कांग्रेस विधायक मालरेड्डी रंगा रेड्डी अपने एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हुआ उनका एक वीडियो लोगों को हैरान कर रहा है. इस वीडियो को लेकर उन पर आरोप लग रहा है कि कांग्रेस के सीनियर विधायक ने चलती हुई सरकारी बस में कॉलेज की एक छात्रा को बार-बार गलत तरीके से छुआ है. वीडियो वायरल होते ही लोगों ने इसे विधायक की शर्मनाक हरकत बताया है.
दरअसल, यह घटना मंगलवार 6 अक्टूबर की है, जब विधायक तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम की सरकारी बस में महिलाओं के लिए चल रही 'महालक्ष्मी योजना' (फ्री बस यात्रा) का जायजा लेने और यात्रियों से फीडबैक लेने पहुंचे थे. 70 साल के रंगा रेड्डी ने बस में खड़ी एक छात्रा से बात की, जिसने बताया कि इस योजना के जरिए 1 साल में उसने कॉलेज आने-जाने में 45,000 रुपये बचाए हैं.
DGP Women Safety, @TelanganaDGP Where are the SHE teams here? Take a complaint from RTC conductor and book under 354 IPC. Both BJP and Congress are competing with each other in insulting women!
— Dr.RS Praveen Kumar (@RSPraveenSwaero) October 6, 2026
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कॉलेज छात्रा से बात करते हुए विधायक उसका हाथ और बाजू पकड़े रहे. लड़की का हाव-भाव बता रहा था कि वो विधायक की इस हरकत से अनकम्फर्टेबल फील कर रही थी और पीछे हटने की कोशिश कर रही है. बावजूद इसके विधायक ने हाथ लगाना बंद नहीं किया.
वीडियो सामने आने के बाद बवाल मच गया है. इस मामले पर राजनीति भी गरमा गई है. विपक्षी पार्टी बीआरएस (BRS) के नेता और पूर्व आईपीएस आर. एस. प्रवीण कुमार ने इस घटना की कड़ी निंदा की है. उन्होंने महिला सुरक्षा टीमों और महिला सुरक्षा विंग से तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है.
बीआरएस नेता आरएस प्रवीण कुमार ने मीडिया से बातचीत के दौरान पूछा कि विधायक को लड़की का हाथ पकड़कर उसे अनुचित तरीके से छूने की क्या जरूरत थी? क्या यह अपराध नहीं है? क्या यह किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना नहीं है?
द प्रिंट ने अपनी रिपोर्ट में विधायक रंगा रेड्डी की सफाई का जिक्र किया है. उन्होंने कहा कि वह छात्राओं से एक पिता की तरह प्यार और अपनेपन से योजना पर बात कर रहे थे, लेकिन BRS ने इस बात को जानबूझकर तोड़-मरोड़ कर पेश किया है. एक वीडियो जारी करते हुए उन्होंने बताया कि 6 अक्टूबर को कलेक्टर ऑफिस में मीटिंग के बाद उन्होंने बोंगुलुरु से बस पकड़ी थी. सफर के दौरान उन्होंने कई यात्रियों से बात की, जहां कुछ छात्राओं ने भारी भीड़ का हवाला देते हुए और बसें चलाने की मांग रखी थी.
रंगा रेड्डी का कहना है कि जब बस मोड़ काट रही थी, ठीक उसी वक्त का वीडियो काटकर BRS सोशल मीडिया पर झूठा माहौल बना रही है. उन्होंने जोर देकर कहा कि उनके दिल में महिलाओं के लिए पूरा सम्मान है.