)
देशभर में अपराधी लंबे समय से नकली पुलिस अधिकारी बनकर मासूम लोगों को ठग रहे हैं. ये लोग फर्जी आईडी कार्ड दिखाते हैं और खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर लोगों से पैसे ऐंठने की कोशिश करते हैं. ऐसे मामलों को देखते हुए मुंबई पुलिस अब तकनीक की मदद से आम लोगों को असली और नकली पुलिसकर्मी में फर्क करने का तरीका सिखाने जा रही है. इस तरह मायानगरी में बहुत जल्द असली और नकली पुलिसवाले की पहचान का टंटा खत्म होने जा रहा है.
महाराष्ट्र पुलिस की मुंबई शाखा अब अपने जवानों को QR कोड वाले स्मार्ट पहचान पत्र देने जा रही है. आम जनता अपने मोबाइल फोन से कोड स्कैन कर पुलिसकर्मी का नाम, फोटो और तैनाती जैसी जानकारी जांच सकेंगे. वर्दी या सादे कपड़ों में ड्यूटी करने वालों के लिए भी अपना स्मार्ट आईकार्ड साथ में रखना अनिवार्य होगा. नई व्यवस्था फर्जी पुलिसकर्मियों और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर ठगी मामलों में सुरक्षा बढ़ाएगी.
मुंबई पुलिस की प्रेस रिलीज में 'DigiID: NFC व QR कोड असलेले स्मार्ट ओळखपत्र' यानी NFC और QR कोड वाले स्मार्ट पहचान पत्र का स्पष्ट उल्लेख है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को इस पहल की औपचारिक शुरुआत की. यह मुंबई पुलिस को डिजिटल तकनीक से लैस करने के लिए शुरू किए गए कई उपायों का हिस्सा है. कार्यक्रम में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों समेत कुछ पुलिसकर्मियों को स्मार्ट कार्ड भी दिए गए.
नई व्यवस्था के तहत हर पुलिसकर्मी को मेटलिक यानी धातु से बना स्मार्ट आई कार्ड दिया जाएगा. इस कार्ड पर उभरी हुई तस्वीर और एक यूनीक QR कोड लगा होगा. शहर के नागरिक Mumbai Police Citizen App के जरिए इस कोड को स्कैन कर सकेंगे. इसके बाद वे एक आधिकारिक वेरिफिकेशन प्लेटफॉर्म पर पहुंचेंगे, जहां पुलिसकर्मी की फोटो, नाम, नौकरी शुरू करने की तारीख और मौजूदा तैनाती की जानकारी दिखाई देगी. इससे लोग कार्ड दिखाने वाले व्यक्ति की पहचान स्क्रीन पर मौजूद जानकारी से मिला सकेंगे.
अभी ये सुविधा सिर्फ मुंबईकरों यानी मुंबई के निवासियों को ही मिलेगी. आगे चलकर ये प्रोजेक्ट पूरे महाराष्ट्र में फॉलो होने का अनुमान लगाया गया है.
देश में आए दिन नकली कागज वाला आईकार्ड दिखाकर लोगों से ठगी होती है, जिस दिन ये व्यवस्था पूरे देश में लागू हो जाएगी, उस दिन आप देश के किसी भी कोने में बैठकर किसी भी राज्य की पुलिस की पहचान जान सकेंगे.
कई बार लुटेरे नकली खाकी वर्दी पहनकर लूट-चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं. ऐसे में जिस दिन ये आईकार्ड वाली व्यवस्था पुलिसवालों के लिए अनिवार्य हो जाएगी, उस दिन से आप या आपके परिवार, दोस्त-यार किसी के साथ भी इस तरह की ठगी या लूट नहीं हो सकेगी.