'समाधान युद्ध के मैदान से नहीं...', पीएम मोदी ने रूस-यूक्रेन वॉर को लेकर राष्ट्रपति जेलेंस्की से की फोन पर बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस-यूक्रेन युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान को लेकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की. पीएम मोदी ने दोहराया कि समस्याओं का समाधान युद्ध के मैदान से नहीं निकल सकता. पढ़ें पूरी खबर.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से टेलीफोन पर बातचीत की. दोनों नेताओं के बीच यह चर्चा रूस-यूक्रेन के बीच चल रहे संघर्ष और द्विपक्षीय संबंधों को लेकर हुई. बातचीत के दौरान राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यूक्रेन की मौजूदा स्थिति और युद्ध से जुड़े हालिया घटनाक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने जमीन पर बन रहे हालात और इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपना नजरिया प्रधानमंत्री मोदी के साथ साझा किया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के स्पष्ट और मानवीय दृष्टिकोण को एक बार फिर दोहराया. उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी विवाद या युद्ध का समाधान युद्ध के मैदान में नहीं, बल्कि केवल बातचीत और कूटनीति के माध्यम से ही निकाला जा सकता है. पीएम मोदी ने यह साफ किया कि भारत हमेशा से शांतिपूर्ण समाधान का पक्षधर रहा है और हिंसा के जरिए समस्याओं को सुलझाने के खिलाफ है.
शांति प्रयासों में हर संभव मदद का आश्वासन
भारत ने इस बात को फिर से रेखांकित किया कि वह जारी संघर्ष को शांतिपूर्वक खत्म करने के लिए की जाने वाली किसी भी कोशिश में अपना योगदान देने के लिए तैयार है. प्रधानमंत्री ने विश्वास दिलाया कि शांति बहाल करने की दिशा में जो भी पहल होगी, भारत उसमें अपनी ओर से हर संभव सहायता और सहयोग प्रदान करेगा.
यह भी पढ़ेंः रूस-यूक्रेन युद्ध में भारत का बड़ा दांव! पुतिन और जेलेंस्की को एक मेज पर लाने के लिए जयशंकर का 3-पॉइंट प्लान
आपसी रिश्तों को और मजबूत करने पर चर्चा
रूस-यूक्रेन युद्ध के मुद्दे के अलावा, दोनों नेताओं ने भारत और यूक्रेन के द्विपक्षीय संबंधों पर भी विचार-विमर्श किया. उन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में आपसी सहयोग को और गहरा करने के उपायों पर बात की. दोनों देशों का मानना है कि व्यापार, संस्कृति और अन्य आर्थिक क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ने से दोनों देशों के लोगों को सीधा फायदा पहुंचेगा.
अब तक दोनों नेताओं के बीच कितनी बार हुई बात
- 30 अगस्त 2025: को पीएम मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर हुई बातचीत में पीएम मोदी ने शांति के हर प्रयास में भारत के समर्थन को दोहराया था.
- 20 मार्च 2024: दोनों नेताओं ने फोन पर भारत-यूक्रेन साझेदारी को मजबूत करने और रूस-यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान पर चर्चा की थी.
- 26 दिसंबर 2022: जेलेंस्की ने पीएम मोदी को फोन कर भारत की G20 अध्यक्षता के लिए शुभकामनाएं दीं और मानवीय सहायता व शांति प्रयासों पर बात हुई.
- 26 फरवरी 2022: रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार दोनों ने फोन पर बात की. इसमें पीएम मोदी ने यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों और नागरिकों की सुरक्षित निकासी का मुद्दा उठाया था.
24 फरवरी 2022 को शुरू हुआ रूस-यूक्रेन युद्ध
नवंबर 2026 में सामने आए ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट और लीक हुए रूसी सांख्यिकी एजेंसी Rosstat के आंकड़ों के अनुसार, फरवरी 2022 से लेकर अगस्त 2026 के अंत तक लगभग 400,000 रूसी सैनिक इस युद्ध में मारे गए हैं. वहीं, विभिन्न स्वतंत्र थिंक टैंक और अमेरिकी और ब्रिटिश खुफिया एजेंसियों का अनुमान है कि रूस के लगभग 4 लाख से 5 लाख सैनिक मारे जा चुके हैं. आइए आपको बताते हैं दोनों देशों के बीच युद्ध की अब तक की टाइम लाइन
- 24 फरवरी 2022: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन पर पूर्ण सैन्य आक्रमण (स्पेशल मिलिट्री ऑपरेशन) का आदेश दिया.
- मार्च 2022: रूसी सेना ने जापोरेजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर कब्जा किया.
- अप्रैल 2022: यूक्रेन के हमलों में रूस का प्रमुख युद्धपोत 'मोस्कवा' डूब गया.
- अक्टूबर 2022: क्रीमिया को जोड़ने वाले केर्च ब्रिज पर शक्तिशाली धमाका हुआ.
- 2023-2024: दोनों पक्षों के बीच भयंकर युद्ध जारी रहा; पश्चिमी देशों (अमेरिका और यूरोपीय संघ) ने यूक्रेन को अरबों डॉलर की सैन्य सहायता दी. रूस ने यूक्रेन के लगभग 17% हिस्से पर नियंत्रण किया.
- जुलाई-सितंबर 2026: यूक्रेन ने रूस के भीतर गहराई तक ड्रोन और मिसाइल हमले (डीप स्ट्राइक) तेज किए, जिससे मॉस्को, रियाजान और समारा क्षेत्रों के तेल डिपो व रिफाइनरियों को नुकसान पहुंचा.
- अक्टूबर-नवंबर 2026: रूस ने कीव और जापोरेजिया सहित यूक्रेन के 11 क्षेत्रों में ऊर्जा बुनियादी ढांचे, सब-स्टेशनों और लॉजिस्टिक्स हब पर बड़े पैमाने पर मिसाइल व ड्रोन हमले किए. जेलेंस्की और रूसी पक्ष के बीच युद्ध-विराम और ऊर्जा ठिकानों पर हमलों को रोकने को लेकर चर्चाएं व आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है.
यह भी पढ़ेंः दीपावली पर पूरा देश रौशनी से सराबोर: PM मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं, बताया कहां मनाएंगे दिवाली