SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कोलकाता में हादसा: दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़, 19 की मौत, हादसे के अगले दिन कैसे हैं हालात?

कोलकाता पुलिस ने बताया कि गिरीश पार्क पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 'चोरबगान सार्वजनीन पूजा पंडाल' के EXIT गेट पर बारिश के दौरान पंडाल में आए लोगों की भारी भीड़ के कारण अचानक भगदड़ मच गई. यह घटना रात करीब 7:45 बजे घटी. आइए जानते हैं रविवार को क्या कुछ हुआ.

Written By Shwetank Ratnamber
Published: Oct 18, 2026, 06:17 AM IST | Updated: Oct 18, 2026, 01:13 PM IST
Image Credit: हादसे के बाद का अपडेट
Join

शनिवार शाम उत्तरी कोलकाता के एक दुर्गा पूजा पंडाल में बारिश, भारी भीड़ और आने-जाने के संकरे रास्तों के कारण एक जानलेवा हादसा हो गया. इस घटनाक्रम में अबतक 19 मौतों की पुष्टि हो चुकी है. इसी हादसे में कम से कम 25 अन्य लोग घायल हुए हैं. मृतकों में 13 महिलाएं और एक बच्चा भी है. दुखद हादसा 10 दिनों तक चलने वाले दुर्गा पूजा उत्सव के सातवें दिन, यानी सप्तमी को हुआ. आइए जानते हैं कि हादसे की अगली सुबह कैसे हैं हालात, क्या-क्या हुआ कैसे हुआ आइए सिलसिलेवार तरीके से बताते हैं.

वीकेंड के चलते पूजा पंडाल में भारी भीड़ थी. खचाखच भीड़ के बीच पैर रखने की जगह नहीं थी. बारिश के बाद अचानक हुई भगदड़ के बाद हालात संभालने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पुलिस-प्रशासन को फोन करके हालात का जायजा लिया.

करीब 13 मृतकों के परिजनों से मुलाकात करने के बाद सुवेंदु अधिकारी ने बीती रात करीब एक बजे मीडिया को हादसे का अपडेट दिया.

हादसे के बाद क्या-क्या हुआ?

अफरातफरी के हालातों के बीच उन लोगों की हालत को बताना मुश्किल है, जिन्होंने अपनी आखों के सामने किसी परिजन को मौत के मुंह में जाते देखा. उनकी आंखों में आंसू थे. उन्हें संभालना मुश्किल हो रहा था. भगदड़ के बाद घटनास्थल पर जूते-चप्पलों और अन्य सामान का ढेर लगा था. राहत और बचाव टीमें हालात संभालने में जुटी थीं. 

हेल्पलाइन नंबर जारी

राज्य सरकार ने हादसे के मद्देनजर दो हेल्पलाइन नंबर: 1800-345-5678 और 033-22141310 जारी किए इसके साथ ही कोलकाता पुलिस, फायर ब्रिगेड, कंट्रोल रूम और आपदा प्रबंधन की टीमों ने राहत और बचाव का काम शुरू किया. मौके पर कुछ एंबुलेंस थी, कुछ का इंतजाम किया गया. फोन पर लोगों को जानकारी दी गई.

आला अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी, सीपी और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. सीएम अधिकारी के साथ राज्यसभा सांसद सामिक भट्टाचार्य ने भी हालात का जायजा लेकर पीड़ित परिवारों का ढांढस बढ़ाया. अस्पताल के अधिरारियों को निर्देश दिए गए. कई स्थानीय नेता मौके पर पहुंचे.

पूजा पंडाल में हुई भगदड़ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत समेत कई नेताओं ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.

रात एक बजे तक का अपडेट

पुलिस ने बताया कि फौरन करीब 35 घायलों को कोलकाता मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में ले जाया गया. फौरन पूजा पंडाल को बंद कर दिया गया. पुलिस ने पंडाल और आस-पास का सीसीटीवी फुटेज लिया.

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात करके उन्हें हर संभव मदद देने का भरोसा जताया है. घटना की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा, 'सरकार सभी पीड़ितों के साथ है. मैं अपने सारे कार्यक्रम रद्द करके इस हादसे के पीड़ित परिवारों के साथ हूं. मृतकों को परिजनों को 25 लाख का मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी. जितने घायल हैं, सबके इलाज का खर्च सरकार उठाएगी.'

मृतकों के शवों और घायलों को फौरन अस्पताल ले जाया गया. मेडिकल कॉलेज में उनकी गहराई से जांच हुई. मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए और घायलों का फौरन इलाज शुरू किया गया. 

कुछ पूजा पंडाल बंद

1) अलीपुर सर्वजनीन.

2) टाला प्रत्यय.

3) टाला बारोवारी.

4) चेतला अग्रणी.

5) हिंदुस्तान पार्क.

6) एलेन पार्क (आंशिक बंद यानी सांस्कृतिक कार्यक्रम और शो रद्द)

वहीं संतोष मित्र स्क्वायर पंडाल की ओर से अपील की गई है कि जितना संभव हो कम दर्शक आएं. बाकी लोग लौट जाएं. फिलहाल यही हमारा स्टैंड है. बाकी का फैसला बाद में स्थिति देखकर लिया जाएगा.

रात 2 बजे का ट्वीट

12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ 

पुलिस ने कहा है कि घटनाक्रम की जांच जारी है. पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है. इस घटनाक्रम के जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा. जिसकी गलती पाई जाएगी उसे सजा दिलाई जाएगी. कोलकाता पुलिस ने हादसे के बाद 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है. इनमें आयोजक, वालंटियर और अन्य लोग शामिल हैं.

विपक्ष का बयान

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जु खरगे, तेजस्वी यादव, ममता बनर्जी समेत कई नेताओं ने शोक जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की है. राहुल गांधी ने कहा, 'हादसे की निष्पक्ष जांच हो ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी न दोहराई जाए.' ममता बनर्जी ने कहा, पंडाल में भगदड़ की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ. मां दुर्गा से प्रार्थना है कि सभी घायल जल्द ठीक हों और मुश्किल समय में उनके परिवारों को हिम्मत और शक्ति मिले.'

अभिषेक बनर्जी ने कोलकाता पुल‍िस, पश्चिम बंगाल पुल‍िस और सीएम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा क‍ि 'मां दुर्गा दुखी परिवारों को हिम्मत और हिम्मत दें और सभी घायलों को जल्दी और पूरी तरह ठीक होने का आशीर्वाद दें. 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कैसा था मंजर?

हादसे में अपना मां को खोने वाले सोनू ने बताया, 'बाहर बारिश हो रही थी और कोई भी पंडाल से बाहर नहीं जाना चाहता था. जबकि बारिश से बचने के लिए प्रवेश द्वार पर खड़े लोग अंदर आने के लिए धक्का-मुक्की कर रहे थे. जल्द ही भीड़ का दबाव इतना बढ़ गया कि संभलना मुश्किल हो गया. लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे.'

एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि भगदड़ के दौरान पंडाल का एक हिस्सा ढह गया, जिससे इलाके की संकरी गलियों में भारी अफरा-तफरी मच गई. 

सुबह 6 बजे का अपडेट

अस्पताल में रात में मौजूद डॉक्टरों की टीम के अलावा कुछ अन्य डॉक्टर और स्टाफ पहुंचा है. घायलों की जान बचाने के लिए डॉक्टरों की टीमें लगातार इलाज में जुटी है. स्पेशलिस्ट डॉक्टर केस देख रहे हैं. पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया है. बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी आज भी पीड़ितों से मिलने अस्पताल जा सकते हैं.

दोपहर 12 बजे का अपडेट

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अस्पताल में जाकर घायलों का हालचाल जाना. मृतकों के परिजनों से संवेदना जताते हुए उन्होंने हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES