App

दिवाली से पहले मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई: 4000 लीटर दूध और 1400 किलो मावा नष्ट

दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. 12 अक्टूबर से चल रहे 'शुद्ध आहार-मिलावट पर वार' अभियान के तहत अब तक 1400 किलो मिलावटी मावा, 4000 लीटर दूध और 250 किलो पनीर नष्ट कराया गया है. वहीं, रीको औद्योगिक क्षेत्र से 750 किलो संदिग्ध घी, देवसेड़ा से 350 किलो मिल्क पाउडर और काली माई रोड से 1350 लीटर मूंगफली तेल सहित बड़ी मात्रा में पाम ऑयल सीज किया गया है.

दिवाली से पहले मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई: 4000 लीटर दूध और 1400 किलो मावा नष्ट
Image Credit: दूध, मावा से लेकर तेल तक में मिलावट का शक

दीपावली त्यौहार से पहले जिले में मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहर बरपाया है. 12 अक्टूबर से चल रहे शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत विभाग ने अब तक 4000 लीटर मिलावटी दूध और 1400 किलो मावा नष्ट कराया है, जबकि 750 किलो संदिग्ध घी सहित हजारों लीटर तेल सीज किया है.

जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी के निर्देश पर सीएमएचओ डॉ. धर्मसिंह मीणा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह परमार, गौरव परिहार, रविंद्र मीणा और दीक्षा की टीम रोजाना छापेमारी कर रही है और अब तक 76 नमूने लिए जा चुके हैं. ताजा कार्रवाई में RIICO औद्योगिक क्षेत्र की एस.एस. फूड प्रोडक्ट्स फैक्ट्री से 750 किलो संदिग्ध घी, देवसेड़ा से 350 किलो मिल्क पाउडर, काली माई रोड से 1350 लीटर मूंगफली तेल और 124 टिन पाम ऑयल सीज किया गया है.

RIICO औद्योगिक क्षेत्र में छापा, 750 किलो संदिग्ध घी सीज
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सबसे ताजा बड़ी कार्रवाई रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित एस.एस. फूड प्रोडक्ट्स पर की है. यहां टीम ने छापा मारकर 50 पीपों में भरा हुआ करीब 750 किलो संदिग्ध घी सीज किया है. मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह परमार मौजूद रहे. यह घी देखने में मिलावटी और संदिग्ध लग रहा था इसलिए नमूना लेकर पूरे स्टॉक को सीज कर दिया गया है. लैब रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी.

राजाखेड़ा के देवसेड़ा में भी एक्शन, वाहन से 350 किलो मिल्क पाउडर और 105 किलो रिफाइंड ऑयल सीज 
राजाखेड़ा के देवसेड़ा में भी टीम ने एक वाहन को पकड़कर कार्रवाई की. इस वाहन से 350 किलो मिल्क पाउडर और 105 किलो रिफाइंड ऑयल सीज किया गया है. आशंका है कि यह सामान नकली मावा और घी बनाने के लिए ले जाया जा रहा था.

अब तक कुल कार्रवाई
1400 किलो मावा और 4000 लीटर दूध नष्ट
अभियान के तहत अब तक सबसे ज्यादा कार्रवाई मावा पर की गई है. विभाग ने अब तक कुल करीब 1400 किलो अपमिश्रित मावा को नष्ट करवाया है, जिसमें पुराना बस स्टैंड पर की गई ताजा कार्रवाई में 560 किलो मावा भी शामिल है. वहीं, दूध और दूध से बने उत्पादों में करीब 4000 लीटर मिक्स मिल्क को नष्ट करवाया गया है और 30 कट्टे मिल्क पाउडर को पहले ही सीज किया जा चुका है. पनीर में मिलावट पर 250 किलो पनीर को भी नष्ट किया गया है.

काली माई रोड पर भी बड़ी कार्रवाई, 1350 लीटर मूंगफली तेल और 124 टिन पाम ऑयल सीज
तेल और घी के खिलाफ काली माई रोड स्थित अशोक ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम पर भी बड़ी कार्रवाई हुई. टीम ने यहां से बीकानेरी गोल्ड ब्रांड के 15-15 लीटर के 90 पैकेट यानी कुल 1350 लीटर मूंगफली तेल को सीज किया है. इसके अलावा 124 टिन रिफाइंड पाम ऑयल और पामोलिन तेल को भी सीज कर नमूने लिए गए हैं. गोदाम से मैदा और सूजी के भी नमूने लिए गए हैं. वहीं, सैंपऊ में शेखावत किराना स्टोर से अमचूर पाउडर का नमूना लिया गया है.

ऐसे किया जाता है खराब सामान को नष्ट
जो भी दूषित मावा, पनीर या दूध मिलता है, उसे टीम जमीन में गहरा गड्ढा खोदकर उसमें डालती है. फिर उसके ऊपर मिट्टी और केमिकल डालकर उसे पूरी तरह से नष्ट कर दिया जाता है ताकि उसे कोई इंसान या जानवर खाकर बीमार न हो.

कुल नष्ट किया गया माल
मावा - 1400 किलो नष्ट
दूध - 4000 लीटर नष्ट
पनीर - 250 किलो नष्ट
कुल नष्ट = 1650 किलो + 4000 लीटर

यह भी पढ़ेंः  क्या इस दिवाली अंधेरे में रहेंगे दीये बनाने वाले हाथ? कुम्हारों ने सरकार से गुहार लगाकर की यह बड़ी मांग
कुल सीज किया गया माल
घी - 750 किलो सीज (एस.एस. फूड प्रोडक्ट्स, रीको - 50 पीपे)
मिल्क पाउडर - 30 कट्टे + 350 किलो (14 कट्टे) सीज (देवसेड़ा वाहन से)
तेल - 1350 लीटर मूंगफली तेल (90 पैक) + 124 टिन पाम ऑयल/पामोलिन + 105 किलो (7 पीपे) रिफाइंड ऑयल सीज

कुल नमूने लिए
76 नमूने + 5 नए = 81 नमूने (तेल, मावा, दूध, पनीर, मैदा, सूजी, अमचूर पाउडर) 

Report- Bhanu Sharma 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो