कोलकाता हादसा: एंट्री गेट पर सैलाब, एग्जिट से घुसने की जिद; दो वीडियो ने खोला दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ का राज!
कोलकाता में हुए हादसे का नया वीडियो सामने आया है. बारिश हो रही है. एक बेहद संकरे से रास्ते पर छाता लगाए कई लोग जल्दी-जल्दी आगे बढ़ रहे हैं. अचानक कुछ ऐसा होता है कि सारा मंजर बदल जाता है. कोहराम मच जाता है.
कोलकाता के चोरबागान स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार की देर शाम मची भगदड़ के बाद चारों ओर मातम पसरा है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से लेकर पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी तक अस्पतालों के चक्कर काटकर घायलों का जायजा ले रहे हैं. पीड़ित परिजनों पर मुआवजे का मलहम लगाने से लेकर कई लोगों की गिरफ्तारी के बीच उस भगदड़ का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें 19 लोगों की मौत हो गई. भीड़ में मौजूद शख्स के फोन में रिकॉर्ड इस क्लिप में दर्जनों लोग एक संकरे और कम ऊंचाई वाले पंडाल की ओर बढ़ते जा रहे हैं. वहीं मौजूद महिलाएं और बच्चे मदद की गुहार लगा रहे हैं.
नए वीडियो में क्या दिखा?
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि बारिश के चलते भीड़ तेज-तेज कदमों में आगे बढ़ रही है. भीड़ में शामिल एक शख्स वीडियो पीछे से वीडियो बना रहा है. इसी वीडियो में शनिवार शाम कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ का मंजर दिख रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि लोग एक-दूसरे से बिल्कुल सटकर खड़े हैं, वहां तिल रखने की जगह भी नहीं है. कुछ लोग गिरने से बचने के लिए दीवार को पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं.
एक और वीडियो सामने आया है बारिश के बीच कुछ लोग छाते पकड़े हुए दौड़ लगा रहे हैं.
EXIT GATE का वीडियो
आपको बताते चलें कि जिस पूजा पंडाल में हादसा हुआ उसके एक्जिट गेट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि बारिश की वजह से लोग एग्जिट गेट से भी अंदर जाने की कोशिश कर रहे हैं. पहले वीडियो देखिए फिर हादसे की एक संभावित थ्योरी आपको बताते हैं.
सबसे मजबूत थ्योरी
हादसे में अपना मां को खोने वाले सोनू ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को बताया, 'बाहर बारिश हो रही थी और पंडाल में मौजूद लोगों में से कोई भी पंडाल से बाहर नहीं जाना चाहता था. वहीं बारिश से बचने के लिए बहुत सारे लोग प्रवेश द्वार (एंट्री गेट) पर खड़े लोग अंदर आने के लिए धक्का-मुक्की कर रहे थे. जल्द ही भीड़ का दबाव इतना बढ़ गया कि संभलना मुश्किल हो गया. लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे.'
दूसरी ओर एग्जिट गेट से भी लोग बारिश से बचने के लिए अंदर आ रहे थे, ऐसे में पंडाल में दोनों तरफ से क्षमता से अधिक लोगों के आने से सफोकेशन जैसी भयानक स्थिति हो गई होगी. लोगों ने बचाव के लिए धक्का-मुक्की की होगी. उसी दौरान मची भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.