संवैधानिक संस्थाओं को लजा रहे: पहले भी मनगढ़ंत खबर के जरिए की माहौल बिगाड़ने की साजिश, अब चुनाव आयोग को निशाना बना रहे, कांग्रेस पर बरसे नड्डा
विपक्ष द्वारा संवैधानिक संस्थाओं को लगातार निशाना बनाए जाने से भड़के बीजेपी नेता जे पी नड्डा ने कांग्रेस को लपेटते हुए जमकर फटकार लगाई है.
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने चुनाव आयोग को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोला है. नड्डा ने आरोप लगाया है कि विपक्ष अब संवैधानिक संस्थाओं को लेकर लगातार सवाल खड़े करके देश में भ्रम की स्थिति पैदा कर रहा है. यह विवाद एक अंग्रेजी अखबार में छपी उस रिपोर्ट के बाद बढ़ा है, जिसमें चुनाव आयोग के भीतर मतदाता सूची के शुद्धीकरण यानी एसआईआर (SIR) को लेकर मतभेदों का दावा किया गया था. हालांकि चुनाव आयोग ने इसके बाद निर्णयों को लेकर स्पष्टीकरण दिया, लेकिन दूसरी ओर राहुल गांधी समेत तमाम विपक्षी नेता आयोग की भूमिका और कामकाज पर सवाल उठा रहे हैं.
नड्डा ने कहा, 'विपक्ष एक बार फिर से गलत नैरेटिव को फैलाकर देश का माहौल खराब करने की साजिश रच रहा है. ये कोई पहला मौका नहीं है, जब इन लोगों ने किसी संवैधानिक संस्था को लजाने का काम किया हो. यही लोग पहले भी मनगढ़ंत खबर के जरिए देश के अंदर का माहौल बिगाड़ने की साजिश कर चुके हैं. इस बार इन लोगों के निशाने पर चुनाव आयोग है. इसलिए झूठे नैरेटिव के सहारे 'सियासी' निशाने साधे जा रहे हैं.'
नड्डा का कांग्रेस पर हमला
नड्डा ने ये भी कहा ये लोग बाकायदा एक नैरेटिव रचकर आयोग को निशाना बना रहे हैं. हमने कुछ दिन पहले भी देखा कि किस तरह एक मनगढ़ंत खबर के आधार पर देश का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया. अब जब चुनाव आयोग के सभी सदस्यों ने इनके आरोपों का जवाब दे दिया है, तब भी ये नए सिरे से देश का माहौल खराब करने की कोशिश में जुटे हैं.
'हिट एंड रन' करके भाग रहा विपक्ष: नड्डा
नड्डा ने कांग्रेस आलाकमान में सीधे राहुल गांधी को ललकारते हुए कहा, 'राहुल जी कान खोलकर हमारी बात सुन लीजिए,क्योंकि एक ही झूठ को सौ बार दोहराने से वह सच नहीं बन जाता और सच कभी पराजित नहीं होता.
नड्डा ने ये भी कहा राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी जैसे विपक्षी नेताओं की राजनीति अब संवैधानिक और स्वायत्त संस्थाओं पर सवाल खड़े करने तक सीमित होती जा रही है. आरोप लगाओ, भ्रम फैलाओ, देश का माहौल बिगाड़ो और फिर भाग जाओ. यही इनकी कार्यशैली बन गई है. इनका न तो राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई सरोकार दिखाई देता है, न जनता के कल्याण से और न ही देश के मान-सम्मान से. इनका एकमात्र उद्देश्य सत्ता हासिल करना रह गया है और वो भी किसी जनसेवा के लिए नहीं, बल्कि परिवारवाद और सत्ता के संरक्षण के लिए.'
जनता देगी विपक्ष को जवाब
नड्डा ने बताया कि बीजेपी के लिए सत्ता सुख भोगने का साधन नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की सेवा और अंत्योदय के संकल्प को पूरा करने का पवित्र माध्यम है. इसलिए उन्हें भरोसा है कि देश की प्रबुद्ध जनता विपक्ष के इस दोहरे चरित्र और नकारात्मक राजनीति को भली-भांति समझ चुकी है. जो ताकतें देश में अस्थिरता पैदा करना चाहती हैं, उन्हें जनता ने पहले भी करारा जवाब दिया है और आगे भी उनके हर भ्रम और षड्यंत्र का जवाब लोकतंत्र की अदालत में जनता ही देगी.