कौन है राहुल के 'ननिहाल' का वो नेता जिसने लगाया 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा? एक ताली ने बढ़ाई कांग्रेस की मुश्किल
राहुल गांधी द्वारा इटालियन नेता के 'वोट चोर, गद्दी छोड़' नारे पर ताली बजाने का वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी ने इसे देश के खिलाफ विदेशी दखल करार दिया है. इस मामले पर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है.
हैदराबाद में आयोजित 'भारत समिट' में एक विदेशी प्रतिनिधि के बयान को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वे विदेशी राजनीतिक प्रतिनिधियों को भारत की घरेलू राजनीति में दखल देने का मौका दे रहे हैं. यह पूरा विवाद शनिवार को कांग्रेस शासित तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में हुए 'भारत समिट' से शुरू हुआ.
इस सम्मेलन में पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स (PES) के महासचिव और इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने मंच से विपक्ष का चर्चित नारा 'वोट चोर, गद्दी छोड़' लगाया. इतना ही नहीं, उन्होंने इसका अंग्रेजी में अनुवाद करते हुए 'Vote thief, leave your seat' भी कहा. इस दौरान मंच पर मौजूद राहुल गांधी हंसते हुए नजर आए. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी और विपक्षी दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है.
बीजेपी का राहुल गांधी और कांग्रेस पर सीधा हमला
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर राहुल गांधी की हंसी पर सवाल उठाए. उन्होंने लिखा कि क्या आपने कभी किसी को तब हंसते हुए देखा है जब कोई विदेशी भारत का अपमान कर रहा हो? रिजिजू ने तंज कसते हुए यह भी कहा कि वे यह नहीं पूछ रहे कि कौन सा भारतीय विदेश जाकर देश का अपमान करता है.
अमित शाह का कांग्रेस पर हमला
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र की एक चुनावी रैली में इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया. उन्होंने कहा कि लगातार तीन लोकसभा चुनाव हारने की हताशा के कारण कांग्रेस अब ऐसी हरकतें कर रही है. शाह के अनुसार, कांग्रेस ने देश और विदेश से वामपंथी विचारधारा के प्रचारकों को बुलाया और सम्मेलन का नाम 'भारत समिट' रखा, लेकिन वहां राहुल गांधी ने भारत विरोधी विचार रखकर पूरी दुनिया में देश को बदनाम करने का काम किया. गृह मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपनी विदेश यात्राओं के दौरान भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि खराब करते हैं.
कौन है इटली जियाकोमो फिलिबेक
1978 में इटली में जन्मे जियाकोमो फिलिबेक एक प्रमुख यूरोपीय समाजवादी राजनेता हैं. उन्होंने अपने करियर का अधिकांश समय युवा संगठनों और अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक आंदोलनों के साथ काम करते हुए बिताया है. वे वर्ष 2023 से यूरोप के प्रमुख राजनीतिक समूहों में शामिल 'पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स' के महासचिव के पद पर कार्यरत हैं. इस अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप और बयानों के बाद देश की सियासत गरमा गई है.
'इटली कनेक्शन' को लेकर बीजेपी की तीखी प्रतिक्रिया
विदेशी नेता के इटली से होने के कारण बीजेपी ने एक बार फिर सोनिया गांधी के मूल निवास का मुद्दा छेड़ दिया है. तेलंगाना से आने वाले केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने इस आयोजन को 'भारत विरोधी समिट' करार दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पहले एक इतालवी नागरिक को भारत का प्रधानमंत्री बनाने की कोशिश की थी और अब अपने इस सम्मेलन में एक इतालवी राजनीतिक नेता से भारत के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करवा रही है.
यह भी पढ़ेंः 'आप मेरा टिकट खरीद लीजिए...' जब मेट्रो सफर के दौरान डीके शिवकुमार के पास नहीं थे पैसे, तो PM मोदी ने ऐसे की मदद
बांदी संजय कुमार ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि राज्य सरकार ने विदेशी प्रतिनिधियों को घरेलू राजनीति में हस्तक्षेप करने के लिए मंच प्रदान किया और राहुल गांधी उस पर बेशर्मी से हंस रहे हैं. तेलंगाना बीजेपी के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने भी तेलुगु भाषा में पोस्ट कर इसे देशद्रोह जैसा कदम बताया. उन्होंने सवाल किया कि विदेशी नेताओं को हमारे देश के लोकतंत्र का मजाक उड़ाने देना और उनकी टिप्पणियों पर गर्व से तालियां बजाना क्या देशद्रोह नहीं है?
कांग्रेस और सहयोगी दलों का पलटवार
बीजेपी के इन तीखे हमलों के बीच कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने न केवल इस नारे का बचाव किया, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने बयानों और विदेश दौरों की याद दिलाकर पलटवार भी किया. दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि लूट और भ्रष्टाचार की गद्दी पर बैठे लोगों, खासकर मोदी सरकार और भाजपा को भ्रष्टाचार पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है. विदेशी नेता द्वारा नारा लगाए जाने के सवाल पर तिवारी ने कहा कि अगर कोई विदेशी यहां आकर यह बात कह रहा है, तो सत्ता पक्ष को इस पर आत्ममंथन करने की जरूरत है.
कांग्रेस प्रवक्ता ने दिलाई 'हाउडी मोदी' कार्यक्रम की याद
कांग्रेस प्रवक्ता गिरिजा शेटकर ने 'एक्स' पर 2019 के 'हाउडी मोदी' कार्यक्रम की याद दिलाई. उन्होंने सवाल पूछा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के ह्यूस्टन में राष्ट्रपति चुनाव से पहले डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन में 'अबकी बार ट्रंप सरकार' का नारा दिया था, तो क्या वह दूसरे देश के आंतरिक मामलों में दखल नहीं था? इस विवाद में शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत भी कूद पड़े. उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसा. राउत ने कहा कि अगर मोदी इटली की प्रधानमंत्री को 'मेलोडी' चॉकलेट दे सकते हैं, तो इटली का कोई राजनेता भी भारत आकर इस देश के बारे में बोल सकता है.
सम्मेलन में क्या बोले थे इतालवी नेता और राहुल गांधी?
दरअसल, तेलंगाना सरकार द्वारा आयोजित इस 'भारत समिट' में दुनिया भर के प्रगतिशील बुद्धिजीवियों और कांग्रेस की विचारधारा से मेल खाने वाले दलों को बुलाया गया था. अपने भाषण में जियाकोमो फिलिबेक ने भारत में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों की सराहना की. उन्होंने कहा कि छात्र, युवा और विपक्षी दल शिक्षा सुधार और मतदाता सूची से लाखों नाम हटाए जाने के खिलाफ जवाबदेही तय करने के लिए सड़कों पर उतरे हैं. फिलिबेक ने कहा कि इस लड़ाई के केंद्र में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और राहुल गांधी का नेतृत्व खड़ा है. इसी भाषण के अंत में उन्होंने 'वोट चोरी' वाला नारा लगाया था.
दूसरी ओर, राहुल गांधी ने अपने भाषण की शुरुआत में केंद्र सरकार पर विदेशी मेहमानों को रोकने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कई विदेशी प्रतिनिधि और नेता इस सम्मेलन में शामिल होने वाले थे, लेकिन वैध वीजा होने के बावजूद भारत सरकार ने उन्हें देश में प्रवेश की अनुमति नहीं दी. राहुल गांधी ने इसके लिए उन मेहमानों से माफी मांगी और अपने भाषण में एक बार फिर 'वोट चोरी' के आरोपों को दोहराया.
यह भी पढ़ेंः 'अगर 13 करोड़ वोट अवैध थे, तो उससे चुनी सरकार वैध कैसे?' राहुल गांधी ने 2024 के चुनावी नतीजों पर उठाए सवाल