SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बादल ने कभी कहा था 'नाखून-मांस का रिश्ता', फिर लौटाया पद्म विभूषण, क्यों टूटा था SAD-BJP का 24 साल पुराना गठबंधन?

पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी के बीच करीब 6 साल बाद फिर से गठबंधन होने जा रहा है. कृषि कानून के विरोध में SAD ने एनडीए से अलग होने का ऐलान किया था. इसका नुकसान 2022 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में देखने को मिला.

Written By abhinav tripathi
Published: Nov 24, 2026, 13:16 IST | Updated: Nov 24, 2026, 13:30 IST
Image Credit: BJP-SAD में गठबंधन का ऐलान. (फोटो- एआई)
Join

Punjab Politics: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्य की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला है. करीब 6 साल बाद फिर से शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच गठबंधन का ऐलान हो गया. दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में अमित शाह और सुखबीर बादल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस गठबंधन की घोषणा की.

दरअसल, पंजाब की राजनीति में शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी का गठबंधन करीब 24 साल चला था. एक समय पर इन दोनों दलों को इतना मजबूत माना जाता था कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने इसको 'नाखून मांस का रिश्ता' करार दिया था. करीब 2 दशक से अधिक समय तक सबसे मजबूत माना जाने वाला ये गठबंधन तीन कृषि कानूनों के विरोध में टूट गया.

6 साल पहले टूटी थी 24 साल पुरानी दोस्ती

जानकारी दें कि शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन के टूटने की पृष्ठभूमि जून 2020 में शुरू हुई, जब केंद्र की मोदी सरकार कृषि अध्यादेश लेकर आई. अकाली दल ने इन अध्यादेशों का विरोध किया था और इसमें न्यूनतम समर्थन मूल्य से जुड़े बदलाव पर सवाल खड़ा किए थे. केंद्र सरकार के इन अध्यादेशों का पंजाब के किसान संगठनों ने विरोध किया था.

इस अध्यादेश में किसानों की सबसे बड़ी चिंता न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और सरकारी खरीद व्यवस्था पर थी. अकाली दल ने केंद्र सरकार से कानूनों में एमएसपी की कानूनी गारंटी शामिल करने की मांग की थी. हालांकि, केंद्र इस पर विचार नहीं किया.

SAD के सांसद ने दिया था इस्तीफा

इसके बाद 17 सितंबर 2020 को तत्कालीन केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर ने अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने तीनों किसान विधेयकों के विरोध में ये फैसला लिया था. हालांकि, इसके बावजूद भी ये तीनों विधेयक संसद में पारित हो गए. इसके बाद बीजेपी और अकाली दल के बीच दूरियां बढ़ीं और दोनों के गठंबधन में दरार पड़ी.

SAD ने कब किया एनडीए से अलग होने का ऐलान?  

26 सितंबर को SAD ने एक बड़ा फैसला किया और एनडीए को छोड़ने का ऐलान किया. सुखबीर सिंह बादल ने कहा था कि केंद्र सरकार किसानों की फसलों की MSP पर खरीद को कानूनी गारंटी देने के लिए तैयार नहीं है. इतना ही नहीं उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि सरकार किसानों और मजदूरों की चिंताओं को नजरअंदाजकृ कर रही है.

जब प्रकाश सिंह बादल ने अवॉर्ड किया वापस

इन सबके के बीच SAD के बड़े नेता प्रकाश सिंह बादल ने एक बड़ा कदम उठाया और किसानों के समर्थन में अपना पद्म विभूषण सम्मान राष्ट्रपति को वापस कर दिया. बादल का कहना था कि वह जो भी हैं किसानों की वजह से ही हैं, ऐसे में किसान के सम्मान से समझौता नहीं किया जा सकता है.

केंद्र सरकार ने वापस लिए थे बिल

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने नवंबर 2021 में तीनों कृषि कानूनों को वापस ले लिया था. हालांकि, उस वक्त से अभी तक अकाली दल और बीजेपी के बीच राजनीतिक दूरी देखने को मिली. साल 2022 के चुनाव में दोनों दलों ने अकेले चुनाव लड़ा. इसका फायदा आम आदमी पार्टी को हुआ और पूर्ण बहुमत से आप ने सरकार बनाई. अब दोनों के बीच करीब 6 साल बाद फिर से गठबंधन हुआ है, जिससे पंजाब की राजनीति में एक अहम बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है.

24 साल साथ रहे SAD और BJP

पंजाब में पहली बार बीजेपी और अकाली दल के बीच साल 1996 में गठबंधन हुआ था. इसके अगले साल यानी 1997 में पंजाब में हुए विधानसभा चुनाव में दोनों दलों ने मिलकर चुनाव लड़ा. इसके बाद साल 2020 तक दोनों दल साथ रहे थे. इस गठबंधन ने 1997, 2007 और 2012 के विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ा. हालांकि, 2020 में गठबंधन टूटने के बाद साल 2022 का विधानसभा चुनाव अकेले लड़ा था. 

यह भी पढ़ें: पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए साथ आए बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल, अमित शाह ने किया गठबंधन का ऐलान

यह भी पढ़ें: किताब में सावरकर पर वार, पोते का पलटवार! सोनिया गांधी को सत्यकी ने भेजा नोटिस, 15 दिन में मांगा जवाब

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES