App

पत्थरों से रचा 'शिल्प संसार', आज भी खुद में चमत्कार; जिस मूर्ति को लेकर राहुल-BJP में छिड़ी रार, क्या है उस होयसलेश्वर मंदिर का इतिहास

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में शिव-पार्वती की जिस तस्वीर का जिक्र किया, वह कर्नाटक के होयसलेश्वर मंदिर का है. यह मंदिर भारतीय वास्तुकला का अद्भुत उदाहरण है. चलिए आपको इसके इतिहास से रूबरू कराते हैं.

पत्थरों से रचा 'शिल्प संसार', आज भी खुद में चमत्कार; जिस मूर्ति को लेकर राहुल-BJP में छिड़ी रार, क्या है उस होयसलेश्वर मंदिर का इतिहास
Image Credit: होयसलेश्वर मंदिर पर दो बार आक्रमण भी हुए.

दो दिन पीछे चलते हैं. सोमवार (16 नवंबर) को  नई दिल्ली में सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' का विमोचन हुआ, जिसमें राहुल गांधी ने याद किया कि कैसे उनकी मां अक्सर पारिवारिक भोजन के दौरान उनके पिता की गोद में बैठती थीं. उन्होंने कहा कि बचपन में वे अपने माता-पिता के बीच प्यार की इस अभिव्यक्ति को सामान्य मानते थे और यह देखकर हैरान थे कि उनके दोस्तों के माता-पिता ऐसा नहीं करते थे. इस घटना के बाद सियासी रार छिड़ गया. बीजेपी ने उन पर जमकर हमला बोला. पलटवार करते हुए राहुल गांधी ने  कर्नाटक के ऐतिहासिक शहर हलेबिडु के होयसलेश्वर मंदिर की एक प्रसिद्ध मूर्ति का जिक्र किया, जिसमें भगवान शिव और माता पार्वती को नंदी पर सवार दिखाया गया है. बीजेपी और राहुल गांधी की खींचतान के बीच सबकी नजरें इस ऐतिहासिक मंदिर पर टिक गई हैं. आइए आपको बताते हैं इस मंदिर का इतिहास.

हलेबिडु कर्नाटक के हासन जिले में स्थित है. यह ऐतिहासिक हिंदू और जैन स्थल है. अतीत में यह होयसल राजवंश की राजधानी था. इसको द्वारसमुद्र या दोरसमुद्र भी कहा जाता है. यह भारतीय वास्तुकला का अद्भुत केंद्र है और इसकी बानगी होयसलेश्वर और केदारेश्वर मंदिर में साफ देखने को मिलती है.

होयसलेश्वर मंदिर भगवान शिव को समर्पित दक्षिण भारत के सबसे अहम तीर्थस्थलों में से एक है. इस मंदिर का निर्माण 12वीं शताब्दी में होयसल साम्राज्य के राजा विष्णुवर्धन के शासनकाल के दौरान हुआ था. इस भव्य मंदिर का निर्माण कार्य 1121 ईस्वी में पूरा हुआ. होयसलेश्वर मंदिर हलेबिडु में स्थित है. माना जाता है कि उस समय के शासक राजा विष्णुवर्धन होयसलेश्वर के नाम पर ही इस मंदिर का नाम रखा गया है.

मंदिर बनाने के लिए किसने दिया था पैसा?

इस मंदिर को बनाने का काम हलेबिडु के धनी शैव नागरिकों (केतामल्ला और केसरासेट्टी) ने शुरू कराया था. मंदिर बनाने के लिए पैसे भी इन्होंने ही दिए थे.बताया जाता है कि जब इस मंदिर का निर्माण हो रहा था, तब होयसलेश्वर मंदिर और बेलूर के चेन्नाकेशव मंदिर के बीच तगड़ा कॉम्पिटिशन था. 14वीं सदी की शुरुआत में, मुस्लिम आक्रमणकारियों ने होयसलेश्वर मंदिर में तोड़फोड़ की और लूटपाट की. इस भयानक घटना के बाद मंदिर खंडहर में तब्दील हो गया और इसकी हालत बहुत खराब हो गई.

होयसलेश्वर मंदिर में दो गर्भगृह हैं; एक होयसलेश्वर को समर्पित है और दूसरा शांतलेश्वर को (जिसका नाम राजा विष्णुवर्धन की रानी शांतला देवी के नाम पर रखा गया है). यह मंदिर क्लोरिटिक शिस्ट (जिसे सोपस्टोन या पॉटस्टोन भी कहा जाता है) से बना है और एक ऊंचे चबूतरे पर स्थित है. दोनों गर्भगृह पूर्व दिशा की ओर हैं और एक-दूसरे से सटे हुए हैं. इन गर्भगृहों में शिवलिंग स्थापित है.

मंदिर के अंदर क्या है?

अन्य गर्भगृहों के अलावा, एक गर्भगृह भगवान सूर्य को समर्पित है. यहां 7 फुट ऊंची एक कलाकृति है, जिसमें सूर्य देव को दर्शाया गया है. मंदिर के हॉल में भगवान शिव के वाहन नंदी की विशाल प्रतिमाएं मौजूद हैं. होयसलेश्वर मंदिर बीते दौर की एक अनमोल निशानी है. इस मंदिर की भव्यता को हिंदू वास्तुकला का शिखर माना जाता है.

होयसलेश्वर मंदिर अपनी दीवारों पर बनी नक्काशी के लिए जाना जाता है, जो मंदिर की बाहरी दीवारों पर उकेरी गई हैं.यह दक्षिण के एंट्री गेट के बाईं ओर डांस करते हुए गणेश की प्रतिमा से शुरू होती है और उत्तरी प्रवेश द्वार के दाईं ओर गणेश की एक अलग प्रतिमा के साथ खत्म होती है. इस पूरे कलेक्शन में कम से कम 240 आकृतियां हैं. सबसे बारीक नक्काशी उन बीमों (सहतीरों) पर देखी जा सकती है जो दक्षिणी और पूर्वी एंट्री गेट पर बनी हैं.

दो बार मंदिर पर हुआ हमला

14वीं सदी की शुरुआत में होयसलेश्वर मंदिर पर दो बार दिल्ली सल्तनत ने हमला किया. साल 1311 में अलाउद्दीन खिलजी के खास मलिक कफूर की अगुआई में यहां जमकर लूटपाट की गई और उन्होंने कीमती चीजें चुराकर यहां खूब तोड़फोड़ की. इसके बाद 1326-1327 के बीच मोहम्मद बिन तुगलक ने दक्कन अभियान के दौरान यहां हमला किया और इस शहर और मंदिर को जमकर नुकसान पहुंचाया. इसके बाद दशकों तक यह वीरान पड़ा रहा.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Rachit Kumar

Rachit Kumar

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More