पंजाब के मोगा में एक बार फिर से बदमाशों का तांडव देखने को मिला. यहां रविवार (25 अक्टूबर) को स्कॉर्पियो सवार बदमाशों की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई. इस घटना में 2 लोगों की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल देखने को मिल रहा है. फिलहाल, पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है.
मरने वाले दोनों एक ही परिवार के
प्रथम दृष्टया पुलिस इसे आपसी रंजिश मान रही है. घटना में मरने वालों की पहचतान गगन जिंदल (30 वर्षीय) और साहिल जिंदल (40 वर्षीय) के रूप में हुई है. दोनों एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं. घटना को लेकर बताया जा रहा है कि रविवार शाम को एक दुकान के बाहर 6-7 लोग बैठे हुए थे. इसी दौरान स्कॉर्पियो गाड़ी से कुछ लोग वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे. हमले में दो लोगों की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि छर्रे लगने से 4 अन्य लोग भी घायल हो गए. इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हमलावर मौके से फरार हो गए.
पुलिस ने शुरू कर दी जांच
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इस घटना की सूचना दी और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. अस्पताल में डॉक्टरों ने गगन और साहिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि 4 अन्य का इलाज चल रहा है. वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से खाली खोखे बरामद किए हैं. घटना की गंभीरता को समझते हुए पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. फिलहाल, फायरिंग के कारणों और आरोपियों के बारे में और जानकारी का इंतजार है.
सीसीटीवी से खोजे जा रहे बदमाश
घटना को लेकर मोगा के एसएसपी सरताज सिंह चहल ने बताया कि स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि काले रंग की स्कॉर्पियो से आए बदमाशों ने फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है. इसके अलावा घायलों के बयान दर्ज करके भी छानबीन शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही सारे अपराधियों को गिरफ्तार कर लेगी.
मान सरकार पर विपक्ष का हमला
उधर, इस घटना को लेकर विपक्ष ने मान सरकार पर जोरदार हमला बोला है. कांग्रेस पार्टी के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है. उन्होंने एक्स पर लिखा कि मोगा में खुलेआम गोलीबारी की घटना के बारे में जानकर बेहद चिंता हुई. पंजाब में हालात की यह दुखद स्थिति केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह शासन, सार्वजनिक सुरक्षा और जवाबदेही के गहराते संकट को दर्शाती है, जिस पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है. वहीं, शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल ने एक्स पर लिखा कि मोगा में गोलीबारी की घटना बेहद भयावह है. अंगदपुरा युद्ध के मैदान में तब्दील हो गया, जहां गैंगस्टरों ने अंधाधुंध फायरिंग की. निर्दोष लोग गंभीर रूप से घायल हैं और जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हैं.