App

कभी सियाचिन, कभी कारगिल तो कभी कश्मीर... 12 साल में पीएम मोदी ने कहां-कहां मनाई दिवाली?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार (08 नवंबर) को दिवाली का पर्व देश के जवानों संग मनाएंगे. वह बस्तर में जवानों से मिलेंगे और उनके साथ इस त्योहार को सेलीब्रेट करेंगे. पीएम मोदी हर साल दिवाली का पर्व जवानों के साथ मनाते आए हैं.

कभी सियाचिन, कभी कारगिल तो कभी कश्मीर... 12 साल में पीएम मोदी ने कहां-कहां मनाई दिवाली?
Image Credit: इस साल बस्तर में जवानों संग दिवाली मनाएंगे पीएम मोदी. (फोटो- एआई)

देश भर में आज रोशनी का पर्व दिवाली मनाई जा रही है. देश के हर एक कोने में दिवाली की धूम है. इस बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दीपावली के पर्व की शुभकामनाएं दी हैं. पीएम मोदी ने बताया कि वह इस साल भी दिवाली का पर्व देश की सेवा में तैनात जवानों के साथ मनाएंगे. पीएम ने कहा कि वह जवानों के साथ दिवाली मनाने के लिए बस्तर जा रहे हैं.

दरअसल, शनिवार (07 नवंबर) को पीएम मोदी ने एक वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दी थीं. इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि हर साल के जैसे ही वह देश की सेवा में तैनात जवानों के साथ इस साल दीयों का पर्व मनाएंगे. रविवार (08 नवंबर) को पीएम ने खुद बताया कि वह बस्तर जा रहे हैं, जहां पर पर वीर जवानों के साथ दिवाली का पर्व मनाएंगे.

पीएम ने किया पोस्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा कि दीपावली के पावन अवसर पर बस्तर जा रहा हूं.  कल तक जहां नक्सलियों का कहर था वहां आज विकास की बहार है. वीर जवानों, उनके बलिदान, त्याग और तपस्या को नमन करने जा रहा हूं. इससे पहले पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट कर देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दी थीं.

इससे पहले पीएम मोदी ने जो वीडियो संदेश जारी किया था, उसमें वह पारंपरिक परिधान में नजर आए और दिवाली के त्योहार को अंधकार और बुराई के खिलाफ लड़ाई का संकल्प बताया. पीएम ने अपने संदेश में कहा था कि पूरा देश रोशनी से जगमगा रहा है. मेरी ओर से आप सभी को दीपावली की शुभकामनाएं.

जवानों संग दिवाली मनाते हैं पीएम

साल 2014 में प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद से ही हर साल पीएम मोदी जवानों के साथ दिवाली का त्योहार मनाते रहे हैं. इस साल वह बस्तर जा रहे हैं, जहां पर जवानों संग पर्व मनाएंगे. पिछले साल (2025) में पीएम मोदी ने गोवा-कारवार समुद्री क्षेत्र में 'INS विक्रांत' पर नौसेना के जवानों संग दीपावली का त्योहार मनाया था. वहीं, साल 2024 में पीएम मोदी ने गुजरात के कच्छ स्थित चुनौतीपूर्ण क्रीक क्षेत्र में तीनों सेनाओं के जवानों संग दिवाली का पर्व मनाया. आइए आपको बताते हैं साल 2014 से 2025 तक पीएम मोदी ने कहां-कहां दिवाली का त्योहार मनाया?

साल 2014 से 2025 तक पीएम मोदी ने कहां मनाई दिवाली

  • साल 2025 में पीएम मोदी ने गोवा-कारवार समुद्री क्षेत्र में 'INS विक्रांत' पर जांबाज नौसैनिकों संग दिवाली का त्योहार मनाया. 
  • 2024 में लक्की नाला, गुजरात में कच्छ के चुनौतीपूर्ण क्रीक क्षेत्र में सेना, नेवी, एयरफोर्स और BSF के जवानों के साथ दिवाली का त्योहार मनाया. 
  • साल 2023 में लेपचा, हिमाचल प्रदेश में पीएम ने सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली का त्योहार मनाया. 
  • साल 2022 में पीएम मोदी ने कारगिल, लद्दाख में सेना के वीर जवानों के साथ रोशनी का यह त्योहार मनाया.
  • साल 2021 में पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सुरक्षा बलों के साथ दीपावली मनाई थी. 
  • साल 2020 में राजस्थान के जैसलमेर के लोंगेवाला बॉर्डर पोस्ट पर जवानों के साथ पीएम मोदी ने दीवाली का त्योहार मनाया. 
  • साल 2019 में जम्मू-कश्मीर के राजौरी में LoC पर तैनात सेना के जवानों के बीच पहुंचकर पीएम ने दिवाली का त्योहार मनाया.
  • साल 2018 में उत्तराखंड के हर्षिल में पीएम मोदी ने सेना और ITBP जवानों के साथ दीपावली मनाई. इसके बाद वह केदारनाथ दर्शन के लिए पहुंचे. 
  • साल 2017 में जम्मू-कश्मीर के गुरेज घाटी में पीएम मोदी ने LoC के पास सेना और BSF के जवानों के साथ दिवाली का जश्न मनाया.
  • साल 2016 में हिमाचल प्रदेश के सुमदो में भारत-चीन सीमा के पास सेना और ITBP जवानों के साथ पीएम मोदी ने दिवाली मनाई थी. 
  • साल 2015 में पंजाब में खासा स्थित डोगराई युद्ध स्मारक पर जवानों के साथ पीएम मोदी ने दिवाली का त्योहार मनाया था.
  • साल 2014 में  लद्दाख के सियाचिन में पीएम मोदी ने दुनिया के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र के बेस कैंप में 12,000 फीट की ऊंचाई पर सैनिकों के साथ दीपावली मनाई थी. 
Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More