'पहले असली अपराधियों पर ध्यान दें...', टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में अभिजीत दीपके ने सरकार पर कसा तंज
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले पर सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके की प्रतिक्रिया सामने आई है. दीपके ने सरकार को घेरते हुए कहा कि छात्रों पर सख्ती की बजाए पुलिस को असली अपराधियों पर ध्यान देना चाहिए.
Tiger Shroff: रविवार (18 अक्टूबर) को मुंबई के जुहू में बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग हुई. इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े सदस्य अनिल पंडित ने ली है. घटना के बाद एक्टर को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से देर रात उपचार के बाद उन्हें डिसचार्ज कर दिया गया है.
टाइगर श्राफ पर हुए हमले पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके की टिप्पणी सामने आई है. दीपके ने इस घटना के बाद कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने सरकार पर निशाना साधते और तंज कसते हुए कहा कि सरकार और पुलिस की प्राथमिकताएं गलत हैं. बता दें कि टाइगर श्रॉफ पर हमला करने के मामले में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
दिपके ने क्या कहा?
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि छात्रों और कार्यकर्ताओं पर सख्ती करने के बजाय, पुलिस को असली अपराधियों पर ध्यान देना चाहिए. दिपके ने तंज कसते हुए कहा कि जब सरकार और पुलिस की प्राथमिकताएं पूरी तरह से गलत हों, तो ऐसा ही होता है.
बता दें कि इससे पहले एक एक्स पोस्ट में उन्होंने सरकार पर नाराजगी जताई थी. दिपके ने आरोप लगाया था कि दिल्ली सरकार जानबूझकर सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी को लंबा खींच रही है, जिससे अदालती कार्यवाही में देरी हो और उनकी रिहाई टल सके.
टाइगर श्रॉफ पर हमले से सहमा बॉलीवुड
गौरतलब है कि रविवार शाम 7 बजे मोटरसाइकिल पर सवार तीन हमलावरों ने बॉलीवुड एक्टर टाइर श्रॉफ की कार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस हमले में कार के चालक और कार के पास खड़ा उनका एक फैन घायल हो गया वह एक्टर की एक झलक पाने के लिए वहां पर खड़ा था. इस घटना में टाइगर श्रॉफ को भी चोट लगी है.
जुहू पुलिस ने एक बयान में कहा कि बॉलीवुड एक्टर 'पुष्पा पार्क' (जमनाबाई नर्सरी) में एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचे थे. इस दौरान जब वह कार्यक्रम से निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनपर गोलीबारी की गई. इसके बाद सफेद शर्ट पहने तीनों हमलावर एसवी रोड और विले पार्ले रेलवे स्टेशन की ओर भाग गए.
डिप्टी सीएम ने की टाइगर से मुलाकात
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने देर रात टाइगर श्रॉफ से मुलाकात की और उनका हाल चाल जाना. एक्टर के अस्पताल आने के बाद डिप्टी सीएम शिंदे उनके घर पहुंचे. गोलीबारी की घटना के बाद अभिनेता टाइगर श्रॉफ से मुलाकात की और उनका हाल-चाल पूछा.
यह भी पढ़ें: जुहू बीच से सिर्फ 1.8Km दूर, भीड़-भाड़ वाली जगह... मैप और वीडियो से समझिए टाइगर पर कहां और कैसे हुआ हमला?
यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ पर हमले से जुहू इलाके में दहशत, 'जलसा' से लेकर 'पारस' तक पसरा सन्नाटा, पुलिस ने बढ़ाई सिक्योरिटी