App

भिंड में बड़ा हादसा: चादर बदलते ही धंस गई जमीन, पलंग समेत 16 फीट गहरे गड्ढे में समाई महिला, ऐसे बची जान

भिंड में चादर बदलते समय 45 वर्षीय महिला के कमरे का फर्श अचानक धंस गया. वह पलंग समेत 16 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी. परिजनों और स्थानीय लोगों ने सीढ़ी की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया.

भिंड में बड़ा हादसा: चादर बदलते ही धंस गई जमीन, पलंग समेत 16 फीट गहरे गड्ढे में समाई महिला, ऐसे बची जान
Image Credit: ZEE NEWS

भिंड में एक ऐसा हादसा सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. घर के कमरे में महिला पलंग पर बिछी चादर बदल रही थी, तभी अचानक कमरे का फर्श भरभराकर धंस गया. महिला पलंग समेत करीब 16 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी. घर के अंदर अचानक जमीन फटने से अफरा-तफरी मच गई. गनीमत रही कि स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से महिला को सीढ़ी उतारकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है.

घटना भिंड शहर के गर्ल्स स्कूल वाली गली की है. बुधवार रात करीब 9 बजकर 15 मिनट पर 45 वर्षीय निशि मिश्रा अपने घर के कमरे में पलंग की चादर बदल रही थीं. इसी दौरान अचानक कमरे का फर्श धंस गया और देखते ही देखते महिला पलंग समेत करीब 16 फीट गहरे गड्ढे में समा गई. हादसे के वक्त परिवार के सदस्य एक निमंत्रण में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे. जब परिजन वापस लौटे तो कमरे का फर्श धंसा देखकर उनके होश उड़ गए. महिला को गड्ढे में देखकर तत्काल राहत और बचाव का प्रयास शुरू किया गया.

पूर्वजों की कचहरी लगा करती थी

परिजनों के साथ छोटे भाई अनुप मिश्रा और स्थानीय लोगों ने गड्ढे में सीढ़ी उतारी और काफी मशक्कत के बाद निशि मिश्रा को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों से मिली जानकारी के मुताबिक, फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. इस हादसे के पीछे मकान के नीचे बनी एक पुरानी संरचना को वजह माना जा रहा है. मकान मालिक पंडित अनुराग मिश्रा ने बताया कि यह मकान वर्ष 1980 में उनके पिता और चाचा ने बनवाया था. बताया जाता है कि आजादी से पहले यहां उनके पूर्वजों की कचहरी लगा करती थी. कचहरी परिसर के नीचे अनाज भंडारण के लिए एक पुरानी खों बनाई गई थी.

ये भी पढ़ेंः रात 12 बजे डांट और 2 बजे हत्या: पूर्व IAS की हत्या पर केयरटेकर का खुलासा, पढ़ें आरोपी का कबूलनामा और साजिश की इनसाइड स्टोरी

कमरे का फर्श अचानक धंस गया

उन्होंने बताया कि समय के साथ यह तहखाना कमजोर होते चला गया और अब उसके ऊपर बने कमरे का फर्श अचानक धंस गया. बताया जा रहा है कि गड्ढा करीब 16 फीट गहरा है और उसके निचले हिस्से में पानी भी भरा हुआ है. आपको बता दे दो माह पहले सप्टेंबर को किला रोड स्थित हिन्नरिया गली में तीस फीट गहराई तक सड़क धस जाने से हड़कंप मच गया था. मौके पर पहुंचे पुरातत्व विभाग ने पुराना कुआं होने के बात कही थी. भिंड में घर के अंदर जमीन धंसने की इस घटना ने पुराने मकानों की मजबूती और उनकी नींव की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल, महिला की जान बच गई.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Manish Kushawah

Manish Kushawah

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More