)
Keralam Crime: केरलम में लव ट्रायंगल के चक्कर में एक नाबालिग की हत्या कर दी गई. 11वीं क्लास में पढ़ने वाला 16 साल का अभिराम रविवार ( 1 नवंबर 2026) को अपने घर से लापता हो गया था. बाद में पुलिस को उसका शव पंगप्पारा में एक खाली प्लॉट में रखे एक बोरे में मिला. मामले को लेकर एक नाबालिग लड़की समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
घटना का मुख्य आरोपी 17 साल का लड़का बताया जा रहा है. उसने हत्या के लिए 21 साल के हिस्ट्रीशीटर उमर की मदद ली. पुलिस के मुताबिक उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है. 'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस जांच मे पाया गया कि यह हत्या टीनएज रिलेशनशिप में लव ट्रायंगल की वजह से हुई, जिसके चलते बदले की भावना ने मर्डर की साजिश रची. पुलिस को शक है कि आरोपी ने लड़की के इंस्टाग्राम अकाउंट का इस्तेमाल करके उसे किसी सुनसान जगह पर फुसलाया. इन्वेस्टिगेटर्स का मानना है कि अभिराम का बेल्ट से गला घोंटकर हत्या की गई और बाद में उसकी बॉडी को एक बोरे में भरकर खाली प्लॉट पर छोड़ दिया गया.
कहानी शुरू होती है 17 साल के आरोपी और उसकी प्रेमिका के बीच ब्रेकअप की, जिसके बाद लड़की नए रिलेशनशिप में आई. उसने आरोपी के साथ अपने नए रिलेशनशिप की फोटो और डीटेल्स शेयर करना शुरू कर दिया, जिससे आरोपी को जलन होने लगी. आरोपी ने हत्या की साजिश रचते हुए एक्स गर्लफ्रेंड के नए पार्टर के दोस्त अभिराम से दोस्ती करनी शुरू कर दी. आरोपी ने इसके लिए नई गर्लफ्रेंड बनाई और उसके फोन-इंस्टाग्राम का इस्तेमाल करके उसने अभिराम को अपने जाल में फंसाया.
रविवार ( 1 नवंबर 2026) को आरोपी ने अपनी नई प्रेमिका के फोन से अभिराम को बहला-फुसलाकर तिरुवनंतपुरम जिले के पंगप्पारा में एक सुनसान खेत में मिलने के लिए बुलाया. वहां उसने अभिराम से अपने टारगेट यानी उसके दोस्त और पूर्व प्रेमिका के नए प्रेमी को वहां बुलाने के लिए कहा. अभिराम को इसपर शक हुआ और उसने अपने दोस्त को बुलाने के लिए मना कर दिया. इसको लेकर आरोपी और अभिराम के बीच तीखी बहस हो गई. पुलिस ने कहा,' जब पीड़ित ने वहां से जाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसके सिर पर किसी चीज से वार किया और बेल्ट से उसका गला घोंट दिया. उसने शव को छिपाने के लिए दूसरे शख्स उमर की मदद ली.'
अभिराम के काफी देर तक घर न लौटने पर उसके परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज की. उन्होंने कहा कि अभिराम घर पर एक दोस्त से मिलने की बात कहकर गया था, लेकिन वह काफी देर तक घर नहीं लौटा. अभिराम के पिता ने कहा,' हमें शाम को करीब 6 बजे एक शादी के रिसेप्शन में जाना था और उसे हमारे साथ आना था. करीब 4 बजे मैंने उसे फोन किया, तो उसने कहा कि वह 10 मिनट में वापस आएगा. रात 10 बजे तक उसके न लौटने पर हमने लोकल पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.' पुलिस ने अभिराम के फोन की लोकेशन ट्रैक कर उसका शव बरामद किया. बाद में आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया.