App

बर्फ पर फिसला और 600 फीट गहरी खाई में समा गया मिलिट्री ट्रक... दो जवान शहीद, सैनिकों के लिए ले जा रहा था रसद

लद्दाख में सरहद पर तैनात सैनिकों के लिए रसद लेकर जा रहा भारतीय सेना का एक ट्रक पहिये फिसलने की वजह से 600 फीट गहरी खाई में समा गया. इस दर्दनाक घटना में सेना के 2 जवान शहीद हो गए.

बर्फ पर फिसला और 600 फीट गहरी खाई में समा गया मिलिट्री ट्रक... दो जवान शहीद, सैनिकों के लिए ले जा रहा था रसद
Image Credit: लद्दाख में एक्सीडेंट के बाद 600 फीट गहरी खाई में पड़ा मिलिट्री ट्रक का मलबा

लद्दाख के कारगिल-लेह नेशनल हाईवे के घुमावदार रास्तों पर गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया. नेशनल हाईवे-1 पर नामिका ला दर्रे के पास एक भारी सैन्य वाहन सड़क से फिसलकर लगभग 600 फुट गहरी खाई में जा गिरा. इस हादसे में भारतीय सेना के दो जवान मौके पर शहीद हो गए. अधिकारियों ने अभी शहीद सैनिकों के नामों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन उनके परिजनों को सूचना दे दी है.

बर्फ से फिसलकर गहरी घाटी में गिर गया ट्रक

घटना के प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के मुताबिक, सैन्य वाहनों का एक काफिला गुरुवार को लद्दाख में संकरे रास्ते से गुजर रहा था. तभी जरूरी सामान और उपकरण ले जा रहा एक भारी ट्रक तीखे मोड़ पर अपना संतुलन खो बैठा. बताया जा रहा है कि ट्रक सड़क के बाहरी किनारे की तरफ खिसकने लगा. उसके टायर बर्फ की पतली परत वाली सतह पर पकड़ बनाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए. कुछ ही पलों में ट्रक लड़खड़ाकर गार्डरेल के ऊपर से पलट गया और ढलान से नीचे खिसकने लगा. खाई में गिरते हुए वह कई टुकड़ों में टूट गया.

रस्सियों के सहारे बचाव टीमों को नीचे उतारा गया

हादसा होते ही राहत-बचाव की टीमों को तुरंत सक्रिय कर काम पर लगाया गया. वाखा में तैनात स्थानीय पुलिस ने कारगिल स्थित जिला सैन्य कमांड, ITBP, NDRF की टीमों और ऐसे स्वयंसेवकों के साथ मिलकर काम किया, जो इस इलाके को बहुत अच्छी तरह जानते थे. ढीले पत्थर और हिमस्खलन के खतरे को देखते हुए मशीनों के बजाय रस्सियों की मदद से बचाव टीमों को सावधानीपूर्वक नीचे उतारा गया.

हेलीपैड तैयार कर मौके पर बुलाया गया हेलीकॉप्टर

बाद में हवा की स्थिति ठीक रहने पर इमरजेंसी हेलीपैड तैयार कर हेलीकॉप्टर को मौके पर बुलाया गया. मिलिट्री ट्रक से जब हताहत दोनों जवानों को बाहर निकाला गया, तब तक वे शहीद हो चुके थे. इसके बाद शवों को चिकतान के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर ले जाया गया. वहां पर तय प्रोटोकॉल के तहत शवों के पोस्टमार्टम समेत सभी कानूनी और चिकित्सा औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं. वाखा पुलिस स्टेशन ने इस संबंध मे केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Khalid Hussain

Khalid Hussain

सैयद खालिद हुसैन जम्मू-कश्मीर के एक पुरस्कार विजेता पत्रकार हैं, जिन्हें 24 वर्षों से अधिक का अनुभव है. साल 2014 से 'ज़ी न्यूज़' में चीफ  स्पेशल कोरेस्पोंडेंट के रूप में काम कर रहे हैं.जी मीडिया से पहले हुसैन ने न्यूज़ 18 में नौ साल तक सीनियर कोरेस्पोंडेंट के रूप में काम किया. हुसैन ने अपने करियर की शुरुआत डीडी न्यूज से की थी. हुसैन ने अपनी तालीम श्रीनगर के पब्लिक स्कूल और डीएवी हाई स्कूल से हासिल की. फिर ग्रेजुएशन तक का सफ़र एस.पी हायर सेकेंडरी स्कूल और अमर सिंह कॉलेज से पूरा किया. उसके बाद मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के लिए दिल्ली के सर अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से पूरी की. इसके अलावा हुसैन लेखक फ़िल्म/ वीडियो कैमरा का स्पेशल कोर्स एफटीआई पुणे से कर चुके हैं.  मुंबई और दिल्ली में कई साल काम करने के बाद 2004 में उन्होंने जम्मू-कश्मीर में काम करना शुरू किया. डीडी न्यूज़, डीडी कश्मीर, BAG फ़िल्म्स में फ्रीलांस काम किया. हुसैन पिछले दो दशक से भी ज्यादा समय से जम्मू-कश्मीर से जुड़े कई मुद्दों को बेहतरीन तरीके से कवर कर रहे हैं. लद्दाख से लेकर मुंबई तक हुसैन भारत के कई शहरों से रिपोर्टिंग कर चुके हैं.
Read More