SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'भारत माता और विवेकानंद की तस्वीर पर थूका, देश विरोधी नारे लगे': सत्यजीत रे इंस्टीट्यूट के बाहर फिर हुआ बवाल

कोलकाता के एसआरएफटीआई के बाहर रविवार को जमकर बवाल हुआ है. हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने इंस्टीट्यूट का गेट तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की. इस दौरान पुलिस के साथ धक्का मुक्की हुई और बड़ी मुश्किल से स्थिति को संभाला गया.

Written By Bhoopendra Rai
Published: Oct 04, 2026, 20:21 IST | Updated: Oct 04, 2026, 20:25 IST
Image Credit: सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के बाहर बवाल...
Join

कोलकाता के मुकुंदपुर स्थित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट एक बार फिर चर्चा में है. 4 अक्टूबर को इंस्टीट्यूट के बाहर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध-प्रदर्शन किया. यह प्रोटेस्ट संस्थान के भीतर स्वामी विवेकानंद और भारत माता के कथित अपमान के विरोध में किया गया. प्रदर्शनकारियों ने गेट तोड़कर परिसर के अंदर घुसने की कोशिश की, जिसके बाद स्थिति को कंट्रोल करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया.

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि संस्थान के छात्रों ने भारत माता की तस्वीर फाड़ी, स्वामी विवेकानंद की तस्वीर पर थूका और उसे लात मारी. इसके साथ ही छात्रों पर पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी करने का भी आरोप लगाया गया है.

आखिर क्यों हुआ प्रदर्शन?

यह प्रदर्शन 27 सितंबर को हुई एक झड़प के विरोध में किया गया. उस दिन संस्थान के कुछ छात्रों और 'अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत' के लोगों के बीच कैंपस में तीखी बहस और मारपीट हुई थी. SRFTI में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के कार्यक्रम को लेकर छात्रों ने बाहरी लोगों के परिसर में प्रवेश और आयोजन पर आपत्ति जताई थी.

बता दें कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत दरअसल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ा एक संगठन है, जो उपभोक्ताओं के अधिकारों के लिए काम करता है. 27 सितंबर को हुई उस झड़प के विरोध में रविवार दोपहर को हिंदू जागरण मंच के प्रदर्शनकारी एसआरएफटीआई के मेन गेट पर जमा हुए थे. जब पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से रोका, तो कुछ लोगों ने जबरन गेट खोलने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी धक्का-मुक्की हुई. हालांकि पुलिस ने बाद में हालात को कंट्रोल कर लिया.

'भारत माता की तस्वीर फाड़ी'

प्रदर्शन में शामिल हुए हिंदू जागरण मंच के एक सदस्य आनंद साहू का आरोप है, 'भारत माता की तस्वीर फाड़ी' और 'विवेकानंद की तस्वीर को लात मारी.' वे धर्मनिरपेक्षता के नाम पर देश को बांट रहे हैं. वे देशद्रोही हैं. हमारी मांग है कि ऐसे लोगों को देश से निकाला जाना चाहिए.

प्रदर्शनकारियों ने क्या कहा?

न्यूज एजेंसी एएनआई से हिंदू जागरण मंच की एक अन्य सदस्य बबीता प्रसाद ने कहा, 'संगठन देश विरोधी गतिविधियों के खिलाफ यह प्रदर्शन कर रहा है. आज भारत माता की तस्वीर को लात मारी गई, उस पर थूका गया. स्वामी विवेकानंद, जिन्होंने विदेशों में इस देश का मान बढ़ाया और भारत का गौरव ऊंचा किया, उनकी तस्वीर को लात मारी गई और उस पर थूका गया. इस विरोध का मकसद समाज को यह सोचने पर मजबूर करना है कि हम किस देश में रहते हैं और किन लोगों के साथ रहते हैं.'

पुलिस से मारपीट के आरोप

प्रदर्शन के दौरान मौके पर पत्थर और बोतलें फेंके जाने का भी आरोप लगाया गया है. खुद को कोलकाता पुलिस की स्पेशल ब्रांच का जवान बताने वाले एक शख्स ने आरोप लगाया कि पहचान उजागर करने के बावजूद उसके साथ मारपीट की गई. उसने बताया कि नाक और मुंह से खून बहने लगा और उसका मोबाइल फोन, घड़ी भी गायब हो गए हैं.

एएनआई से बातचीत में एक प्रदर्शनकारी ने पुलिसकर्मी के साथ मारपीट के आरोप को सिरे से खारिज कर दिया. उसने कहा, 'किसी ने भी पुलिस को नहीं पीटा है.' प्रदर्शन के दौरान पत्थर फेंके गए, लेकिन मंच के कार्यकर्ता संयमित रहे. भारत माता के कथित अपमान के खिलाफ यह आम जनता का स्वतःस्फूर्त और निहत्था विरोध था और संगठन ने हमेशा संविधान के दायरे में रहकर प्रदर्शन किया है.

ये भी पढ़ें:  ईरानी कप पर रेस्ट ऑफ इंडिया का कब्जा: जम्मू-कश्मीर को रौंदकर जीता 31वां खिताब, मुकेश कुमार और आकाश दीप का कहर

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES