App

'कुछ लोग देश को मुश्किल में देखकर खुश होते हैं', गुजरात के बनासकांठा से पीएम मोदी का संदेश; किसानों से क्या-क्या कहा?

पीएम मोदी आज से गुजरात के दौरे पर हैं, जहां बनाकांठा में उन्होंने 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात दी. पीएम मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश में कुछ लोगों को विकास रास नहीं आ रहा है, इसलिए वह मोदी को बदनाम करने में जुटे हैं.

'कुछ लोग देश को मुश्किल में देखकर खुश होते हैं', गुजरात के बनासकांठा से पीएम मोदी का संदेश; किसानों से क्या-क्या कहा?
Image Credit: पीएम मोदी आज से दो दिवसीय गुजरात के दौरे पर हैं. (फोटो- आईएएनएस)

PM Modi Gujarat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से दो दिवसीय गुजरात के दौरे पर हैं. इस कड़ी में वह सबसे पहले बनाकांठा पहुंचे, जहां पर 14,000 करोड़ रुपये से अधिक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इसके बाद पीएम मोदी ने एक जनसभा को भी संबोधित किया. पीएम नरेंद्र मोदी ने इस दौरान बनासकांठा और गुजरात के लोगों को विशेष धन्यवाद भी दिया.

पीएम मोदी के इस कार्यक्रम को लोगों ने भी खास बनाया. पीएम की सभा में लोगों के लिए कुर्सी की जगह चारपाई लगाई गई थी. पीएम ने इसको लेकर कहा कि ये देश के लोगों के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं है, जब लोग कुर्सी की जगह चारपाई पर बैठे नजर आए. वहीं, पीएम ने कहा कि कुछ लोगों को देश का विकास नहीं पच रहा है और वह मोदी को बदनाम करना चाहते हैं. आइए आपको प्रधानमंत्री मोदी के भाषण की बड़ी बातें बताते हैं...

किसानों से पीएम की खास बात

बनासकांठा में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि खेती हमारी संस्कृति है. हमने खेती और पशुपालन को तकनीक से जोड़ा है. आज किसानों को 26 करोड़ से अधिक 'सॉइल हेल्थ कार्ड' (मृदा स्वास्थ्य कार्ड) दिए जा चुके हैं. उन्होंने कहा कि पशुपालन हमारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. इसमें हमारी बहनों की बहुत बड़ी भागीदारी है. पिछले एक दशक में हमने पशुपालन और डेयरी क्षेत्रों में भी विज्ञान और तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया है.

किसानों के खाते में पहुंचे पैसे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनासकांठा से पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त भी जारी की. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज, देश के किसानों के खातों में पीएम-किसान (PM-KISAN) की एक और किस्त पहुंच गई है. हमारे किसान, हमारे 'अन्नदाता', हमारे देश के सबसे मजबूत स्तंभों में से एक हैं. हमारी सरकार ने हमेशा किसानों को सशक्त बनाने को प्राथमिकता दी है.

उन्होंने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच, उर्वरकों (खाद) की कीमतों में भारी उछाल आया था, लेकिन किसानों के कल्याण के लिए समर्पित हमारी सरकार ने इस मूल्य वृद्धि का बोझ किसानों पर नहीं पड़ने दिया. सरकार ने इस पर 16 लाख करोड़ रुपये खर्च किए.

कुछ लोगों को विकास पसंद नहीं आ रहा: PM

पीएम मोदी ने कहा कि आज हर युवा, बहन और बेटी भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं, लेकिन कुछ लोगों को यह पसंद नहीं है. ये वे लोग हैं जो देश को मुश्किलों में देखना चाहते हैं. जब वे देश को मुश्किल में देखते हैं, तो उन्हें खुशी होती है. जब पूरा देश खाड़ी क्षेत्र में तनाव के कारण पैदा हुई अनिश्चितताओं का सामना कर रहा है, तो ये लोग खाद और गैस की कमी के बारे में अफवाहें फैलाते हैं.

उन्होंने कहा कि ये लोग सिर्फ मोदी को बदनाम करने के लिए करना चाहते थे. मैं किसानों और बाकी सभी लोगों को याद दिलाना चाहता हूं कि मैंने कहा था कि मैं आप सबके साथ खड़ा रहूंगा. खाड़ी क्षेत्र में तनाव अभी भी जारी है, लेकिन सरकार ने दुनिया भर में खाद की बढ़ी हुई कीमतों का बोझ हमारे किसानों पर नहीं पड़ने दिया.

लोगों ने चारपाई पर सुना पीएम का भाषण

इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों ने पीएम का भाषण चारपाई पर बैठकर सुना. इसपर पीएम मोदी ने कहा कि देश के लोगों के लिए यह हैरानी की बात होगी कि यहां इस कार्यक्रम में मौजूद सभी लोग 'चारपाइयों' पर बैठे हैं. बनासकांठा ने हमारे गांवों की परंपराओं को फिर से जीवित किया है. अगर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को इसके बारे में बताया जाता, तो वे इसे एक विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज कर लेते.

गुजरात के लोगों को पीएम का खास धन्यवाद

इसी कार्यक्रम में सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने कहा कि 7 अक्टूबर को मैंने सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे किए, लेकिन ऐसा लगता है जैसे कल की ही बात हो, जब मैंने अक्टूबर 2001 में पहली बार पद की शपथ ली थी; तब आपने मुझ पर बहुत प्यार बरसाया था. (इनपुट- एएनआई)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More