App

अर्धनारीश्वर के बहाने राहुल गांधी का BJP-RSS पर हमला, शिव-पार्वती के इस स्वरूप में ऐसा क्या है जो छेड़ गया नई बहस?

आरएसएस और बीजेपी की विचारधारा पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने एक बार फिर तीखा हमला बोला है. उन्होंने देश की आध्यात्मिक परंपराओं का जिक्र करते हुए क्या बड़ी बात कही, जानिए पूरी खबर.

अर्धनारीश्वर के बहाने राहुल गांधी का BJP-RSS पर हमला, शिव-पार्वती के इस स्वरूप में ऐसा क्या है जो छेड़ गया नई बहस?
Image Credit: RSS और BJP की विचारधारा पर फिर भड़के राहुल गांधी, आध्यात्मिक परंपराओं का जिक्र कर साधा निशाना

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने बीजेपी और आरएसएस पर भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की समझ न होने का आरोप लगाया. 

अपने इस पोस्ट के साथ राहुल गांधी ने महाराष्ट्र की प्रसिद्ध एलिफेंटा गुफाओं की 'अर्धनारीश्वर' मूर्ति की एक तस्वीर भी साझा की है, जिसमें भगवान शिव और देवी पार्वती को एक ही संयुक्त रूप में दर्शाया गया है. राहुल गांधी का यह बयान उस राजनीतिक विवाद के कुछ ही दिनों बाद आया है, जो उनकी मां सोनिया गांधी के संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव'के विमोचन के मौके पर दिए गए उनके एक बयान के बाद खड़ा हुआ था.

 

 

अर्धनारीश्वर की तस्वीर के साथ साधा निशाना

अपनी पोस्ट में राहुल गांधी ने बीजेपी और आरएसएस के प्रति बेहद कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया. उन्होंने दोनों संगठनों को 'असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी मानसिकता वाला' करार दिया. राहुल ने लिखा, 'मैं भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की गहराई में जितना अधिक जाता हूं, यह बात उतनी ही स्पष्ट होती जाती है कि बीजेपी और आरएसएस को इन परंपराओं की बिल्कुल भी समझ नहीं है.'

शिव-पार्वती की मूर्ति को लेकर पहले भी किया था पोस्ट

रविवार की इस पोस्ट से पहले बीते मंगलवार को भी राहुल गांधी ने इसी तरह का एक पोस्ट साझा किया था. उस पोस्ट में उन्होंने 12वीं सदी के एक मंदिर की मूर्ति की तस्वीर लगाई थी, जिसमें देवी पार्वती को भगवान शिव की गोद में बैठे हुए दिखाया गया है.

तब राहुल गांधी ने कहा था कि डर, गुस्से और नफरत ने बीजेपी और आरएसएस समर्थकों के दिलों में एक ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम व्यक्त करने से रोकता है. उन्होंने आगे लिखा था, 'एक सच्चे हिंदू के रूप में यह मेरा कर्तव्य है कि मैं उन्हें इस जाल से मुक्त करूं, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनेपन की अद्भुत सुंदरता और आनंद का अनुभव कर सकें. सत्यम शिवम सुंदरम.'

कैसे शुरू हुआ था ये विवाद?

यह पूरा सिलसिला पिछले सोमवार को सोनिया गांधी की किताब के विमोचन समारोह से शुरू हुआ था, जहां राहुल गांधी ने अपने माता-पिता (सोनिया और राजीव गांधी) के बीच के गहरे स्नेह और रिश्ते को याद किया था. कार्यक्रम में बोलते हुए राहुल ने कहा था कि घर पर भोजन के समय, 'वहां पापा होते थे, और पापा की गोद में मम्मा बैठी होती थीं.' 

राहुल ने बताया था कि बचपन में वे इसे एक सामान्य बात समझते थे और जब वे अपने दोस्तों के घर जाते थे, तो वहां उनके माता-पिता को इस तरह स्नेह जताते न देखकर उन्हें हैरानी होती थी. उन्होंने कहा, 'मैं अपने दोस्तों से पूछता था कि दोस्तों, यह क्या चल रहा है? तुम्हारी मां तुम्हारे पिता की गोद में क्यों नहीं बैठी हैं?'

राहुल ने पारिवारिक त्रासदियों को भी किया याद

इसी भाषण के दौरान राहुल गांधी ने अपने परिवार पर टूटे निजी दुखों और त्रासदियों को भी याद किया. उन्होंने अपनी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या का जिक्र करते हुए कहा, 'और फिर हमने देखा कि यह सब अचानक बिखर गया... हमने अपने एक सहारे (इंदिरा गांधी) को गोली लगते देखा, और फिर हमने अपने सबसे बड़े सहारे (राजीव गांधी) को टुकड़ों में बिखरते देखा.'

हिमंत बिस्वा सरमा का तंज और कांग्रेस का बचाव

राहुल गांधी के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल के भाषण का एक वीडियो क्लिप साझा करते हुए उन पर तंज कसा. सरमा ने लिखा, 'माफ कीजिए मैडम, वह आपके जीवन के इतने खास दिन पर भी आपको शर्मिंदगी से नहीं बचा सके. देश ने तो यह बहुत पहले ही समझ लिया था. उम्मीद है अब आप भी इसे देख लेंगी; यह प्रोडक्ट अब लॉन्चिंग और री-लॉन्चिंग से परे जा चुका है.'

सोशल मीडिया राहुल की आलोचना के साथ समर्थन भी

सोशल मीडिया पर भी एक वर्ग ने राहुल गांधी के बयान की आलोचना की, जबकि कई लोगों ने उनका समर्थन करते हुए कहा कि वे बस अपने माता-पिता के बीच के स्नेह के बारे में बेहद सहजता और ईमानदारी से बात कर रहे थे. वहीं, कांग्रेस पार्टी ने अपने नेता का मजबूती से बचाव किया. पार्टी ने एक्स पर राहुल के बयान को टैग करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने रिश्तों में प्रेम, स्नेह और समानता को लेकर एक बेहद जरूरी संवाद की शुरुआत की है. कांग्रेस ने लिखा, 'प्रेम को छिपाने की जरूरत नहीं है, स्नेह कोई कमजोरी नहीं है, और समानता की शुरुआत अपने साथी को बराबर का दर्जा देने से होती है.'

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ravindra Pratap Singh

Ravindra Pratap Singh

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More