SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

50 साल का दमदार सफर, समंदर पर पैनी 'नजर': कॉन्स्टेलेशन से P-8I तक, नेवी ने दुश्मन की हर चाल पर किया वार

भारतीय नौसेना ने एक बड़ा मुकाम हासिल किया है. लंबी दूरी की समुद्री निगरानी में उसने 50 साल का सफर पूरा कर लिया है. सुपर कॉन्स्टेलेशन से लेकर अत्याधुनिक P-8I विमानों तक का सफर नेवी की समुद्री निगरानी, पनडुब्बियों की तलाश और दुश्मन की गतिविधियों पर नजर रखने की काबिलियत को नई ताकत देता है.

Written By Rachit Kumar
Published: Nov 18, 2026, 13:19 IST | Updated: Nov 18, 2026, 13:24 IST
Image Credit: समुद्र में भारतीय नेवी की आंख बहुत दूर तक है.
Join

भारतीय नेवी ने लंबी दूरी की समुद्री निगरानी (एलआरएमआर) के 50 साल पूरे कर लिए हैं. 18 नवंबर 1976 को शुरू हुआ यह सफर आज अत्याधुनिक पी-8आई विमानों तक पहुंच चुका है. इन पांच दशकों में नेवी ने समुद्र के विशाल क्षेत्र में निगरानी करने, दुश्मन की गतिविधियों का पता लगाने, पनडुब्बियों को खोजने और समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपनी क्षमता को लगातार मजबूत किया है.

इस गोल्डन जुबली के साथ नेवी के हवाई निगरानी दस्ते आईएनएएस 312 की स्थापना के भी 50 साल पूरे हो गए हैं. नेवी के इस हवाई दस्ते को 'अल्बाट्रॉस' के नाम से जाना जाता है. इसकी स्थापना 18 नवंबर 1976 को गोवा के आईएनएस हंसा में हुई थी. उस समय भारतीय वायुसेना से पांच लॉकहीड सुपर कॉन्स्टेलेशन विमान लेकर इस दस्ते की शुरुआत की गई थी.

1971 के बाद पड़ी विमानों की जरूरत

दरअसल, वर्ष 1971 के युद्ध के बाद नेवी ने महसूस किया कि समुद्री सुरक्षा के लिए ऐसे विमानों की जरूरत है, जो समुद्र में लंबी दूरी तक जाकर निगरानी कर सकें और युद्धपोतों व हेलीकॉप्टरों के साथ मिलकर काम कर सकें. इसी जरूरत को देखते हुए नेवी ने लंबी दूरी की समुद्री निगरानी की जिम्मेदारी संभाली. इसके बाद नेवी की हवाई निगरानी क्षमता में लगातार इजाफा हुआ. वर्ष 1977 में इल्यूशिन आईएल-38 विमानों को शामिल करने से समुद्री निगरानी और पनडुब्बियों का पता लगाने की क्षमता मजबूत हुई.

नेवी के मुताबिक, इसके बाद 1988 में आईएनएएस 312 में टुपोलेव टीयू-142एम विमान शामिल किए गए. इन विमानों ने नेवी की पहुंच को हिंद महासागर क्षेत्र के दूर-दराज के हिस्सों तक बढ़ा दिया. इस तरह नेवी के लिए समुद्र के बड़े हिस्से पर लगातार नजर रखना आसान हुआ.

पत्नी लड़ाती रही 'फर्जी इश्क', पति ने 'ड्रैगन' के कंधे पर चढ़कर खड़ी की 8,39,56,95,00,000 रुपये की डेटा सेंटर वाली सल्तनत

फिर शामिल हुए आधुनिक विमान

इस सफर में एक और बड़ी उपलब्धि साल 2013 में मिली, जब अरक्कोनम स्थित आईएनएस राजाली में बोइंग पी-8आई विमानों को शामिल किया गया. इन अत्याधुनिक विमानों ने समुद्र के विशाल क्षेत्र में निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने, दुश्मन की गतिविधियों का पता लगाने, पनडुब्बियों की तलाश करने और समुद्री लक्ष्यों पर हमला करने की क्षमता को नई ताकत दी.

पिछले पांच दशकों में नेवी के लंबी दूरी के समुद्री निगरानी विमानों ने ऑपरेशन कैक्टस, ऑपरेशन विजय, ऑपरेशन पराक्रम और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अहम अभियानों में भूमिका निभाई है. इसके अलावा, समुद्री लुटेरों के खिलाफ कार्रवाई और समुद्र में लापता लोगों व जहाजों की तलाश एवं बचाव अभियानों में भी इन विमानों ने अहम सहयोग दिया है. आज नेवी के पी-8आई विमान हिंद महासागर और उससे आगे तक समुद्री गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं.

आईएनएएस 312 के पी-8आई विमान अरक्कोनम स्थित आईएनएस राजाली से और आईएनएएस 316 के विमान गोवा स्थित आईएनएस हंसा से संचालन कर रहे हैं. इनकी मदद से नेवी समुद्र में होने वाली गतिविधियों की जानकारी जुटाने और भारत के समुद्री हितों की सुरक्षा करने में जुटी है.

पत्थरों से रचा 'शिल्प संसार', आज भी खुद में चमत्कार; जिस मूर्ति को लेकर राहुल-BJP में छिड़ी रार, क्या है उस होयसलेश्वर मंदिर का इतिहास

नेवी की इस स्वर्ण जयंती पर उन सभी नेवी पायलटों, अभियान दलों, तकनीकी कर्मचारियों और सहयोगी कर्मियों के योगदान को भी याद किया जा रहा है, जिन्होंने पांच दशकों तक इस क्षमता को विकसित करने और बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई. सुपर कॉन्स्टेलेशन से शुरू होकर पी-8आई तक पहुंचा यह सफर भारतीय नेवी की समुद्री निगरानी क्षमता में आए बड़े बदलाव और तकनीकी विकास की कहानी भी बयां करता है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES