'बालासाहेब मेरे लिए भगवान हैं, असली शिवसैनिक से माफी मांगती हूं'... तस्वीर फाड़ने पर घिरीं शायना, फिर विरोधियों को ललकारा
बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने के विवाद में घिरीं शायना एनसी ने माफी मांगी है. उन्होंने बालासाहेब को पिता समान और भगवान बताते हुए कहा कि उनका अपमान करने का कोई इरादा नहीं था.
बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है. शिवसेना नेता शायना एनसी ने बुधवार को अपनी पार्टी के अन्य नेताओं के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. यह प्रेस कॉन्फ्रेंस सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey Of Love' में वीर सावरकर को कथित तौर पर गलत तरीके से दिखाए जाने के विरोध में बुलाई गई थी.
इस दौरान शायना एनसी ने दर्जनों कैमरों के सामने कांग्रेस की सहयोगी बन चुकी शिवसेना (UBT) के प्रमुख उद्धव ठाकरे की तस्वीर उठाई और उसे फाड़ दिया. तस्वीर फाड़ते समय वह कैमरों के सामने मुस्कुराती भी नजर आईं. इसके बाद उन्होंने दूसरी तस्वीर उठाई. उसे भी कैमरों के सामने दिखाया और बीच से फाड़ना शुरू कर दिया, लेकिन तस्वीर पिछली वाली से अलग थी. यह तस्वीर बालासाहेब ठाकरे की थी. जैसे ही उनको यह मालूम हुआ, तो उनके चेहरे के हावभाव ही बदल गए. इस घटना के बाद उन्हें घेरना शुरू कर दिया गया. जिसके बाद अब शायना एनसी ने माफी मांगी है.
'मैं दिल से माफी मांगती हूं...'
शायना ने एक सोशल मीडिया पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट लिखा. इसमें उन्होंने बालासाहेब से पहली मुलाकात का भी जिक्र किया. इसी में उन्होंने माफी मांगते हुए लिखा,...मैं अच्छी तरह समझती हूं कि आम लोगों के दिलों में बालासाहेब के लिए कितना विश्वास और प्यार है. मेरे लिए और करोड़ों लोगों के लिए बालासाहेब सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि भगवान के समान थे. अगर मेरी किसी कार्रवाई से अनजाने में सच्चे शिवसैनिकों या बालासाहेब के प्रशंसकों की भावनाएं आहत हुई हैं तो मैं उनसे दिल से माफी मांगती हूं...'
एकनाथ शिंदे और संजय शिरसाट ने किया बचाव
अपनी पार्टी की नेता शायना को लेकर एकनाथ शिंदे ने कहा,'उनका अपमान किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं है; किसी को भी ऐसा करने की इजाजत नहीं है. शायना एनसी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है: जिस तस्वीर की बात हो रही है, उसमें बालासाहेब ठाकरे दिख रहे हैं, जिन्होंने कभी स्वातंत्र्यवीर सावरकर के अपमान के विरोध में सड़क पर उतरकर मणिशंकर अय्यर को चप्पल मारी थी और तस्वीर में जो हिस्सा फटा हुआ था, वह मणिशंकर अय्यर का चेहरा था. मैंने खुद इसे देखा है. इसलिए, बालासाहेब ठाकरे के प्रति किसी भी तरह का अनादर या अपमान बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, इसे कभी स्वीकार नहीं किया जाएगा.'
इसी मामले को लेकर मंत्री संजय शिरसाट ने कहा,'शिवसैनिकों की भावनाएं बालासाहेब से गहराई से जुड़ी हैं. हम बालासाहेब की वजह से ही मंत्री बने हैं और हम उनके प्रति किसी भी तरह का अपमानजनक व्यवहार या बयान बर्दाश्त नहीं करेंगे... शायना एनसी पहले ही माफी मांग चुकी हैं और उन्होंने कहा है कि यह गलती अनजाने में हुई थी. वैसे भी, मैंने पूर्व मंत्री मणिशंकर अय्यर की तस्वीर फाड़ी थी, बालासाहेब ठाकरे की नहीं. कुछ लोग राजनीतिक कारणों से विवाद खड़ा कर रहे हैं. बालासाहेब कभी नहीं चाहते थे कि शिवसेना कांग्रेस और एनसीपी के साथ हाथ मिलाए, लेकिन जो लोग उनकी विचारधारा के खिलाफ गए, वे अब उनकी तरफ से बोल रहे हैं... हम अपने दिन की शुरुआत और अंत बालासाहेब ठाकरे के नाम से करते हैं, और हम कभी भी उनका साथ नहीं छोड़ेंगे.'
उद्धव ठाकरे गुट ने किया विरोध
शिवसेना (यूबीटी) के नेताओं ने इसको लेकर आरोप लगाया कि वे राजनीतिक फायदे के लिए पार्टी संस्थापक के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि असल में उनकी विरासत का अपमान कर रहे हैं. यूबीटी कार्यकर्ताओं ने बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) मुख्यालय और आजाद मैदान पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने माफी की मांग की और सख्त कार्रवाई की अपील की. चौबीस घंटे बाद, शायना एनसी ने माफी मांग ली.