)
भारत और रूस की गहरी होती दोस्ती से पश्चिमी देश बेचैन हैं और वो भारत के रूस से तेल खरीदने की लगातार आलोचना कर रहे हैं. इस बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उन्हें दो टूक जवाब दिया है. नई दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान विदेश मंत्री ने याद दिलाया कि जब 1950 और 1971 के दौर में ज्यादातर देश पाकिस्तान की फौजी हुकूमत के पीछे खड़े थे, तब सिर्फ रूस ही था, जिसने भारत की सुरक्षा और जमीन की खातिर खुलकर साथ निभाया. उन्होंने साफ किया कि मॉस्को हमेशा नई दिल्ली के साथ डटकर खड़ा रहा है.
4 अक्टूबर को विदेश मंत्री नई दिल्ली में आयोजित म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में शामिल हुए. जहां उन्होंने भारत और रूस के रिश्तों पर खुलकर बात की. जयशंकर ने कहा, 'दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक रूप से बेहद मजबूत रिश्ते रहे हैं और वही अनुभव आज भी दोनों के संबंधों की दिशा तय करते हैं. लोग न तो अच्छा इतिहास भूलते हैं और न ही बुरा इतिहास.'
एस जयशंकर ने 1950 के दशक को याद किया, जब भारत को रूस और सोवियत संघ ने समर्थन किया था. उन्होंने कहा, 'उस दौर में दुनिया के ज्यादातर देश पाकिस्तान के सैन्य शासन का समर्थन कर रहे थे, लेकिन रूस ने भारत का साथ निभाया.' जयशंकर का यह इशारा 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की तरफ था, जब पाक के समर्थन में अमेरिका ने अपना टास्क फोर्स 74 बंगाल की खाड़ी में भेज दिया था और उस वक्त सोवियत संघ ने भारत की ढाल बनकर मदद की थी.
#WATCH | Delhi: 62nd Munich Security Conference | On the future of India and Russia's relationship, External Affairs Minister Dr. S. Jaishankar says, "India and Russia have historically very good relations, particularly since the 1950s. That history is not forgotten... For us,… pic.twitter.com/lQ4gqZopdU
— ANI (@ANI) October 4, 2026
रूस के साथ भारत की गहरी होती दोस्ती पर सवाल उठाने वाले पश्चिमी देशों को जवाब देते हुए जयशंकर ने कहा, 'रूस के साथ भारत का अनुभव लगातार सकारात्मक रहा है.' उन्होंने आगे समझाया कि 1970 और 1980 के दशकों से यह साझेदारी लगातार विकसित हुई है. सैन्य और परमाणु सहयोग के साथ-साथ अब व्यापार, ऊर्जा और प्राकृतिक संसाधनों के क्षेत्र में भी दोनों देशों के रिश्ते काफी तेजी से आगे बढ़े हैं.
एस जयशंकर का यह बयान ऐसे वक्त आया है, जब अमेरिका और यूरोपीय देश रूस से सस्ता कच्चा तेल खरीदने को लेकर भारत पर उंगली उठा रहे हैं. विदेश मंत्रालय इन आरोपों को पहले ही बेतुका और बेबुनियाद बता चुका है. मंत्रालय साफ कर चुका है कि दुनिया भर में तेल के दाम काबू में रहें, इसलिए शुरुआत में खुद अमेरिका ने भारत को रूसी तेल खरीदने के लिए बढ़ावा दिया था.
म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के अलावा जयशंकर ने संसद की सलाहकार समिति को भी बताया कि सरकार रूस के साथ कारोबार, निवेश और ऊर्जा के क्षेत्र में रिश्तों को और मजबूत करने की तैयारी में है. उन्होंने साफ किया कि भारत के लिए अपने आम लोगों और उपभोक्ताओं के फायदे सबसे पहले हैं. बैठक में उन्होंने कहा, 'हमारा रुख यही है कि जरूरतों के लिए सामान मंगाने के रास्ते कई होने चाहिए, किसी एक पर निर्भर नहीं रहना है.'
यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध पर भी विदेश मंत्री का बयान आया. उन्होंने एक फिर दोहराया कि लड़ाई को बातचीत, कूटनीति और टेबल पर बैठकर ही सुलझाया जा सकता है. उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों में भारत सिर्फ शांति की बात कहने तक नहीं रुका, बल्कि उसने सीधे रूस और यूक्रेन दोनों से बात भी की है. इस दौरान ब्लैक सी में जहाजों की हिफाजत, अनाज मंगाने, तेल-गैस भेजने और बिजली-पानी जैसी जरूरी सुविधाओं पर हमलों को लेकर दोनों पक्षों से खुलकर चर्चा हुई. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस बात को याद दिलाया, जो उन्होंने 2022 में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से आमने-सामने कही थी कि "आज का दौर जंग का दौर नहीं है." इसके साथ ही जयशंकर ने बैठक में पीएम मोदी का वह ताजा संदेश भी सामने रखा, जिसमें उन्होंने पुतिन से कहा था कि 'अब इस कभी न खत्म होने वाली जंग को रोककर शांति लाने का वक्त आ गया है.'