)
वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR पर सियासत गरमाई हुई है. चुनाव आयोग और बीजेपी के खिलाफ पूरा विपक्ष एकजुट नजर आ रहा है. 1 अक्टूबर को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर जमकर हमला बोला है. उनका कहना है कि ज्ञानेश कुमार ने आम जनता से उसका वोट देने का बुनियादी हक छीनने की कोशिश की है, और देश की जनता उन्हें इस बात के लिए कभी माफ नहीं करेगी.
ममता बनर्जी ने कहा 'अभी जो कुर्सी पर बैठे हैं, उन 'वैनिश' कुमार को लेकर काफी चर्चा चल रही है. हम तो शुरू से ही जनता के हक और उनके वोट देने के अधिकार को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं. हम पहले दिन से ही उन्हें 'वैनिश' कह रहे हैं. मैं तो उनका नाम तक अपनी जुबान पर नहीं लाती, क्योंकि जिन्होंने जनता से उनका अधिकार छीनने का काम किया हो, मैं उन्हें माफ कैसे कर सकती हूं?'.
ममता बनर्जी ने बिहार में हुए घटनाक्रम का हवाला देते हुए विपक्षी दलों को सतर्क रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा 'बिहार में, जब SIR प्रोसेस पूरा हो गया था, तो कांग्रेस और RJD ने वोटर डिलीट करने का मुद्दा उठाया था, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डिटेल्स की स्टडी करने की जरूरत थी. उन्होंने कोशिश की, लेकिन इस SIR के साथ, आपको हर चीज को इंच-इंच, बूथ-बूथ, पोलिंग स्टेशन-पोलिंग स्टेशन देखना होगा.'
#WATCH दिल्ली: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और TMC प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा, "अभी जो ज्ञानेश कुमार की चर्चा हो रही है.... जिन्होंने लोगों के हक को छीनने का काम किया उसे हम कैसे क्षमा कर सकते हैं?" pic.twitter.com/KHuldgWWZH
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 1, 2026
LIVE: Former Bengal CM Mamata Banerjee holds Presser, Steps Up Attack On CEC Gyanesh Kumar I SIR Row #mamtabanerjee #tmc #cec #gyaneshkumar #sir #indiabloc #kolkata #live https://t.co/WUVfKijBtN
— ANI (@ANI) October 1, 2026
ममता बनर्जी ने दावा किया कि SIR पर पहले कोई चर्चा तक नहीं करता था, लेकिन जब हमने पश्चिम बंगाल से इसके खिलाफ मोर्चा खोला, तब जाकर इस पर बहस शुरू हुई. उन्होंने कहा, 'हम पीड़ितों को साथ लेकर चुनाव आयोग के दफ्तर पहुंचे थे, लेकिन वहां हमारी बुरी तरह बेइज्जती की गई. सितंबर 2025 तक तो बंगाल के हालात ऐसे बना दिए गए थे, मानो वहां राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया हो.'
ममता बनर्जी का आरोप है कि हाल में पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव में आम लोगों को टीएमसी को वोट ना देने की धमकी दी गई. उन्होंने कहा 'बंगाल चुनाव में सिक्योरिटी वाले घर-घर गए, लोगों को TMC को वोट न देने की धमकी दी.' इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल में वोटरों के नाम सूची से हटाने का आरोप लगाते हुए कहा जिन इलाकों में TMC जीती, वहां ज्यादा नाम हटाए गए.
ममता बनर्जी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक बड़ा ही अजीब नजारा देखने को मिला. हुआ ये कि ममता मीडिया से बात कर ही रही थीं तभी अचानक तेज हवा चली और उनके ठीक पीछे लगा बड़ा सा बैनर नीचे गिर गया. उस बैनर पर मोटे-मोटे अक्षरों में लिखा था 'ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करो, भारत में वोटों की चोरी' बैनर गिरते ही मंच पर थोड़ी हलचल मची और पार्टी के कार्यकर्ताओं से उसे फौरन थामने को कहा गया. इसके बाद जब तक ममता की पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस चली, कार्यकर्ता उस बैनर को दोनों हाथों से पकड़कर पीछे खड़े रहे.