App

'युवाओं को हर हाल में नशाखोरी से बचाना है', मंत्रियों की बैठक में भावुक हुए PM मोदी, बोले- नक्सलवाद खत्म हो सकता है तो नशा क्यों नहीं?

पीएम मोदी देश में नशाखोरी की बढ़ती समस्या को लेकर सख्त हो गए हैं. मनीला से लौटते ही उन्होंने मंत्रिपरिषद की बैठक बुलाई, जिसमें नशे से तबाह होती युवाओं की जिंदगी पर बात करते हुए वे भावुक हो गए.

'युवाओं को हर हाल में नशाखोरी से बचाना है', मंत्रियों की बैठक में भावुक हुए PM मोदी, बोले- नक्सलवाद खत्म हो सकता है तो नशा क्यों नहीं?
Image Credit: नशाखोरी पर बात करते हुए पीएम मोदी भावुक हो गए

फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित आसियान शिखर सम्मेलन-2026 में भाग लेकर पीएम मोदी देश वापस लौट आए हैं. वापस आते ही उन्होंने मंत्रिपरिषद की बैठक ली. बैठक के दौरान विभिन्न मंत्रालयों की ओर से तीन प्रजेंटेशन दिए गए. इस दौरान देश में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर भी चर्चा हुई तो पीएम मोदी भावुक हो गए. रुंधे गले से पीएम ने कहा कि पीएम युवाओं को नशे से बचाना है. उन्होंने कहा कि जब देश में नक्सलवाद की समस्या खत्म हो सकती है तो नशाखोरी भी खत्म की जा सकती है.

नशे की समस्या पर बात करते हुए भावुक हुए पीएम मोदी

देश में नशे की समस्या पर भावुक हुए पीएम मोदी ने मंत्रियों से साफ कहा कि इस समस्या को जड़ से खत्म करना है. तस्करों पर कड़ी कार्रवाई करके देश की युवा पीढ़ी को इसके चंगुल में फंसने से बचाना होगा. उन्होंने सभी मंत्रियों से कहा कि वे अपने-अपने स्तर पर इस बुराई के खिलाफ अभियान शुरू करें.

प्रधानमंत्री ने मंत्रियों को ताकीद किया कि नक्सलवाद खत्म हो चुका है. लेकिन ध्यान रखें कि किसी भी सूरत में अब उसकी वापसी न हो. उन्होंने यह भी कहा कि जो पचास करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं, वे वापस गरीबी में न जाएं.

'हमारे देश के लोग ईट, ड्रिंक एंड मेरी में विश्वास नहीं करते'

पीएम मोदी ने कहा, वर्ष 2014 में जब सरकार बनी थी, तब सेंट्रल हॉल में मैंने कहा था कि यह सरकार गरीबों के लिए है. अब  पचास करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ गए हैं. ऐसे में अब सभी को बचत पर खास ध्यान देना होगा. भारतीयों की आदत बचत की है. हमारे देश के लोग ईट, ड्रिंक एंड मेरी में विश्वास नहीं करते.

मंत्रिपरिषद की बैठक में अधिकारियों ने पीएम के सामने तीन प्रजेंटेशन भी दिए. पहला प्रेजेंटेशन पचास करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने पर दिया गया. वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट में कहा गया है कि पचास करोड़ भारतीय ग़रीबी रेखा से बाहर निकले हैं.

जी न्यूज भी चला रहा 'नशा मुक्त भारत' अभियान

बैठक में ग्यारह अलग- अलग मंत्रालयों के सचिवों की ओर से प्रजेंटेशन दिया गया. इनमें वित्त मंत्रालय, आर्थिक मामले, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, फिशरीज आदि मंत्रालय और विभाग शामिल रहे. बताया गया किस तरह केंद्र सरकार की अलग अलग योजनाओं के कारण पचास करोड़ लोगों को ग़रीबी रेखा से बाहर निकालने में मदद मिली है.

बता दें कि नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए जी न्यूज ने भी अपने स्तर पर पहल की है. इसके लिए जी मीडिया ने इस सोमवार से राष्ट्रीय स्तर पर नशा मुक्त भारत अभियान लॉन्च किया है. इस अभियान के तहत लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है. साथ ही, नशे का धंधा कर लोगों की जिंदगी से खेलने वाले लोगों की पोल भी खोली जा रही है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More