)
नशा मुक्त भारत अभियान में लगातार तेजी आ रही है. रोजाना देश के कई शहरों से नशे की खेप बरामद होकर नशे के सौदागरों को गिरफ्तार किया दा रहा है. इस नशा मुक्त भारत अभियान की ताजा कामयाबियों की बात करें तो गुजरात की पुलिस ने राजकोट जिले में शातिराना तरीके से गांजे की खेती करने वाले एक शख्स पर शिकंजा कसा है. इस मामले को लेकर आई जानकारी के मुताबिक इस किसान ने अपनी कथित आर्थिक तंगी से पार पाने के लिए, गांजे की खेती के अवैध कारोबार का रास्ता चुन लिया. हालांकि कानून के लंबे हाथों से वो खुद को ज्यादा दिनों तक बचा नहीं पाया.
राजकोट ग्रामीण के विंछिया तालुका के छसिया गांव में, किसान ने अपने खेत में अरहर (तुवर की दाल) और मक्के की फसलों के बीच गांजे के पौधे छिपाकर उगाए थे. ग्रामीण SOG (स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप) को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर अधिकारियों ने छापेमारी की और वहां से 250 गांजे के पौधे बरामद किए. पुलिस की जांच में कुल 705 किलोग्राम और 490 ग्राम गांजा मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत 3.52 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है.
पुलिस ने आरोपी किसान को गिरफ्तार कर लिया है और अब इस बात की जांच तेज कर दी है कि गांजे के बीज कहां से आए थे और इस अवैध माल को किसे बेचा जाना था. इससे एक बड़ा सवाल खड़ा होता है, क्या इस किसान के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है, जिसने खेती की आड़ में गांजे की पैदावार की?
इस पूरे मामले पर राजकोट ग्रामीण SP विजयसिंह गुर्जर ने बताया कि राजकोट स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप को गुप्त सूचना मिली थी कि विंछिया तालुका के छसिया गांव के 'जरदा सिम' इलाके में, सावशी मिथापारा नाम का एक किसान अपने खेत में गांजे की खेती कर रहा है. इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए, ग्रामीण SOG की टीम ने मौके पर छापा मारा. तलाशी के दौरान हमें फसलों के बीच छिपाकर रखे गए सूखे और ताजे गांजे के पौधे मिले.
दो बार गिनती के बाद कुल 250 पौधे बरामद किए गए. ये पूरी जांच फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) के अधिकारियों और सरकारी गवाहों की मौजूदगी में की गई. FSL जांच में यह पुष्टि होने के बाद कि ये पौधे वास्तव में गांजा (cannabis) ही हैं, पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
नशा मुक्त भारत अभियान की कुछ और ताजा कामयाबियों की बात करें तो दिल्ली से सटे यूपी के नोएडा में डेढ़ करोड़ का गांजा बरामद हुआ है. पुलिस ने एक ट्रक से करीब 177 किलो अवैध गांजा बरामद किया है. इस गांजे की कीमत करीब डेढ करोड रुपए बताई जा रही है.
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की निशातपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक से 11 सौ पेटी अवैध शराब जब्त की है. मध्य प्रदेश के बैतूल के चिचोली में देर रात शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई है.