SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

तलाक के बाद बच्चों से मुंह नहीं मोड़ सकता पिता, सिर्फ पैसे देना काफी नहीं: मद्रास HC का बड़ा फैसला

कई बार देखा जाता है कि शादी टूटने के बाद लोग अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ लेते हैं, लेकिन अब मद्रास हाई कोर्ट ने एक अहम फैसले में साफ कह दिया, 'तलाक के बाद भी पिता की पैरेंटल जिम्मेदारी खत्म नहीं होती.' आइए जानते हैं पूरा मामला...

Written By Bhoopendra Rai
Published: Oct 12, 2026, 03:59 PM IST | Updated: Oct 12, 2026, 04:07 PM IST
Image Credit: AI जनेरेटेड इमेज
Join

मद्रास हाई कोर्ट से उस शख्स को बड़ा झटका लगा है, जो बच्चों के फ्यूचर की आड़ में टूट चुकी शादी को जबरन खींचने की कोशिश में जुटा था. पति की याचिका पर सुनवाई के दौरान मद्रास हाई कोर्ट ने साफ कर दिया कि तलाक से पति-पत्नी का लीगल रिश्ता भले खत्म हो जाए, लेकिन एक पिता का बच्चों के प्रति फर्ज कभी खत्म नहीं होता.

दरअसल, मद्रास हाई कोर्ट ने एक वैवाहिक विवाद की याचिका पर सुनवाई की. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि पति-पत्नी के बीच तलाक होने का मतलब यह कतई नहीं है कि पिता अपनी पैरेंटल जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ ले. एक पिता अपने बच्चों को उस प्यार, केयर, गाइडेंस और इमोशनल सपोर्ट से वंचित नहीं कर सकता, जिसके वो हकदार हैं.

क्या है मामला?

यह फैसला जस्टिस जी. आर. स्वामीनाथन और जस्टिस एम. डी. सुमति की बेंच ने सुनाया है. कोर्ट ने पति की वो अपील भी सिरे से खारिज कर दी, जिसमें उसने फैमिली कोर्ट के तलाक के फैसले को चुनौती दी थी और पत्नी को साथ रहने का आदेश देने की मांग की थी. पति ने दलील दी थी कि बच्चों के फ्यूचर और उनकी भलाई को देखते हुए इस रिश्ते को टूटने से बचाया जाना चाहिए था.

'नाकाम हो चुके रिश्ते को जबरन ढोने के लिए मजबूर नहीं कर सकते'

सुनवाई के दौरान पति की दलील को खारिज करते हुए मद्रास हाईकोर्ट ने कहा, इसमें कोई शक नहीं कि वैवाहिक मामलों में बच्चों का वेलफेयर एक बेहद अहम पहलू होता है, हालांकि, बच्चों की भलाई का यह मतलब बिल्कुल नहीं निकाला जा सकता कि दोनों पक्षों को जबरन ऐसे रिश्ते में घसीटा जाए, जो पूरी तरह नाकाम हो चुका हो और जिसे दोबारा चलाना मुमकिन ही न हो.

अदालत ने सुनवाई के दौरान यह स्पष्ट कर दिया कि शादी टूटने के बाद रिश्ता खत्म होने से माता-पिता के कर्तव्य खत्म नहीं हो जाते. बेंच ने कहा, 'तलाक की डिक्री पति और पत्नी के बीच के कानूनी बंधन को तोड़ती है, लेकिन यह अपने बच्चों के प्रति पिता की नैतिक, भावनात्मक और पैरेंटल जिम्मेदारियों को खत्म नहीं करती. बच्चों की देखभाल करना, उन्हें सपोर्ट और गाइड करना, उनकी हिफाजत करना और उनकी जिंदगी में सार्थक रूप से जुड़े रहना पिता की जिम्मेदारी बनी रहती है.' कोर्ट ने यह भी जोड़ा कि एक पिता की जिम्मेदारी सिर्फ आर्थिक मदद देने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्नेह और भावनात्मक सुरक्षा देना भी उसका फर्ज है.

एकतरफा चाहत से नहीं जुड़ सकता टूटा हुआ रिश्ता

इस मामले में पति ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया था और पत्नी पर किसी दूसरे शख्स के साथ संबंध होने का इल्जाम लगाकर दावा किया था कि वह 2019 में ससुराल छोड़कर चली गई थी. पति ने बच्चों की खातिर पत्नी को माफ करके उसके साथ रहने की बात कहते हुए याचिका दायर की, हालांकि फैमिली कोर्ट ने पत्नी को तलाक की डिक्री दे दी थी और पति की याचिका ठुकरा दी.

हाई कोर्ट ने पति की दलीलों को खारिज करते हुए कहा कि सिर्फ एक साथी के चाहने भर से टूटा हुआ रिश्ता फिर से नहीं जुड़ सकता. जब शादी की बुनियाद ही पूरी तरह हिल चुकी हो, तो सिर्फ एकतरफा जिद के दम पर साथ नहीं रहा जा सकता. दोनों के बीच बेहद गंभीर आरोप लगे थे, पुलिस में शिकायतें दर्ज कराई गई थीं और झगड़ा इतना बढ़ चुका था कि अब शांति से साथ रहने की कोई गुंजाइश ही नहीं बची थी.

बच्चों की भलाई दोनों माता-पिता की संयुक्त जिम्मेदारी

इस मामले में जजों ने निष्कर्ष निकालते हुए कहा कि सिर्फ इसलिए कि शादी टूट चुकी है, पति यह नहीं कह सकता कि बच्चों के प्रति उसकी जिम्मेदारी खत्म हो गई. बच्चों का वेलफेयर दोनों माता-पिता पर यह लगातार जिम्मेदारी डालता है कि वे यह सुनिश्चित करें कि बच्चों की सही देखभाल हो और उन्हें पूरा इमोशनल सपोर्ट मिले. अदालत ने यह भी माना कि बच्चों की भलाई का तर्क फैमिली कोर्ट के तलाक के फैसले को पलटने का आधार नहीं बन सकता और इसी के साथ पति की अपील खारिज कर दी गई.

ये भी पढ़ें: दिल्ली में CEC के खिलाफ सियासी गर्मी के बीच केरलम से आया बड़ा वार! विधानसभा ने ज्ञानेश कुमार को हटाने का प्रस्ताव पास किया
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES