'मुसलमानों को न बेचें हिंदुओं की जमीन'... पश्चिम बंगाल में विवादित बोर्ड पर बवाल, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश?
यह मामला पूर्व बर्धमान का है, जहां कुछ विवादित बोर्ड लगने से सियासी बवाल मच गया है. इन बोर्डों पर मुसलमानों को हिंदुओं की जमीन न बेचने का फरमान लिखा था. मामला गरमाते ही पुलिस ने सभी बोर्ड हटवा दिए हैं.
पश्चिम बंगाल में धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की एक कोशिश का मामला सामने आया है. पूर्व बर्धमान जिले के औसग्राम और मंगलकोट इलाके के दो गांवों में सड़क किनारे कुछ विवादित बोर्ड लगाने से तनाव बढ़ गया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी बोर्ड्स को हटा दिया है. इन विवादित बोर्ड्स पर लाल और काली स्याही से हिंदुओं की जमीन किसी भी हाल में मुसलमानों को न बेचने की बात लिखी थी. इस मामले को लेकर अब सूबे की सियासत भी गरमा गई है.
विवादित पोस्टर औसग्राम के गोविंदपुर और मंगलकोट के रघुनाथपुर गांव में सड़क किनारे कुल 4 जगह लगे थे. उन पर लिखा था, हिंदुओं की जमीन और जगह किसी भी मुसलमान को नहीं बेची जा सकती. पहले से खरीदी गई जमीन पर मुसलमानों को घर या दुकान बनाने की अनुमति नहीं होगी. बोर्ड के नीचे नारा लिखा था- 'हिंदू एकता जिंदाबाद'.
बीजेपी नेताओं ने क्या कहा?
स्थानीय बीजेपी नेताओं से बातचीत के बाद पुलिस ने सभी विवादित बोर्ड हटवा दिए हैं. हालांकि, प्रदेश बीजेपी नेतृत्व ने इन बोर्डों से पार्टी का कोई संबंध होने से इनकार किया है.
बीजेपी प्रवक्ता शांतिरूप दे ने दावा किया कि इन बोर्डों का पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि पहले 'लव जिहाद' होता था और अब इसके खिलाफ हिंदुओं में जागरूकता पैदा हो रही है. दूसरी ओर, विपक्ष ने इस घटना की कड़ी आलोचना की है. सीपीआईएम नेता दीपंकर दे ने कहा कि हिंदू हो या मुसलमान, एक-दूसरे की जमीन खरीदना और बेचना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है. कुछ राजनीतिक दलों के नेता अपने स्वार्थ के लिए ऐसे पोस्टर लगवा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इसके पीछे दलाली कर मोटा मुनाफा कमाने की कोशिश है.
टीएमसी ने की सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय तृणमूल नेता मल्लिका चोंगदार ने कहा कि इस इलाके में हिंदू और मुसलमान लंबे समय से मिल-जुलकर रहते आए हैं. यहां अल्पसंख्यक समुदाय की आबादी अधिक है, लेकिन पहले कभी कोई अशांति नहीं हुई. उन्होंने प्रशासन से ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
डर के कारण चुप हैं स्थानीय लोग
दोनों गांवों के लोग लंबे समय से शांति और सद्भाव के साथ रहते आए हैं, लेकिन अचानक इस तरह के फरमान जारी होने से इलाके में डर का माहौल है. बाजार के दुकानदारों से लेकर आम लोगों तक, कोई भी इस मुद्दे पर खुलकर बोलने को तैयार नहीं है. सभी इस विवाद से दूरी बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं. प्रशासन की तत्परता से विवादित बोर्ड हटा दिए गए हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या इस तरह की घटनाएं ग्रामीण बंगाल के वर्षों पुराने सामाजिक सौहार्द पर स्थायी असर डालेंगी?
ये भी पढ़ें: 2 राज्य, 4 जिले और 400 KM का सफर... आखिर पुलिस से बचकर लाशें कैसे ले जाता रहा बेंगलुरु का सीरियल किलर?