सर्जरी, संघर्ष और कैंसर से जंग! सोनिया ने किताब में खोले बड़े राज, बेहोशी के बाद नजर आए थे राजीव गांधी
सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में कैंसर से जंग में खुलासा किया है. सियासी हलकों में इसकी चर्चा लंबे वक्त तक होती रही, लेकिन पुष्टि नहीं हो पाई. सोनिया ने अब पूरी कहानी बताई है.
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने मंगलवार को रिलीज हुई अपनी किताब में कबूला है कि उन्होंने यूपीए सरकार के दूसरे कार्यकाल में कैंसर से लंबी जंग लड़ी है. राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से चर्चा तो थी, लेकिन कभी सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं हुई थी.
सोनिया ने यह भी बताया कि उनकी दो सर्जरी कहां हुई थीं.पहली इटली में मिलान के पास यूरोपियन इंस्टीट्यूट ऑफ ऑन्कोलॉजी में, और दूसरी रॉटरडैम के इरास्मस यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर में. पहले यह कयास लगाए जा रहे थे कि उनकी सर्जरी न्यूयॉर्क के मेमोरियल स्लोन केटरिंग कैंसर सेंटर में हुई थी.
सोनिया ने कहां कराई सर्जरी?
सोनिया के अनुसार, उन्हें कभी-कभी अस्थमा और एलर्जी की समस्या तो होती थी, लेकिन 2010 तक उन्हें कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या नहीं थी. तब उन्हें ब्रेस्ट कैंसर के संदेह के चलते सर्जरी कराने की सलाह दी गई. उन्होंने भारत में सर्जरी न कराने का फैसला किया, क्योंकि वह मीडिया की भारी गहमागहमी से बचना चाहती थीं.
डॉक्टरों के साथ लंबी चर्चा के बाद, सोनिया गांधी ने डॉ. वेरोनेसी से सर्जरी कराने का फैसला किया. डॉ. वेरोनेसी एक जाने-माने सर्जन थे, जो यूरोपियन इंस्टीट्यूट के संस्थापक और हेड भी थे. अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में सोनिया लिखती हैं,'सर्जरी के दिन, जब मुझे ऑपरेशन थिएटर में ले जाया जा रहा था, तब राहुल और प्रियंका ने मेरा हाथ थामा और मेरे माथे को चूमा. उन्होंने मुझे भरोसा दिलाया कि सब कुछ ठीक हो जाएगा.'
डॉक्टरों ने हटाए दो ट्यूमर
बाद में, जब एनेस्थीसिया के असर से मैं पूरी तरह होश में नहीं थी, तो मैंने देखा कि डॉ. वेरोनेसी उनके साथ मेरे बिस्तर के पास खड़े थे. उन्होंने कहा,'चिंता की कोई बात नहीं है, सब कुछ ठीक रहा और अब शरीर में कैंसर का कोई अंश नहीं बचा है.' मुझे यह सुनकर बहुत राहत मिली. उन्होंने दो ट्यूमर हटाए थे, जिनमें से एक को एहतियात के तौर पर हटाया गया था, क्योंकि वह संदिग्ध नहीं था. साथ ही, उन्होंने सर्जरी के दौरान ही रेडिएशन (इंट्रा-ऑपरेटिव रेडिएशन) भी दिया, ताकि मुझे बाद में पांच सप्ताह तक रेडियोथेरेपी न करानी पड़े.
शुरुआती स्टेज में ट्यूमर का पता चला
हालांकि, एक साल बाद रूटीन फॉलो-अप टेस्ट में उनके पैंक्रियाज में एक गांठ का पता चला. इस बार सोनिया को इरास्मस भेजा गया, जहां पैंक्रियाज के जाने-माने सर्जन डॉ. कैस्पर वैन आइजिक ने उनका इलाज किया. इस बार भी, सर्जरी से पहले राहुल और प्रियंका उनके साथ मौजूद थे. जब वह उठीं, तो वह काफी घबराई हुई थीं और उन्हें बहुत प्यास लगी थी. तभी उन्होंने सुना कि वे लोग पुकार रहे थे, 'मां, मम्मा, सब ठीक है, कुछ गलत नहीं है. बाद में डॉक्टर ने बताया कि किस्मत से, ट्यूमर का पता शुरुआती चरण (प्री-कैंसरस स्टेज) में ही चल गया था.
'मैंने देखा राजीव मेरी तरफ हाथ बढ़ा रहे थे'
सोनिया यह भी बताती हैं कि अगस्त 2016 में, वाराणसी में भीषण गर्मी और उमस के बीच एक लंबे रोडशो के दौरान वह बेहोश होकर गिर गईं थीं. गिरने से उनके कंधे में चोट आई और उन्हें एक और ऑपरेशन करवाना पड़ा. दिल्ली ले जाते समय, जब वह होश और बेहोशी के बीच झूल रही थीं, तो उन्होंने लिखा,'तभी मैंने उन्हें फिर से देखा कि राजीव मेरी ओर हाथ बढ़ा रहे थे और मुझे तसल्ली देते हुए मुस्कुरा रहे थे, मानो कह रहे हों कि 'सब ठीक हो जाएगा'. शीला दीक्षित उस पूरे समय मेरे साथ थीं. उन्होंने बाद में बताया कि उन्होंने देखा कि फ्लाइट के बीच मैं अचानक मुस्कुराने लगी थी. मुझे यकीन है कि वह वही पल रहा होगा.'
इन घटनाओं के अलावा, उन्हें स्वास्थ्य संबंधी कोई और बड़ी समस्या नहीं हुई है.हालांकि, दिल्ली के ज्यादातर लोगों की तरह, सर्दियों में यहां की जहरीली हवा उन्हें भी परेशान करती है.