1.3 मिलियन फॉलोअर्स, फिर भी तनाव: साइबर बुलिंग से परेशान इन्फ्लुएंसर की मौत, आत्महत्या से पहले बनाया वीडियो
Social Media Influencer Bullying: तमिलनाडु के फाइनेंशियल कंसल्टेंट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने लगातार झेल रहे मानसिक तनाव और साइबरबुलिंग के चलते आत्महत्या कर ली. मृतक के पिता ने इसको लेकर एक कंपनी के CEO पर आरोप लगाया है.
Cyberbullying: इंटरनेट पर भले ही आजकल पैसा कमाना आसान हो गया है, लेकिन इसके साथ मुफ्त में आने वाली ट्रोलिंग और साइबरबुलिंग आपकी मेंटल हेल्थ को काफी परेशान कर सकती है. ऐसा ही एक मामला तमिलनाडु से सामने आया है. यहां 27 साल के एक फाइनेंशियल कंसल्टेंट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने मानसिक रूप से परेशान होकर आत्महत्या कर ली.
बताया जा रहा है कि इन्फ्लुएंसर लगातार हो रही साइबर बुलिंग, इंटरनेट पर अपमानजनक पोस्ट और बार-बार अपने ऑनलाइन चैनलों को ब्लॉक किए जाने से बेहद परेशान था, जिससे उसने आत्महत्या कर ली. मृतक वी हरीश के इंटरनेट पर 1.3 मिलियन फॉलोअर्स थे और यूट्यूब में 'फाइनेंस विद हरीश' नाम से एक चैनल चलाते थे, जिसमें वह पिछले 5 सालों से उन्हें फाइनेंस और इन्वेस्टमेंट से जुड़े कंटेंट शेयर करते थे. मंगलवार ( 20 अक्टूबर 2026) को चेन्नई के मुत्तुकाडु में अपने किराए के बंगले में फंदे से लटका पाया गया.
साइबरबुलिंग से परेशान इन्फ्लुएंसर
पुलिस के मुताबिक सितंबर 2026 में हरीश के ऑनलाइन चैनल और एक दूसरे सोशल मीडिया अकाउंट को बड़ी संख्या में रिपोर्ट और ब्लॉक कर दिया गया था. बाद में उन्होंने एक और चैनल खोला उसे भी ब्लॉक कर दिया गया. हरीश के पिता का दावा है कि उनके बेटे को वेंचर स्टूडियो 'जेमुरिया इंक' के CEO जेसन सैमुअल ने टारगेट किया था. सैमुअल के आरोपों के बाद मेटा की ओर से हरीश के इंस्टाग्राम अकाउंट को बंद कर दिया गया, जिसके बाद वे एक नए अकाउंट से वीडियो पोस्ट कर रहे थे.
बेटे को परेशान करने का आरोप
हरीश के पिता जे विनायगम ने आरोप लगाया कि जेसन सैमुअल लगातार उनके बेटे को टारगेट कर रहा था और उनकी साइबर बुलिंग भी कर रहा था. वह हरीश के खिलाफ अपमानजनक पोस्ट कर रहा था और उसे लगातार धमकियां दे रहा था. इसके बाद से ही हरीश लगातार मानसिक तनाव में रहते थे. पिता की शिकायत के मुताबिक, सैमुअल ने18 अक्टूबर 2026 को कुछ वीडियो-पोस्ट शेयर किए, जिसमें हरीश पर धोखाधड़ी और लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया गया.
ये भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की पूरी साजिश का खुलासा! अमृतसर से पिस्टल, मुंबई में बैग की डिलीवरी, फिर चलीं गोलियां
हरीश ने आत्महत्या से पहले एक पोस्ट शेयर कर उनके इस कदम के लिए सैमुअल को जिम्मेदार ठहराया. हरीश ने वीडियो में दावा किया कि सैमुअल ने धमकी दी थी कि वह उनके सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स को ब्लॉक करवा देगा और नए अकाउंट भी बनने से रोक देगा.
सैमुअल का बयान
आरोपों को लेकर सैमुअल ने एक पोस्ट के जरिए कहा कि उन्होंने केवल हरीश की योग्यता और उनके वित्तीय सलाह देने के अधिकार पर सवाल खड़े किए थे. सैमुअल का कहना था कि हरीश के पास SEBI का रजिस्टर्ड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर (RIA) लाइसेंस नहीं था और उन्होंने जनता को एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के साथ रजिस्ट्रेशन को लेकर गलत जानकारी शेयर की थी.
सैमुअल ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि हरीश इतना बड़ा कदम उठा लेंगे. मामले को लेकर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है.
Disclaimer: जीवन अनमोल है. जी भरकर जिएं. इसका पूरी तरह सम्मान करें. हर पल का आनंद लें. किसी बात-विषय-घटना के कारण व्यथित हों तो जीवन से हार मारने की कोई जरूरत नहीं. अच्छे और बुरे दौर आते-जाते रहते हैं. लेकिन कभी जब किसी कारण गहन हताशा, निराशा, डिप्रेशन महसूस करें तो सरकार द्वारा प्रदत्त हेल्पलाइन नंबर 9152987821 पर संपर्क करें.