App

मुसलमानों की तुलना में हिंदुओं की आबादी भारत में बढ़ेगी या घटेगी? क्या कहती है प्यू की स्टडी

प्यू रिसर्च के नए आंकड़ों में कई चौंकाने वाले दावे किए गए हैं. इसमें कहा गया है कि भारत में हिंदुओं की तुलना में मुस्लिमों की प्रजनन दर तेज है. मुस्लिमों के बच्चों की औसत आयु भी हिंदुओं की तुलना में ज्यादा है.

मुसलमानों की तुलना में हिंदुओं की आबादी भारत में बढ़ेगी या घटेगी? क्या कहती है प्यू की स्टडी
Image Credit: प्यू की रिसर्च में कहा गया है कि 2035 तक इस्लाम सबसे बड़ा धर्म बन जाएगा.

प्यू रिसर्च सेंटर की नई स्टडी में कई चौंकाने वाले दावे किए गए हैं, खासकर भारत को लेकर.प्यू रिसर्च में साल 2070 तक दुनिया की धार्मिक आबादी का अनुमान लगाया गया है. इसमें बताया गया है कि आने वाले दशकों में भारत में हिंदुओं की बहुलता तो बनी रहेगी, लेकिन धार्मिक संरचना में धीरे-धीरे बदलाव आने का अनुमान है.

रिसर्च में कहा गया कि 2070 तक भारत की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 79% (2020 के आंकड़े) से घटकर 76% रह जाएगी, जबकि मुसलमानों की हिस्सेदारी 15% से बढ़कर 20% हो जाएगी.

मुस्लिम बच्चे हिंदुओं की तुलना में कम उम्र के

इस बदलाव का मुख्य कारण उम्र और प्रजनन दर में अंतर है.भारतीय मुसलमान हिंदुओं की तुलना में कम उम्र के हैं और औसतन उनके बच्चों की संख्या ज्यादा है. प्यू के इन अनुमानों के कारण भारत साउथ एशिया में हो रहे बड़े जनसांख्यिकीय बदलाव के सेंटरप्वॉइंट में नजर आता है.

हालांकि, ये अनुमान उन सनसनीखेज दावों या धारणाओं को गलत साबित करते हैं, जो अक्सर भारत की बदलती धार्मिक संरचना को लेकर किए जाते हैं.

हिंदुओं की आबादी घटेगी या बढ़ेगी?

रिपोर्ट के अनुसार, अगर मौजूदा जनसांख्यिकीय रुझान जारी रहते हैं, तो 2020 से 2070 के बीच भारत में हिंदू आबादी में 17.6 करोड़ का इजाफा होने की उम्मीद है. तब भी, देश की कुल आबादी में हिंदुओं का हिस्सा तीन-चौथाई से ज्यादा बना रहेगा. भारत में कुल प्रजनन दर में भारी गिरावट के बावजूद, हिंदू महिलाओं की तुलना में मुस्लिम महिलाओं के औसतन ज्यादा बच्चे हैं. प्यू के मुताबिक, इस बदलाव का मुख्य कारण 'डेमोग्राफिक मोमेंटम' है. 2020 में भारतीय मुसलमानों की औसत उम्र 24 साल थी, जबकि हिंदुओं की औसत उम्र 29 साल थी.

प्यू के अनुमान के मुताबिक, 2025 से 2030 के बीच भारत में मुस्लिम महिलाओं के औसतन 2.3 बच्चे होंगे, जबकि हिंदू महिलाओं के मामले में यह संख्या 1.8 होगी.

प्यू रिसर्च सेंटर की स्टेफनी क्रेमर ने बीबीसी को बताया,'हमें उम्मीद है कि भारत में धार्मिक बदलाव मुख्य रूप से हिंदुओं और मुसलमानों के बीच लंबे समय से चले आ रहे जनसांख्यिकीय अंतर के कारण होंगे. मुसलमान उम्र में छोटे हैं और उनकी प्रजनन दर ज्यादा है.'

उन्होंने कहा,'प्रजनन दर का यह अंतर काफी कम हो गया है. 1992 में यह प्रति महिला एक बच्चे से ज्यादा था, जो हाल के वर्षों में घटकर लगभग आधा बच्चा रह गया है, और इसके आगे भी और कम होने की संभावना है.'

रिप्लेसमेंट लेवल से नीचे हिंदुओं की आबादी

उन्होंने कहा,'लेकिन हिंदुओं की प्रजनन दर पहले ही 'रिप्लेसमेंट लेवल' से नीचे आ गई है, जबकि मुसलमानों की प्रजनन दर अगले दो दशकों तक इसके ऊपर बनी रहने का अनुमान है.' रिप्लेसमेंट लेवल वह स्तर है, जिस पर नई जन्म दर आबादी को स्थिर बनाए रखने के लिए काफी होती है.

प्रिंसटन यूनिवर्सिटी के भारतीय डेमोग्राफी एक्सपर्ट केएस जेम्स का कहना है कि ये अनुमान कोई चौंकाने वाली बात नहीं है. उन्होंने बीबीसी को बताया,'मुसलमानों और हिंदुओं के बीच प्रजनन दर का अंतर साफ है, जिसका मतलब है कि आने वाले कुछ दशकों तक मुस्लिम आबादी की वृद्धि दर तेज रहने की संभावना है. लेकिन सभी धार्मिक समुदायों में प्रजनन दर घट रही है और उम्मीद है कि यह अंतर और कम होता जाएगा.'

उन्होंने कहा, 'आखिर में, ये दोनों दरें एक समान स्तर पर आ जाएंगी. ये अनुमान भारत की डेमोग्राफी में किसी बहुत बड़े या नाटकीय बदलाव की ओर इशारा नहीं करते.'

क्या हिंदुओं से ज्यादा हो जाएगी मुस्लिमों की आबादी?

डेमोग्राफर्स ने उन दावों को खारिज किया है कि एक समय ऐसा आएगा, जब मुसलमानों की संख्या भारत में हिंदुओं से ज्यादा हो जाएगी. उनका कहना है कि भारत में जनसंख्या परिवर्तन के पीछे बड़े पैमाने पर धर्म परिवर्तन होने का कोई सबूत नहीं है, और ये अनुमान भी ऐसे 'डरावने परिदृश्यों' का समर्थन नहीं करते हैं.

रिपोर्ट के अनुसार, पूरे दक्षिण एशिया की स्थिति भी काफी कुछ साफ कर देती है. अनुमान है कि 2070 तक पाकिस्तान की मुस्लिम आबादी दोगुनी से भी ज्यादा होकर 46.1 करोड़ हो जाएगी, जिससे वह इंडोनेशिया को पीछे छोड़कर दुनिया में सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाला देश बन जाएगा. भारत 33.4 करोड़ मुसलमानों के साथ दूसरे स्थान पर होगा, जबकि बांग्लादेश की मुस्लिम आबादी बढ़कर 21.8 करोड़ हो जाएगी. इस बीच, भारत और नेपाल दुनिया के एकमात्र ऐसे देश बने रहेंगे, जहां हिंदू बहुसंख्यक हैं. इन क्षेत्रीय बदलावों के पीछे एक वैश्विक कहानी नजर आती है.

रिपोर्ट के अनुसार, 2035 तक मुसलमानों की संख्या ईसाइयों से आगे निकल सकती है, जिससे वे दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक समूह बन जाएंगे. 2070 तक, इनकी संख्या 2020 के 2.02 अरब से बढ़कर 3.64 अरब तक पहुंचने का अनुमान है.

कैसे हुई प्यू की स्टडी

इस स्टडी में 201 देशों और क्षेत्रों के आंकड़ों के आधार पर अगले 50 साल में दुनिया की धार्मिक संरचना का अनुमान लगाया गया है, जिसमें लगभग पूरी वैश्विक आबादी शामिल है.इस स्टडी में साल 2020 से 2070 के बीच सात धार्मिक समूहों पर नजर रखी गई और माना गया कि मौजूदा जनसांख्यिकीय रुझान जारी रहेंगे. जनगणना और सर्वेक्षण के आंकड़ों का इस्तेमाल करते हुए, साल 2020 में हर ग्रुप की संख्या और आयु संरचना को तय किया गया, साथ ही प्रजनन दर और धर्म परिवर्तन जैसे फैक्टर्स को भी ध्यान में रखा गया.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rachit Kumar

Rachit Kumar

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More