जवानों के साथ पीएम की दिवाली: छत्तीसगढ़ में वीरों से मिले पीएम मोदी, कहा- ये पहली दीपावली, जब नक्सलवाद हार चुका है
पीएम नरेंद्र मोदी ने छत्तसीगढ़ के बस्तर में सुरक्षाकर्मियों के साथ दिवाली मनाई. पीएम ने इस दौरान कहा कि बस्तर में करीब 40-50 साल ऐसा दिवाली मनाई जा रही है. उन्होंने कहा कि आज नक्सलवादी परास्त हो चुका है.
दिवाली के खास मौके पर पीएम मोदी छत्तीसगढ़ के बस्तर पहुंचे, जहां पर उन्होंने वीर जवानों संग दिवाली मनाई. पीएम मोदी साल 2014 से ही हर साल देश के वीर जवानों संग दिवाली का पर्व मनाते हैं. बस्तर में पीएम मोदी ने जवानों को संबोधित भी किया और कहा कि देश में और दुनिया के हर कोने में, करोड़ों भारतीय रोशनी का यह पावन पर्व मना रहे हैं.
दरअसल, शुक्रवार को पीएम मोदी ने देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दी. इसके बाद उन्होंने बताया कि वह आज छत्तीसगढ़ के बस्तर में जवानों के साथ दिवाली का त्योहार मनाएंगे. पीएम ने एक्स पोस्ट में लिखा कि दीपावली के पावन अवसर पर बस्तर जा रहा हूं. कल तक जहां नक्सलियों का कहर था वहां आज विकास की बहार है. वीर जवानों, उनके बलिदान, त्याग और तपस्या को नमन करने जा रहा हूं.
बस्तर में जवानों के बीच पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षाकर्मियों के साथ दिवाली मनाई. पीएम ने इस दौरान कहा कि आज, पूरे देश में और दुनिया के हर कोने में करोड़ों भारतीय रोशनी का यह पावन पर्व मना रहे हैं. लोग अपने घरों को लौटने के लिए दूर-दूर से यात्रा कर रहे हैं. परिवारों और अपनों के एक साथ आने और जश्न मनाने का यह एक बहुत अच्छा अवसर है. मैं भी आप लोगों के बीच दिवाली मनाने आया हूं. जो लोग सीमाओं पर और देश के भीतर राष्ट्र की रक्षा करते हैं, जो देश के रक्षक हैं और भारत माता के वीर बेटे-बेटियां हैं, आप सभी मेरे परिवार के सदस्य हैं.
'40-50 सालों बाद बस्तर में मनाई जा रही ऐसी दिवाली'
पीएम मोदी ने कहा कि 2026 की दिवाली वाकई बहुत खास है. 40-50 सालों के बाद आपके लिए ऐसी दिवाली आई है. यह पहली ऐसी दिवाली है जब देश ने नक्सलवाद और माओवादी आतंक के खिलाफ दशकों से चल रही अपनी लड़ाई जीत ली है. यह पहली ऐसी दिवाली है जब देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त है.
पीएम ने कहा कि यह पहली ऐसी दिवाली है जब करोड़ों देशवासियों ने नक्सलवाद के डर को पीछे छोड़ दिया है. यह एक असाधारण उपलब्धि है और इसका बहुत बड़ा श्रेय आप लोगों को जाता है. यह श्रेय आप जैसे लाखों बहादुर पुरुषों और महिलाओं, हमारे सैनिकों और सुरक्षाकर्मियों को जाता है. इसीलिए आज मैं आपके साथ दिवाली मनाने के लिए यहां आया हूं.
जब पीएम मोदी ने खास अंदाज में सुरक्षाकर्मियों के दिया धन्यवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं भी 140 करोड़ देशवासियों की तरफ से आपके त्याग, समर्पण और सेवा की भावना के लिए आभार जताने यहां आया हूं. जब देश की अंदरूनी सुरक्षा मजबूत होती है, तो बाहरी दुश्मन कामयाब नहीं हो पाते. लेकिन, जब अंदरूनी सुरक्षा कमजोर होती है, तो बाहरी दुश्मन भी सिर उठाने लगते हैं. इसलिए, जो भूमिका हमारी सेनाएं बॉर्डर पर निभाती हैं, वही भूमिका आप सभी सुरक्षाकर्मी देश के अंदर निभाते हैं.
उन्होंने सुरक्षाकर्मियों से कहा कि आपने देश की एकता और अखंडता के लिए अनगिनत कुर्बानियां दी हैं. आपने बहुत बड़ी निजी कुर्बानियां दी हैं. करोड़ों देशवासियों को आप पर गर्व है. इसी आभार और अपनेपन की भावना के साथ, मैं आप सभी को दिवाली की दिल से शुभकामनाएं देता हूं.
2014 के बाद से ही बदलने लगे हालात
पीएम मोदी ने कहा कि देश को आगे ले जाने के लिए, हमें दृढ़ संकल्प और एक सुविचारित रणनीति के साथ देश के दुश्मनों का सामना करना होगा और उन्हें हराना होगा. ऐसा करने के लिए देश में जिस राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी थी, उसे 2014 में मजबूत किया गया. आपने इस 'प्रधान सेवक' को मां भारती की सेवा करने का अवसर दिया और हमने देखा है कि 2014 के बाद से हालात कैसे बदलने लगे.
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक हमने देखा कि नक्सली हमलों में हमारे सैनिकों की जान ज्यादा जाती थी, लेकिन, 47 वर्षों में पहली बार एक उल्लेखनीय घटना घटी: पिछले एक साल के दौरान, ड्यूटी पर तैनात CRPF का एक भी जवान शहीद नहीं हुआ. यह देश की सही नीतियों और मजबूत संकल्प की जीत है. यह आपके पराक्रम, साहस और संयम की जीत है.
यह भी पढ़ें: कभी सियाचिन, कभी कारगिल तो कभी कश्मीर... 12 साल में पीएम मोदी ने कहां-कहां मनाई दिवाली?