जम्मू बॉर्डर पर रेड अलर्ट: अरनिया सेक्टर में पहली बार पाकिस्तान की घुसपैठ, सुरक्षा एजेंसियों की उड़ी नींद!
आरोपी पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के लेह्या जिले का रहना वाला है और उसका नाम आवैस रजा बताया जा रहा है. आरोपी के पास से पाकिस्तानी पहचान पत्र के साथ कुछ अन्य दस्तावेज और पाकिस्तानी करेंसी भी बरामद की गई है.
जम्मू-कश्मीर के अरनिया सेक्टर में सुरक्षाबलों ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को धर-दबोचा है. आरोपी पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के लेह्या जिले का रहना वाला है और उसका नाम आवैस रजा बताया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, स्थानीय निवासियों ने इलाके में एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा, तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना पर पहुंची फोर्स ने संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है. पुलिस पूछताछ में संदिग्ध ने अपनी पहचान पाकिस्तानी नागरिक आवैस रजा, पुत्र- इमदाद हुसैन, निवासी बस्ती गोकल, जिला लैय्या, पंजाब, पाकिस्तान के रूप में बताई.
आरोपी के मुताबिक, उसने अरनिया सेक्टर के साई कलां से बॉर्डर फेंसिंग पार की थी. आरोपी के पास से पाकिस्तानी पहचान पत्र के साथ कुछ अन्य दस्तावेज और पाकिस्तानी करेंसी भी बरामद की गई है. सूत्रों के मुताबिक, संदिग्ध ने पुलिस को बताया कि वह पाकिस्तान की ओर से एक नाले के किनारे-किनारे चलते हुए तारबंदी पार कर भारतीय सीमा में दाखिल हुआ था.
बता दें कि सर्दियों के मौसम में पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ की घटनाएं काफी बढ़ जाती हैं, लेकिन अरनिया सेक्टर में तारबंदी को पार करके किसी पाकिस्तानी के घुसने का यह पहला मामला है. अगर इसकी पुष्टि हो जाती है, तो यह सुरक्षाबलों की चिंता बढ़ जाएगी.
पुलिस ने फिलहाल आवैस रजा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. सुरक्षाबल अब उसके भारत में घुसने के इरादों का पता लगाने में जुटी है. पुलिस की ओर से इस गिरफ्तारी को लेकर ज्यादा जानकारी अभी तक नहीं दी गई है.
खबर अपडेट हो रही है...