PM मोदी 2 दिन करेंगे कैबिनेट मंत्रियों के साथ 'महामंथन', क्या होगा कैबिनेट में फेरबदल?
PM Modi Chintan Shivir: नई दिल्ली के सेवा तीर्थ में आज बुधवार ( 23 सितंबर 2026) से चिंतन शिविर का आयोजन होगा. इसमें पीएम मोदी कई नेताओं के साथ बैठक कर सरकारी कामकाज की समीक्षा करेंगे. शिविर में भारत 2047 के विजन पर भी चर्चा की जाएगी.
PM Modi Chintan Shivir With Ministers: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बुधवार ( 23 सितंबर 2026) से केंद्रीय कैबिनेट मंत्रियों के साथ 2 दिन का 'चिंतन शिविर' करेंगे. यह बैठक नई दिल्ली के सेवा तीर्थ में होगी और 24 सितंबर 2026 तक चलेगी. इसमें सरकार के कामकाज की समीक्षा, आगे की राह पर चर्चा और शासन के अगले चरण के लिए प्रमुख प्राथमिकताओं की पहचान किए जाने की उम्मीद है.
पीएम के साछ पहले की कुछ बैठकों में मंत्रियों के बड़े समूह शामिल होते थे, लेकिन इस बार के सत्र में केवल कैबिनेट मंत्री ही शामिल होंगे.
चिंतन शिविर के मुद्दे
इस दो दिवसीय बैठक का समय काफी अहम माना जा रहा है. यह बैठक प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अपने कार्यालय में राज्य मंत्रियों और स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों के साथ की गई अलग-अलग बैठकों के बाद हो रही है. बैठकों का यह क्रम मंत्रिपरिषद के कई स्तरों को शामिल करते हुए एक सुनियोजित प्रक्रिया की ओर इशारा करता है, जिसमें अब कैबिनेट मंत्रियों के लिए उनकी अपनी समर्पित बैठक तय की गई है. सरकारी सूत्रों के ममुताबिक, चिंतन शिविर पहले से चल रहे कामों का जायजा लेने, सरकार के अगले कदमों की योजना बनाने और विकसित भारत 2047 के विजन से जुड़े आगे के सुधारों और प्राथमिकताओं की पहचान करने पर केंद्रित होगा.
सरकारी नीतियों और योजनाओं पर चर्चा
चर्चाओं में सरकारी नीतियों और योजनाओं के क्रियान्वयन की गति, सार्वजनिक सेवाओं की डिलीवरी, मंत्रालयों के बीच समन्वय और शासन में सुधार के तरीकों पर चर्चा होने की उम्मीद है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सरकारी पहल जमीनी स्तर पर नतीजों में बदलें. यह बैठक राजनीतिक हलकों में संभावित कैबिनेट फेरबदल की अटकलों के बीच भी हो रही है. हालांकि, सरकार की ओर से इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि चिंतन शिविर का संबंध फेरबदल से है या इसके परिणामस्वरूप कोई फेरबदल होगा.
शिविर में मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड
दो दिवसीय विचार-विमर्श कैबिनेट मंत्रियों को मंत्रालयों में प्रगति का आकलन करने, अधिक समन्वय की आवश्यकता वाले क्षेत्रों की पहचान करने और नीतिगत प्राथमिकताओं पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करेगा, जो आने वाले समय में सरकार के काम को आकार दे सकती हैं. बता दें कि सेवा तीर्थ में यह सत्र ऐसे समय में हो रहा है जब नया सरकारी परिसर प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्र सरकार के कामकाज में बड़ी भूमिका निभा रहा है. (इनपुट- IANS)