)
महाराष्ट्र के दिग्गज राजनेता और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SCP) के प्रमुख शरद पवार की तबियत खराब हो गई है. उन्हें छाती में दर्द महसूस हुआ था, जिसके बाद उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया. चेक अप के बाद अस्पताल के चेयरमैन और मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. परवेज के. ग्रांट ने एक आधिकारिक बयान जारी किया है. इस बयान में उन्होंने बताया, 'शरद पवार को छाती में दर्द यानी प्लुरिटिक पेन की शिकायत महसूस हुई थी. इसके बाद सामान्य जांच के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. उनकी हालत में सुधार है. हालांकि, एहतियात के तौर पर वे फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे.'
डॉ. ग्रांट ने कहा कि शरद पवार की हालत फिलहाल स्थिर है और डॉक्टर लगातार उनकी सेहत का ध्यान रखने में जुटे हैं. उन्हें किसी भी तरह के बड़े जोखिम से बचाने के लिए डॉक्टरों की गहन निगरानी में रखा गया है. उन्होंने कहा कि पवार की हालत में लगातार सुधार हो रहा है और चिंता की कोई बात नहीं है.
सूत्रों के मुताबिक, शरद पवार की उम्र और उनके पिछले मेडिकल इतिहास को देखते हुए डॉक्टर किसी भी प्रकार की कमी छोड़ने के मूड में नहीं है. यही वजह है कि उन्हें कुछ समय के लिए डॉक्टरों की देखरेख में ही अस्पताल में ही आराम करने की सलाह दी गई है. उनके स्वास्थ्य को लेकर अस्पताल की ओर से समय-समय पर मेडिकल बुलेटिन जारी किया जा रहा है, जिससे उनके समर्थकों को सही जानकारी मिलती रहे.
उधर, शरद पवार के बीमार होने और अस्पताल में भर्ती की खबर सामने आते ही महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल शुरू हो गई है. उनके शुभचिंतक, पार्टी कार्यकर्ताओं और दिग्गज नेता लगातार उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं. पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने रूबी हॉल क्लिनिक पहुंचकर उनकी सेहत की जानकारी भी ली. डॉक्टरों का कहना है कि पर्याप्त आराम और इलाज के बाद वे जल्द ही ठीक होकर फिर से राजनीतिक जीवन में वापस लौट सकते हैं.
डॉक्टरों के मुताबिक, 'प्लुरिटिक पेन' असल में छाती का वह दर्द होता है, जो सांस लेने, खांसने या छींकने पर बढ़ जाता है. यह आमतौर पर फेफड़ों के आवरण (प्लूरा) में सूजन या सीने से जुड़ी अन्य मामूली समस्याओं की वजह से होता है. यह ठीक होने वाला द्रद होता है. हालांकि बड़ी उम्र और बीमारियों से जुड़े पिछले इतिहास की वजह से कई बार समस्या जानलेवा भी बन जाती है.