धार्मिक मामलों में दखल का आरोप: वक्फ बोर्ड पर भड़के पीडीपी MLA आगा मुंतजिर, परिसीमन पर भी उठाए सवाल
PDP विधायक आगा मुंतज़िर मेहदी ने जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की भूमिका और धार्मिक नेताओं के साथ हो रहे व्यवहार पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने परिसीमन और SIR को लेकर भी राजनीतिक आशंकाएं जताईं. मेहदी का कहना है कि संस्थागत फैसलों का असर जम्मू-कश्मीर के लोकतांत्रिक ढांचे और भविष्य की राजनीति पर पड़ सकता है.
जम्मू-कश्मीर में हाल ही में संपन्न हुई जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की बैठक के बाद बोर्ड के कामकाज को लेकर निशाना साधते हुए विपक्षी दल पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता और बडगाम से विधायक आगा मुंतजिर मेहदी ने कई सवाल उठाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि वक्फ बोर्ड अपने अधिकार क्षेत्र से आगे बढ़कर दखल दे रहा है. मेहदी ने कहा कि इससे धार्मिक नेतृत्व और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा है. अनंतनाग में दिवंगत वरिष्ठ नेता पीरजादा मोहम्मद सैयद के घर शोक जताने पहुंचे मेहदी ने वहीं पर मीडिया से बातचीत में वक्फ बोर्ड की भूमिका पर अपनी राय सबके सामने रखी.
नजरबंदी पर जताई चिंता
मेहदी ने ने कहा कि वक्फ बोर्ड का मूल काम धार्मिक मामलों में सुविधा उपलब्ध कराना और इबादत करने वालों की मदद करना है. उनके मुताबिक, बोर्ड को इस्लामी सिद्धांतों और कानून से जुड़े मामलों में अनावश्यक दखल नहीं देना चाहिए.
मेहदी ने जम्मू-कश्मीर के धार्मिक नेताओं के साथ किए जा रहे व्यवहार को लेकर भी चिंता जताई. उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक नेतृत्व को कमजोर करने के लिए समन भेजने और नजरबंद करने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं.
परिसीमन और एसआईआर पर उठाए सवाल
विधायक मेहदी ने परिसीमन और 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (SIR) को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि इन प्रक्रियाओं का इस्तेमाल एक बड़े राजनीतिक एजेंडे के लिए किया जा रहा है. मेहदी ने दावा किया कि इससे भारत के संघीय ढांचे पर असर पड़ सकता है और देश को एक-दलीय व्यवस्था की ओर ले जाने की कोशिश हो रही है.
उन्होंने कहा कि किसी एक राजनीतिक विचारधारा को थोपने की कोशिश लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है. मेहदी ने जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक भविष्य को लेकर भी चिंता जताई.
मुख्यमंत्री का बड़ा बयान
इस बीच जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि ये दोनों पार्टियां मिलकर अमरनाथ यात्रा मार्ग पर, शेषनाग झील के पास एक विवाद खड़ा कर रही हैं, ताकि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले मतदाताओं का ध्रुवीकरण किया जा सके.
जम्मू में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, मुख्यमंत्री ने इस विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए विपक्ष को चुनौती दी कि वो पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने और अवैध सड़क निर्माण के अपने आरोपों को किसी अदालत या नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के सामने साबित करके दिखाएं.
अब्दुल्ला ने कहा, 'मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वे इस रास्ते पर बिछाई गई तारकोल की एक इंच परत भी दिखा दें. मैं किसी भी जांच का सामना करने के लिए तैयार हूं.'