App

अलवर में पटाखे के बारूद से बड़ा हादसा ! 5वीं के छात्र की 90% झुलस गईं आंखें

अलवर में पटाखे का बारूद निकालने के दौरान हुए जोरदार विस्फोट में 12 साल के मासूम की दोनों आंखें 90% झुलस गईं. जयपुर रेफर किए गए बच्चे के गरीब परिवार के पास इलाज के पैसे नहीं हैं, ऐसे में भामाशाहों से मदद की अपील की जा रही है.

अलवर में पटाखे के बारूद से बड़ा हादसा ! 5वीं के छात्र की 90% झुलस गईं आंखें
Image Credit: AI IMAGE

अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र में पटाखे के बारूद में अचानक हुए विस्फोट से 5वीं क्लास में पढ़ने वाला 12 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे में बच्चे की दोनों आंखें बुरी तरह झुलस गईं. डॉक्टर्स के मुताबिक उसकी आंखें करीब 90 प्रतिशत तक बर्न हो चुकी हैं. बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसके इलाज में परेशानी आ रही है.

बिहार के इस परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जानकारी के मुताबिक बिहार के सुपौल जिले के रहने वाले संतोष यादव अलवर की प्याज मंडी में पल्लेदारी का काम करते हैं. वो अपने परिवार के साथ शहर में किराए के मकान में रहते हैं. मंगलवार सुबह उनका 12 साल का बेटा दिलखुश यादव , पटाखे से बारूद निकालकर उससे खेल रहा था.  इसी दौरान अचानक बारूद में विस्फोट हो गया. विस्फोट इतना तेज था कि बच्चे की दोनों आंखें गंभीर रूप से झुलस गईं.

सावधानी हटी और जिंदगीभर का अंधेरा छा गया
हादसे के बाद बच्चे की मां आसपास के लोगों की मदद से उसे राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय लेकर पहुंची.  यहां डॉक्टर्स ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया और बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया. वहीं, परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते मां के सामने बच्चे को जयपुर ले जाकर उपचार करवाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई ह.। ऐसे में बच्चे की आंखों की रोशनी बचाने के लिए समय पर बेहतर इलाज बेहद जरूरी है. परिवार ने आमजन और भामाशाहों से मदद की अपील की है, ताकि आर्थिक सहयोग के जरिए बच्चे का समय पर उपचार हो सके और उसकी आंखों की रोशनी बचाने की उम्मीद कायम रह सके.

ये दर्दनाक हादसा इस बात की गवाही देता है कि पटाखों का बारूद आंखों और शरीर के लिए कितना खतरनाक होता है. थोड़ी सी भी लापरवाही और जरा सी चिंगारी किस तरह जिंदगीभर का अंधकार दे सकती है, ये इसका जीता-जागता उदाहरण है. ये ही वजह है कि कहा जाता है कि जब भी बच्चे पटाखे चलाएं, तो बड़ों का पास होना बेहद जरूरी है, ताकि ऐसे हादसों को समय रहते रोका जा सके.  उम्मीद है, इस मुश्किल वक्त में भामाशाह और समाजसेवी परिवार की मदद के लिए आगे आएंगे, ताकि इस दिवाली किसी घर के चिराग की आंखों की रोशनी हमेशा के लिए न बुझे.

रिपोर्टर- जुगल किशोर गांधी

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More