)
मथुरा में आयोजित कांग्रेस के 'सामाजिक न्याय अधिकार सम्मेलन' में शिरकत करने पहुंचे पार्टी के ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद ने राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों पर गंभीर सवाल उठाए हैं. कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान पंचायत चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है, जिसके चलते भारतीय जनता पार्टी को जीत हासिल हुई. जयहिंद ने दावा किया कि यदि चुनाव निष्पक्ष होते और धांधली नहीं की जाती, तो भाजपा राजस्थान में शायद एक भी सीट नहीं जीत पाती. उन्होंने कहा कि बहुत जबरदस्त तरीके से धांधली होने के बाद ही भाजपा की थोड़ी-बहुत सीटें आ पाई हैं, लेकिन आगामी चुनाव में उत्तर प्रदेश के भीतर उनका राजस्थान से भी बुरा हाल होने जा रहा है.
दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली का हवाला देते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि वहां जुटी भारी भीड़ केवल पार्टी कार्यकर्ताओं की नहीं थी, बल्कि वे देश के कमजोर, दलित और पिछड़े वर्ग के लोग थे जो कथित 'वोट चोरी' और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के हनन से परेशान होकर सड़कों पर उतरे हैं. उन्होंने कहा कि अब इस लड़ाई को कोई रोक नहीं पाएगा क्योंकि देश का गरीब, दलित, पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग अपने हक के लिए खड़ा हो चुका है.
उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और सामाजिक स्थिति पर राज्य सरकार को घेरते हुए अनिल जयहिंद ने आरोप लगाया कि प्रदेश में गरीब, दलित और पिछड़ा वर्ग खुद को बेहद परेशान और असुरक्षित महसूस कर रहा है. उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार में दलितों और पिछड़ों को मिलने वाले आरक्षण के अधिकार को खत्म किया जा रहा है और जगह-जगह दबंगों द्वारा कमजोर वर्गों का उत्पीड़न हो रहा है. हाल ही में गाजीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक बेटी के साथ हुए दुर्व्यवहार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस तरह की कई घटनाएं घट चुकी हैं, जिसके खिलाफ अब आम जनता जाग चुकी है. भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि से संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने हमेशा कमजोरों की लड़ाई लड़ी थी, और आज प्रदेश की जनता लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव का इंतजार कर रही है ताकि आगामी चुनाव में सत्ताधारी दल का सूपड़ा साफ किया जा सके.
आगामी विधानसभा चुनावों में विपक्षी गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर पूछे गए सवालों पर अनिल जयहिंद ने स्पष्ट किया कि विरोधी दल चाहते हैं कि गठबंधन न हो, लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव दलित, आदिवासी और गरीब वर्ग के हितों की रक्षा के लिए मिलकर सीट शेयरिंग करेंगे. 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि 80 में से 75 सीटें जीतने का दावा करने वाले लोग 36 सीटों पर सिमट गए थे और विधानसभा चुनाव में भी वैसा ही गठबंधन देखने को मिलेगा. सीटों की संख्या पर अंतिम निर्णय राहुल गांधी के ऊपर छोड़ते हुए उन्होंने कहा कि पूरी पार्टी उनके फैसले के साथ खड़ी है और यह चुनाव संविधान की जीत साबित होगा.
(मथुरा से कन्हैया लाल शर्मा की रिपोर्ट)