जम्मू-कश्मीर: पुंछ विष्णु मंदिर में बेखौफ चोरी की घटना; CCTV फुटेज ने खोली पोल
जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ समय से लगातार चोरी के मामले सामने आ रहे हैं. हाल ही में पुंछ के ऐतिहासिक किले में मौजूद श्री हरि विष्णु मंदिर में चोरी की वारदात हुई. यहां एक संदिग्ध को मंदिर से चोरी करते हुए देखा गया.
Jammu-Kashmir Crime News: जम्मू-कश्मीर में दिवाली के बाद पुंछ के ऐतिहासिक किले में स्थित श्री हरि विष्णु मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है. घटना तड़के 10 नवंबर 2026 की बताई जा रही है. यहां मंदिर परिसर में एक संदिग्ध को चोरी करते हुए देखा गया. इसका वीडियो CCTV कैमरे में कैद हुआ.
सामने आए CCTV फुटेज में चोर मंदिर के अंदर घूमता और चोरी की वारदात को अंजाम देता दिखाई दे रहा है. घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.
मंदिर से की चोरी
बताया जा रहा है कि चोरी की यह वारदात सुबह तड़के हुई, जब मंदिर परिसर में आवाजाही बेहद कम थी. CCTV फुटेज सामने आने के बाद अब पुलिस के लिए आरोपी की पहचान करना आसान हो सकता है. मंदिर प्रबंधन की ओर से पुलिस और प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है. ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रखने वाले इस मंदिर में चोरी की घटना ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है.
जांच में जुटी पुलिस
लोगों का कहना है कि ऐसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए. अब पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और उसकी तलाश में जुटी है. पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आरोपी ने मंदिर से क्या-क्या सामान चोरी किया और इस वारदात में उसके साथ कोई और भी शामिल था या नहीं.
पहले भी आए चोरी के मामले
बता दें कि इससे पहले पुलवामा में बीते दिनों यादर इलाके के एक बगीचे से सेब के 30 क्रेट चोरी होने का मामला सामने आया था, जिसको लेकर पुलिस ने शिकायत दर्ज की है. पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ एक्शन लिया. पुलिस ने शिकायत मिलने के 24 घंटे के अंदर चोरी हुए सेब के सभी 30 डिब्बे बरामद कर लिए और 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक इस अपराध में 3 नाबालिग शामिल थे. श्रीनगर में भी पिछले महीने अक्टूबर 2026 में खानयार इलाके में मिस्कीन बाग के रहने वाले एक शख्स के घर से लगभग 45 लाख रुपये के सोने के गहने चोरी होने का मामला सामने आया था. पुलिस ने मामले को लेकर 2 डॉमेस्टिक वर्कर्स को गिरफ्तार किया है.