहुत पॉजिटिव वाइब्रेशन हैं, इसलिए सभी सच्चे मन से भगवान और भगवान के भक्तों की  सेवा कर रहे हैं, उन्हें इस बारे में बताया गया है कि श्रद्धालुओं के साथ कैसे पेश आना चाहिए. सरकारी कर्मचारी चाहे पुलिस-प्रशासन के लोग हों या हमारा स्टाफ सभी चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं.  सभी भक्तिभाव से श्रद्धा के साथ अपना-अपना काम कर रहे हैं. 

सवाल- पुलिस-प्रशासन से क्या सहयोग मिल रहा है?

जवाब- ब्रह्मोत्सव में पूरे सहयोग से काम हो रहा है. हमारा करीब एक हजार का अतिरिक्त स्टाफ इस उत्सव के लिए तैनात है. 2600 से ज्यादा पुलिसकर्मी यहां तैनात किए गए हैं. हमने मेडिकल स्टाफ का भी अतिरिक्त इंतजाम किया है. पुलिस पूरी व्यवस्था में हमारा साथ दे रही है.

सवाल- अतिरिक्त इंतजाम के बारे में कुछ बताइए?

जवाब- अतिरिक्त भोजन प्रसाद बन रहा है. हर विभाग में अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया है. हमारे सभी अधिकारी बहुत अनुभव रखते हैं. ब्रह्मोत्सव के इस आयोजन के लिए हमारे स्टाफ की तैयारियां सामान्य दिनों की तुलना में कहीं ज्यादा हैं. राशन हो या कर्मचारी किसी तरह की कोई कमी नहीं है. बिना किसी चूक के भगवान की सेवा संपन्न हो, इसका ध्यान रखा जा रहा है. 

हमने एक्स्ट्रा स्क्रीन लगाई हैं कि मंदिर परिसर के बाहर ताकि लोगों को समय रहते हर अपडेट मिल सके. हमने गाड़ियों की पार्किंग का अच्छा इंतजाम किया है. भगवान की कृपा से जो कुछ भी बेस्ट हो सकता है, हम कर रहे हैं. क्योंकि यहां पहाड़ियों की एक सीमा है, जमीन पर आप कुछ भी कर सकते हैं, पहाड़ पर ऐसा नहीं है. इसलिए चीजों का ध्यान रखा जाता है. हम लगातार हर स्थिति पर नजर रख रहे हैं, उस हिसाब से हमारी एडवाइजरी जारी हो रही हैं.

सवाल- इतनी बड़ी टीम कैसे हैंडल कर रहे हैं?

जवाब- हम सभी टीम भावना से काम कर रहे हैं. सबकुछ भुलाकर सभी आपस में मिलकर भगवान की सेवा कर रहे हैं. इसमें व्यक्तिगत रूप से किसी का कुछ नहीं ये सभी का सामूहिक प्रयास है, भगवान की सेवा है जिसे हम कर रहे हैं.

सवाल - बतौर एडिशनल एक्जीक्यूटिव ऑफिसर आपकी भक्तों से क्या अपेक्षा है?

जवाब- जो भी भक्त और श्रद्धालु यहां आ रहे हैं उन्हें, टीटीडी की एडवायजरी का पालन करना चाहिए. हम लगातार भक्तों के लिए राउंड द क्लॉक एडवाइजरी जारी कर रहे हैं ताकि कहीं कोई भी असुविधा न हो सके. ऐसा इसलिए क्योंकि हम पहाड़ी पर आने वाले भक्तों और गाड़ियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए इंतजामों को एक्जीक्यूट कर रहे हैं, कहां सेवा बढ़ानी है. हम रियल टाइम और संभावित दोनों स्थितियों को ध्यान में रखते हुए लगातार एडवाइजरी जारी कर रहे हैं. एंट्री से लेकर एक्जिट गेट तक कतारों का ध्यान रखना है. लाइन न तोड़ें. पूजा-दर्शन के बाद समय से जगह खाली करनी है. हर चीज का आपको पालन करना चाहिए ताकि किसी और को असुविधा न हो.

सवाल- कोई जरूरी सलाह या संदेश जो आप यहां आने वाले श्रद्धालुओं को देना चाहेंगे?

जवाब- हमारी अपील है कि कहीं सामान्य चीज होने पर भी लोग सोशल मीडिया पर झूठ/अफवाह को फैलाते हैं, उस पर भरोसा न करें. टीटीडी की अधिकृत वेबसाइट और एडवाइजरी को फॉलो करें, जो हम अपनी वेबसाइट पर बताते हैं कि क्या करें और क्या न करें? ध्यान रखें! केवल TTD की अधिकृत सूचनाओं पर भरोसा करें और भगवान का आशीर्वाद लें. हमारा ऑफिशियल टीवी चैनल है. सोशल मीडिया टीम है. हमारे चीफ पब्लिक रिलेशंस ऑफिसर हैं. जो कुछ यहां हो रहा है, हम अपने समय-समय पर जरूरी सूचना वाले न्यूज़ बुलेटिन जारी करते हैं. आप उस सूचना को सुनकर भरोसा करें. आइए और भगवान वेंकटेश्वर के आशीर्वाद के साथ बहुत सारी अच्छी यादें लेकर जाइए. धन्यवाद

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES