'उनका DNA टेस्ट कराया जाए...', रोहित पवार पर मंत्री नितेश राणे का विवादित बयान, ठाकरे परिवार पर भी साधा निशाना
शरद गुट के विधायक रोहित पवार ने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई है. उन्होंने सीएम फडणवीस पर भी बड़े गंभीर आरोप लगाए हैं. जिसके बाद मंत्री नितेश राणे ने रोहित पवार पर बड़ी विवादित टिप्पणी की है.
महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे पर सियासत गरमा गई है. शरद पवार गुट के विधायक रोहित पवार ने अजित पवार की मौत के पीछे बड़ी साजिश की आशंका जताई है. इतना ही हीं उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर कथित हत्यारों को बचाने का बड़ा गंभीर आरोप लगाया है. रोहित पवार के इन आरोपों से बीजेपी नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे भड़क गए और शरद गुट के नेता पर बड़ी विवादित टिप्पणी की है.
रोहित पवार पर मंत्री राणे की विवादित टिप्पणी
मंत्री नितेश राणे ने रोहित पवार के DNA टेस्ट कराने की मांग करते हुए कहा कि क्या रोहित पवार सच में पवार हैं? उन्होंने कहा कि पवार साहब (शरद पवार) ने अपने राजनीतिक करियर में सभी से व्यक्तिगत संबंध बनाए रखे. उनके बालासाहेब ठाकरे, नरेंद्र मोदी और देवेंद्र फडणवीस के साथ अच्छे व्यक्तिगत संबंध रहे हैं. मंत्री नितेश राणे ने आगे कहा कि शरद पवार साहब ने कभी भी इस तरह की गंदी राजनीति नहीं की, जैसी आज यह रोहित पवार कर रहे हैं.
राहुल गांधी को लेकर ठाकरे परिवार को घेरा
इतना ही नहीं दिवंगत बालासाहेब ठाकरे की पुण्यतिथि पर राहुल गांधी की ओर से श्रद्धांजलि नहीं दिए पर मंत्री नितेश राणे ने नाराजगी जताई और ठाकरे परिवार पर निशाना साधा. नितेश राणे ने ठाकरे परिवार का नाम लिए बिना कहा कि राहुल गांधी की ओर से बालासाहेब ठाकरे को सम्मान न देने के बावजूद, वे उनके साथ गठबंधन करने को तैयार हैं. बीजेपी मंत्री ने कहा कि बालासाहेब और उनकी विरासत के लिए राहुल गांधी के मन में कोई सम्मान नहीं है, फिर भी ठाकरे परिवार उनके इशारों पर नाचने में बहुत खुश नजर आता है.
रोहित पवार पर क्यों भड़के मंत्री राणे?
विधायक रोहित पवार ने हाल ही में अजित पवार के विमान हादसे की सीबीआई जांच कराने की मांग कराने की मांग की थी. उनका दावा है कि अजित पवार किसी बड़ी साजिश का शिकार हुए थे. अब रोहित पवार ने विमानन कंपनी VSR के मालिक वीके सिंह के साथ सीएम फडणवीस की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि अजित दादा के कथित हत्यारों को आखिर किसका संरक्षण मिल रहा है?
इतना ही नहीं रोहित पवार ने दावा किया कि अजित पवार की मौत के महज दो दिन बाद वीके सिंह ने फ्लोरिडा में एक आलीशान बंगला खरीदा था. उन्होंने वीके सिंह के कारोबारी साझेदार रौनेल लुइमा पर ड्रग तस्करों से संबंध होने का आरोप लगाया है. वीके सिंह के साथ कथित करीबी संबंधों को लेकर रोहित पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की भूमिका पर सवाल उठाए हैं.
ये भी पढ़ें- 'आर्थिक संकट की कगार पर भारत...', कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी ने मोदी सरकार को घेरा