)
बिहार के बाहूबली नेता अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी को यादगार बनाने की तैयारियों में जुटे हैं. इसको लेकर उनके गांव में तैयारियां पूरे जोर से चल रही है. अनंत सिंह ने बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड दिखाते हुए बताया कि वह देशभर में अपने दोस्तों के परिचतों को खुद जाकर न्योता देंगे. उन्होंने कहा कि शादी में पक्ष और विपक्ष के सभी नेताओं को आमंत्रित करने की इच्छा है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी शादी का निमंत्रण दिया जाएगा. इसके अलावा, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को वह निमंत्रण दे चुके हैं.
अनंत सिंह ने कहा कि बेटी की शादी में हिंदुस्तान और पाकिस्तान समेत दुनिया के किसी भी हिस्से से लोग आना चाहें तो उनका स्वागत है. उन्होंने हाथ जोड़कर सभी लोगों से शादी में शामिल होने की अपील की. अनंत सिंह का कहना है कि, इस शादी समारोह में सोनू सूद, मनोज तिवारी, मैथिली ठाकुर, अक्षरा सिंह और पवन सिंह समेत करीब तीन दर्जन फिल्मी कलाकारों को भी आमंत्रित किया जा रहा है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दोस्तों और परिचतों को शादी का न्योता दिया जाएगा.
बेटी की शादी को भव्य बनाने के लिए अनंत सिंह के गांव में खास तैयारियां की जा रही हैं. गांव में भव्य मंडप सजाया जाएगा. शादी समारोह में घुड़सवारी समेत कई आकर्षक इंतजाम किए जा रहे हैं. वहीं, शादी को लेकर पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर भी जारी है. दीपावली को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि उन्होंने दीपावली के बारे में सुना है, लेकिन वह त्योहार नहीं मनाते हैं. फिलहाल उनका पूरा ध्यान बेटी की शादी की तैयरियों पर है.
शादी समारोह में मेहमानों के खानपान के लिए भी बड़े स्तर पर वयवस्था की जा रही है. अनंत सिंह ने बताया कि करीब चार लाख लोगों के भोजन का इंतजाम किया जा रहा है. खाने के मेन्यू में 150 से अधिक तरह के व्यंजन शामिल होंगे. मेहमानों के स्वागत से लेकर भोजन और समारोह की अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. बेटी की शादी को लेकर पूरे इलाके में चर्चा तेज है.
रिपोर्ट: सन्नी कुमार