)
बेगूसराय में अपराधियों ने घर में सोए एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. वहीं, इस वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है. मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. फिलहाल, हत्या के कारणों और हत्यारों की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
घटना फुलवड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद बरौनी के वार्ड संख्या-14, शोकहारा-2 स्थित सैदपुर टोला की है. मृतक की पहचान कन्हैया राय के करीब 22 वर्षीय पुत्र प्रियांशु कुमार उर्फ दिलखुश के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि बुधवार की रात प्रियांशु अपने घर में सोया हुआ था. इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. गुरुवार की सुबह जब उसका एक साथी उसे बुलाने के लिए घर पहुंचा, तो देखा कि प्रियांशु खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ा हुआ है. इसके बाद आनन-फानन में उसे बरौनी स्थित लाइफ लाइन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही तेघड़ा एसडीपीओ कृष्ण कुमार और फुलवड़िया थानाध्यक्ष विजय कुमार सहनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. साथ ही मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली.
तेघड़ा एसडीपीओ कृष्ण कुमार ने बताया कि युवक के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट के निशान मिले हैं. घटनास्थल पर खून के धब्बे भी पाए गए हैं. फिलहाल हत्या के कारणों, हत्यारे और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार का पता नहीं चल पाया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया जा रहा है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हत्या से जुड़े कई सवालों के जवाब मिल सकेंगे.
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक बेरोजगार था और क्रिकेट खेलने का शौकीन था. इन दिनों आरकेसी प्लस टू स्कूल, बरौनी के खेल मैदान में क्रिकेट टूर्नामेंट चल रहा था, जिसमें वह भी हिस्सा ले रहा था.
बताया जाता है कि मृतक की मां बाहर रहकर प्राइवेट नौकरी करती हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद वह गुरुवार को घर पहुंची. वहीं, घर में पिता और छोटी बहन रहते थे. घटना के बाद मां, बहन और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
फिलहाल, पुलिस हत्या के पीछे आपसी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद समेत तमाम संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. आखिर घर में सोए युवक की हत्या किसने की और इसके पीछे क्या वजह थी, यह अभी रहस्य बना हुआ है. पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा.
रिपोर्ट: जितेंद्र चौधरी